IPL 2019: आईपीएल के 12वें सीजन में रविवार को चेन्नई सुपर किंग्स ने कप्तान महेंद्र सिंह धोनी की बदौलत राजस्थान रॉयल्स को 8 रन से हरा दिया। इस सीजन चेन्नई की ये लगातार तीसरी जीत है। चेन्नई की इस जीत में सबसे बड़ा योगदान कप्तान महेंद्र सिंह धोनी का रहा, जिन्होंने 46 गेंदों में 4 चौके और 4 छक्के की मदद से नाबाद 75 रन की पारी खेली। आईपीएल में धोनी का ये दूसरा सर्वश्रेष्ठ स्कोर है।
कप्तान धोनी ने ये नाबाद पारी ऐसे अहम समय में खेली जब सीएसके के 3 विकेट महज 27 रन पर गिर चुके थे। इस मैच में धोनी ने सुरेश रैना के साथ मिलकर 53 रनों की अहम साझेदारी कर पारी को संभाला। यही नहीं धोनी ने 20वें ओवर की आखिरी 3 गेंदों पर लगातार 3 छक्के जड़ सीएसके का स्कोर 175 रनों तक पहुंचाया।
जयदेव उनदकट के इस आखिरी ओवर में कुल 4 छक्के लगे और धोनी-जडेजा ने मिलकर कुल 28 रन बटोरे। आईपीएल 2019 का ये सबसे महंगा ओवर साबित हुआ, जिसमें 19 रन सिर्फ धोनी के बल्ले से निकले। वैसे तो आखिरी ओवरों में धोनी का बल्ला आग उगलता है लेकिन आप ये जानकर हैरान रह जाएंगे कि आईपीएल के इतिहास में पारी के आखिरी ओवर में धोनी के बल्ले से 239.52 के स्ट्राइक रेट से रन निकले हैं, जो काफी चौंकाने वाला है।
गौरतलब है कि एमएस धोनी ने 178 मैचों की 160 पारियों में 4123 रन बनाए हैं, जिसमें से 12.2 प्रतिशत रन यानी की कुल 503 रन उन्होंने पारी के आखिरी ओवर में बनाए हैं। धोनी ने आईपीएल में पारी के आखिरी ओवर में कुल 503 रन बनाए हैं। इस दौरान उनके बल्ले से 36 चौके और 41 छक्के हैं। ये आंकड़े बताते हैं कि आज भी धोनी दुनिया के बेस्ट फिनिशर हैं।

