इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) 2022 के शुरू होने से पहले ही ऋषभ पंत की अगुआई वाली दिल्ली कैपिटल्स की मुश्किलें बढ़ गईं हैं। दक्षिण अफ्रीका के तेज गेंदबाज एनरिक नॉर्टजे का दिल्ली कैपिटल्स के शुरुआती मैचों में खेलना तय नहीं है। वह अप्रैल की शुरुआत में ही खेलने के लिए पूरी तरह फिट हो पाएंगे। पिछले कुछ दिनों से एनरिक नॉर्टजे के आईपीएल 2022 में खेलने को लेकर सस्पेंस है।

फ्रैंचाइजी के एक पदाधिकारी के हवाले से क्रिकबज ने 22 मार्च को लिखा कि एनरिक नॉर्टजे आईपीएल के 15वें सीजन में टीम के तीसरे मैच या उसके बाद के मुकाबलों में हिस्सा लेंगे। दिल्ली कैपिटल्स का तीसरा मुकाबला 7 अप्रैल 2022 को डीवाई पाटिल स्टेडियम में लखनऊ सुपर जायंट्स से होना है। नॉर्टजे पहले ही मुंबई पहुंच चुके हैं। वह पिछले कुछ दिनों से क्वारंटीन में हैं।

दिल्ली कैपिटल्स ने आईपीएल 2022 मेगा ऑक्शन से पहले एनरिक नॉर्टजे को 6.5 करोड़ रुपए में रिटेन किया था। टीम हालिया दिनों में वह दिल्ली कैपिटल्स के सबसे सफल पेसर्स में से एक हैं। हालाँकि नॉर्टजे चोट के कारण नवंबर 2021 से अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट से दूर हैं। एनरिक नॉर्टजे लंबे समय से लगातार कूल्हे की समस्या से जूझ रहे हैं। दिल्ली कैपिटल्स आईपीएल 2022 में अपने अभियान का आगाज 27 मार्च को मुंबई इंडियंस के खिलाफ मैच से करेगी।

एनरिक नॉर्टजे आईपीएल 2020 में सबसे ज्यादा विकेट लेने वालों की सूची में चौथे नंबर पर थे। उन्होंने 16 मैच में 22 विकेट लिए थे। शीर्ष पर उन्हीं के टीम साथी कगिसो रबाडा थे। उन्होंने 17 मैच में 30 विकेट लिए थे। नॉर्टजे ने आईपीएल में अब तक 24 मैच में 20.55 के औसत और 7.65 की इकॉनमी से 34 विकेट लिए हैं।

ये है आईपीएल 2022 के लिए दिल्ली कैपिटल्स की टीम

ऋषभ पंत (कप्तान), अक्षर पटेल, पृथ्वी शॉ, एनरिक नॉर्टजे, डेविड वॉर्नर, मिशेल मार्श, शार्दुल ठाकुर, मुस्तफिजुर रहमान, कुलदीप यादव, अश्विन हेब्बर, अभिषेक शर्मा, कमलेश नागरकोटी, केएस भरत, मनदीप सिंह, खलील अहमद, चेतन सकारिया, ललित यादव, रिपुल पटेल, यश ढुल, रोवमैन पॉवेल, प्रवीण दुबे, लुंगी एनगिडी, विक्की ओस्तवाल, सरफराज खान।