इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) 2020 के चौथे मैच में राजस्थान रॉयल्स के संजू सैमसन ने सिर्फ 19 गेंद पर अर्धशतक जड़ दिया। आईपीएल 2020 का यह सबसे तेज अर्धशतक है। यही नहीं, यह IPL में राजस्थान रॉयल्स की ओर से दूसरा सबसे तेज अर्धशतक भी है। इस मामले में जोस बटलर पहले नंबर पर हैं।

जोस बटलर ने आईपीएल 2019 में दिल्ली कैपिटल्स के खिलाफ मैच में 18 गेंद पर अर्धशतक बनाया था। राजस्थान रॉयल्स के लिए ओवैस शाह भी 19 गेंद में अर्धशतक लगा चुके हैं। पाकिस्तानी मूल के इंग्लिश क्रिकेटर ओवैस शाह ने 2012 में रॉयल चैलेंजर्स बंगलौर के खिलाफ 19 गेंद में अर्धशतक लगाया था। संजू सैमसन ने 6 छक्के और एक चौके की मदद से 19 गेंद में अपनी फिफ्टी पूरी की।

संजू सैमसन से पहले इस सीजन का सबसे तेज अर्धशतक मार्क्स स्टोइनिस के नाम था। ऑस्ट्रेलिया के स्टोइनिस ने दिल्ली कैपिटल्स के लिए खेलते हुए किंग्स इलेवन पंजाब के खिलाफ 20 गेंद पर फिफ्टी लगाई थी। संजू सैमसन ने 6 चौके और एक चौके की मदद से 19 गेंद में अपनी फिफ्टी पूरी की। इस दौरान उनका स्ट्राइक रेट 231.25 का रहा। आईपीएल में संजू सैमसन अब तक 94 मैचों में 2282 रन बना चुके हैं।

इस मैच में एक समय ऐसा लग रहा था कि संजू सैमसन आईपीएल 2020 का पहला शतक बना सकते हैं। हालांकि, ऐसा नहीं हुआ। वह 32 गेंद पर 74 रन बनाकर आउट हो गए। उन्होंने अपनी पारी के दौरान 9 छक्के और एक चौका लगाया। संजू सैमसन को लुंगी एंगिडी की गेंद पर डीप कवर पर दीपक चाहर ने लपका।