ऑस्ट्रेलिया के डेनियल सैम्स के लिए इस समय सोशल मीडिया पर फैंस दुआ कर रहे हैं। एक्स पर कई ऐसे पोस्ट हैं जिसमें फैंस यह उम्मीद कर रहे हैं कि सैम्स फिट हो। दरअसल आईपीएल में अनसोल्ड रहा यह खिलाड़ी इस समय बिग बैश लीग में खेल रहा है। यहां मैच के दौरान उनके साथ हादसा हो गया। सैम्स के साथ-साथ कैमरन बैनक्रॉफ्ट भी इस हादसे का शिकार हुए।
एक ही कैच लेने दौड़े दोनों खिलाड़ी
15वां ओवर लॉकी फर्ग्यूसन डाल रहे थे। उस समय क्रीज पर कोनोली थे। उन्होंने स्क्वार पर गेंद को खेला। गेंद को पकड़ने के लिए डैनियल सैम्स और कैमरन बैनक्रॉफ्ट दोनों दौड़ पड़े। दोनों ही खिलाड़ी गेंद की ओर देखकर भागे ऐसे में वह एक-दूसरे को नहीं देख पाए। जैसे ही वह करीब आए तो दोनों की बहुत तेज टक्कर हुई। सैम्स और बैनक्रॉफ्ट का सिर टकराए और बहुत तेजी से दोनों जमीन पर गिर गए।
जमीन पर गिरे खिलाड़ी
उनके गिरते हुए खिलाड़ी उनकी ओर दौड़े। टक्कर के बाद दोनों में से कोई भी खड़ा भी नहीं हो पाया। वह उसी तरह जमीन पर पड़े रहे। डॉक्टर की टीम भी फौरन उनके पास पहुंची हालांकि दोनों कुछ बोल भी नहीं रहे थे। स्थिति को गंभीर होता देख स्ट्रेचर मंगाए गए। खिलाड़ियो को मैदान से बाहर ले जाया गया। सैम्स स्ट्रेचर पर बाहर गए जबकि बैनक्रॉफ्ट की नाक से खून निकलता नजर आया।
12 मिनट तक रुका रहा मैच
इस दौरान मैच 12 मिनट के लिए रुका रहा। इसके बाद दोनों खिलाड़ियों के लिए सब्सटिट्यूट फील्डर लगाए गए। कुछ समय बाद मैच दौरान ही बताया गया कि दोनों खिलाड़ी होश में है। साथ ही वह बात भी कर रहे हैं। इस खबर ने टीम का हौंसला भी बढ़ाया।