ईरानी ट्रॉफी में गुरुवार (2 अक्टूबर) को शेष भारत के ओपनर बल्लेबाज अभिमन्यु ईश्वरन ने बेहतरीन अर्धशतक जड़ा। वेस्टइंडीज के खिलाफ टेस्ट सीरीज में नहीं चुने गए ईश्वरन के पास बड़ी पारी खेलने का अच्छा मौका था, लेकिन वह अर्धशतक जड़ने के तुरंत बाद आउट हुए। शेष भारत की पहली पारी में 36वें ओवर में पार्थ रेखाड़े ने अभिमन्यु को पवेलियन भेजा।
विदर्भ की टीम दूसरे दिन 342 रन पर आउट हो गई। इसके बाद शेष भारत के लिए अभिमन्यु ईश्वरन और आर्यन जुयाल उतरे। जुयाल और ईश्वरन ने शेष भारत को अच्छी शुरुआत दिलाई। दोनों के बीच अर्धशतकीय साझेदारी हुई। जुयाल को दर्शन नलकंडे ने आउट करके शेष भारत को पहली सफलता दिलाई। उन्होंने 23 रन बनाए।
बड़ी पारी नहीं खेल पाए ईश्वरन
इसके बाद यश धुल क्रीज पर आए। उनके और ईश्वरन के बीच 21 रन की साझेदारी हुई। धुल को हर्ष दुबे ने पवेलियन भेजा। उन्होंने 11 रन बनाए। इसके बाद रजत पाटीदार बल्लेबाजी करने आए। उनके और ईश्वरन के बीच 32 रन की साझेदारी हुई। ईश्वरन जब आउट तब शेष भारत का स्कोर 3 विकेट पर 105 रन था।
अभिमन्यु ईश्वरन ने 52 रन बनाए
अभिमन्यु ईश्वरन ने 112 गेंद पर 6 चौके की मदद से 52 रन बनाए। इससे पहले उन्होंने इंडिया ए के लिए ऑस्ट्रेलिया ए के खिलाफ 44 रन बनाए थे। अभिमन्यु को इंग्लैंड दौरे पर भारतीय टीम में चुना गया था, लेकिन उन्हें पांच में से एक भी टेस्ट में मौका नहीं मिला। इससे पहले ऑस्ट्रेलिया दौरे पर भी खेलने को मौका नहीं मिला था। वेस्टइंडीज के खिलाफ टेस्ट में उन्हें स्क्वाड से बाहर कर दिया गया।
क्यों नहीं चुने गए ईश्वरन
भारतीय टीम के मुख्य चयनकर्ता अजीत अगरकर से प्रेस कॉन्फ्रेंस में सवाल हुआ था कि ईश्वरन क्यों नहीं चुने गए तो उन्होंने कहा कि केवल 15 खिलाड़ियों को चुना जा सकता था। विदेश में अतिरिक्त खिलाड़ियों की जरूरत होती है। भारत में जरूरत पड़ी तो अभिमन्यु को कभी भी बुलाया जा सकता है।