IPL 2021 RCB  Vs MI Playing 11: आईपीएल 2021 (Indian Premier League) का 39वां मुकाबला आज मुंबई इंडियंस और रॉयल चैलेंजर्स बैंगलोर के बीच खेला गया। आरसीबी ने मुंबई इंडियंस को 54 रनों से करारी शिकस्त दी।

मुंबई इंडियंस की टीम में आज हार्दिक पंड्या की वापसी हुई थी सौरभ तिवारी की जगह। वहीं आरसीबी ने तीन बदलाव किए थे। आरसीबी की टीम में आज काइल जैमीसन को वानिंदु हसरंगा की जगह, शाहबाज अहमद को नवदीप सैनी की जगह और डैनियल क्रिस्टियन को टिम डेविड की जगह मौका मिला था।

RCB Vs MI IPL 2021: आरसीबी ने मुंबई इंडियंस को 54 रनों से दी मात, हर्षल पटेल ने ली शानदार हैट्रिक

इस हार के बाद मुंबई इंडियंस पॉइंट्स टेबल में सातवें स्थान पर पहुंच गई है। वहीं 10 मैच में छठी जीत दर्ज कर आरसीबी 12 अंकों के साथ तीसरे स्थान पर है। रोहित शर्मा की टीम की इस सीजन में 10 मैचों में से ये छठी हार थी।

आज के मुकाबले में ये थी दोनों टीमों की प्लेइंग 11

मुंबई इंडियंस: रोहित शर्मा (कप्तान), क्विंटन डीकॉक (विकेटकीपर), सूर्यकुमार यादव, इशान किशन, हार्दिक पंड्या, कीरोन पोलार्ड, क्रुणाल पंड्या, एडम मिल्ने, राहुल चाहर, जसप्रीत बुमराह, ट्रेंट बोल्ट।

रॉयल चैलेंजर्स बैंगलोर: विराट कोहली (कप्तान), देवदत्त पडिक्कल, श्रीकर भारत (विकेटकीपर), ग्लेन मैक्सवेल, एबी डिविलियर्स, शाहबाज अहमद, डेनियल क्रिश्चियन, काइल जैमीसन, हर्षल पटेल, मोहम्मद सिराज, युजवेंद्र चहल।

Live Updates
19:15 (IST) 26 Sep 2021
MI ने टॉस जीतकर चुनी गेंदबाजी, हार्दिक पंड्या की हुई वापसी

मुंबई इंडियंस के कप्तान रोहित शर्मा ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी का फैसला लिया है। विराट कोहली की रॉयल चैलेंजर्स बैंगलोर पहले बल्लेबाजी करेगी। आज मुंबई इंडियंस की टीम में हार्दिक पंड्या की वापसी हुई है। उन्हें सौरभ तिवारी की जगह टीम में शामिल किया गया है।

18:35 (IST) 26 Sep 2021
पॉइंट्स टेबल में RCB तीसरे और MI छठे स्थान पर

दोनों ही टीमों का प्रदर्शन इस सीजन में कुछ खास नहीं रहा है। विराट कोहली की अगुआई वाली आरसीबी ने जहां 9 में से 5 मुकाबले जीते हैं तो रोहित शर्मा की मुंबई इंडियंस 9 में से सिर्फ 4 मुकाबले ही जीत पाई है। पॉइंट्स टेबल में आरसीबी तीसरे स्थान पर है और पांच बार की चैंपियन मुंबई इंडियंस छठे स्थान पर।

17:40 (IST) 26 Sep 2021
मुंबई इंडियंस के पक्ष में है रिकॉर्ड, RCB ने जीता पिछला मैच

हेड टू हेड रिकॉर्ड में रोहित शर्मा की मुंबई इंडियंस का पलड़ा भारी है। दोनों टीमें इससे पहले 28 बार आईपीएल में भिड़ चुकी हैं। मुंबई ने 17 बार जीत दर्ज की है तो विराट कोहली की टीम सिर्फ 11 बार ही जीत पाई है। लेकिन आईपीएल 2021 का पहला मुकाबला आपको याद होगा जहां आरसीबी ने रोमांचक मुकाबले में दो विकेट से जीत दर्ज की थी।

16:07 (IST) 26 Sep 2021
RCB भी कर सकती है दो बदवाल

आईपीएल 2021 के दूसरे चरण के दोनों मुकाबले हारने के बाद आज विराट कोहली वानिंदू हसरंगा की जगह उनके हमवतन दुश्मंथा चमीरा और नवदीप सैनी की जगह शाहबाज अहमद को मौका दे सकते हैं। हसरंगा और सैनी दोनों अपना बेस्ट देने में नाकामयाब रहे हैं।

15:47 (IST) 26 Sep 2021
29वीं बार MI और RCB का होगा सामना, हार्दिक पंड्या की हो सकती है वापसी

आईपीएल 2021 के 39वें मुकाबले में आज आमने-सामने हैं विराट कोहली की आरसीबी और रोहित शर्मा की मुंबई इंडियंस। आज 29वीं बार आईपीएल में दोनों टीमों का सामना होना। पिछले दो मुकाबले से बाहर रहे हार्दिक पंड्या की आज मुंबई इंडियंस की टीम में वापसी हो सकती है।