भारत के पूर्व तेज गेंदबाज इरफान पठान को हाल के दिनों में सोशल मीडिया पर काफी आलोचनाओं का सामना करना पड़ा है। पहले इजरायल-फिलिस्तीन मामले में बोलने पर और फिर पत्नी सफा बेग की तस्वीर को शेयर करने से पहले ब्लर करने पर उनकी आलोचना हुई है। अब सफा ने मामले में पठान का बचाव किया है। उन्होंने कहा कि फोटो को उन्होंने ही ब्लर किया था। यह उनकी मर्जी से था और पति इरफान ने इसमें कुछ नहीं किया था।
सफा ने टाइम्स ऑफ इंडिया से बातचीत में कहा, ‘‘मैंने इमरान (बेटे) के लिए इंस्टाग्राम अकाउंट बनाया है। मैं वहां इसलिए कुछ भी पोस्ट करती हूं ताकि जब वह बड़ा हो तो खूबसूरत पुरानी चीजों को देख सके। उसके अकाउंट को मैं चलाती हूं और उस खास तस्वीर को मैंने अपनी मर्जी से ब्लर किया था। वह मेरा निर्णय था। इरफान ने इसके साथ कुछ भी नहीं किया था। मैं नहीं सोची थी कि एक तस्वीर फालतू के विवाद को पैदा कर देगी। मैं एक बहुत ही निजी व्यक्ति हूं और मुझे कभी भी आकर्षण का केंद्र बनना पसंद नहीं है।’’
सफा ने इसके आगे कहा, ‘‘यह 2021 है। दूसरे विचार के लोगों को स्वीकार करने की जरूरत है। चाहे वह कपड़े पहनना हो या किसी का चेहरा न दिखाना, हर किसी को चुनाव करने का अधिकार है। साइबर धमकी देना अस्वीकार्य है।’’ इससे पहले पठान ने ट्विटर पर आलोचकों को करारा जवाब दिया था। उन्होंने कहा था, ‘‘यह तस्वीर मेरी पत्नीने मेरे बेटे के अकाउंट से पोस्ट की है। इसके बाद हमारे बारे में बहुत नफरती बातें बोली जा रही हैं। उसने अपनी पसंद से इस तस्वीर को ब्लर किया है। मैं उनका साथी हूं मास्टर नहीं।’’
दरअसल, पठान ने जो तस्वीर शेयर की थी उसमें सफा के अलावा उनका बेटा इमरान भी था। इसमें साफ दिख रहा था कि सफा के चेहरे को ढकने के लिए एडिट करके मास्क लगाया गया है। इसके बाद लोग उनकी आलोचना करने लगे। लोगों ने उनका मजाक भी उड़ाया था पठान के बारे में कहा जाने लगा कि वे खुद का फोटो डालते हैं तो प्रगतिशील बनते हैं। लेकिन वे अभी भी ऐसे इंसान हैं जो महिलाओं के लिए पुराने नियमों को मानते हैं।