अमेरिकी संस्था गोल्डमैन सैश के सर्वे के अनुसार रियो ओलिंपिक में भारत एक गोल्ड समेत कुल आठ पदक जीत सकता है। सोमवार को जारी की गई सर्वे रिपोर्ट के अनुसार रियो ओलंपिक 2016 में अमेरिका और चीन के सबसे ज्यादा गोल्ड मेडल जीतने वाले देश रहेंगे। रियो ओलंपिक शुक्रवार को ब्राजिल के रियो डि जेनेरो में शुरू हो रहे हैं। सर्वे के अनुसार अमेरिकी खिलाड़ी लंदन ओलंपिक से एक कम 45 गोल्ड मेडलों के साथ पदक की दौड़ में सबसे आगे रहेंगे। सर्वे के अनुसार रियो ओलंपिक में चीन लंदन ओलंपिक की तुलना में दो कम 36 गोल्ड मेडल जीतेगा। वहीं ब्रिटेन पदक
तालिका में रूस को तीसरे स्थान पर धकेल देगा।
गोल्डमैन सैश के अनुसार जो देश आर्थिक रूप से जितना सफल है उसका ओलंपिक में प्रदर्शन उतना अच्छा रहेगा। संस्था ने अपने बयान में कहा, “विश्व स्तरीय माहौल में ही विश्व स्तरीय खिलाड़ी तैयार होने की ज्यादा संभावना होती हैं।” सर्वे के अनुसार 2012 में हुए लंदन ओलंपिक का आयोजक ब्रिटेन 23 गोल्ड मेडल जीतेगा। ब्रिटेन ने लंदन ओलंपिक में 27 गोल्ड मेडल जीते थे। सर्वे की मानें तो ब्रिटेन रूस से एक ज्यादा 59 पदक जीतेगा। डोपिंग विवाद से घिरा रूस 14 गोल्ड मेडल जीतेग। रूस ने लंदन ओलंपिक में 26 गोल्ड मेडल जीते थे। गोल्डमैन सैश के अनुसार ओलंपिक का आयोजक देश ब्राजील शीर्ष 10 पदक विजेता देशों में जगह नहीं बना सकेगा।
20 करोड़ की आबादी वाला ब्राजील दुनिया का पांचवा बड़ा देश और विश्व की सातवीं सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था है। ब्राजील ने रियो ओलंपिक में काफी निवेश किया था लेकिन इस सर्वे के अनुसार शीर्ष 10 देशों में आने का उसका लक्ष्य रियो ओलंपिक में पूरा नहीं होता दिख रहा। गोल्ड मेडल के मामले में ब्राजील को जमैका के साथ रखा गया है। जमैका दुनिया की 131वीं बड़ी अर्थव्यवस्था है। सर्वे के अनुसार ब्राजील पदक तालिका में 11वें स्थान पर रहेगा। उसे कुल 22 मेडल मिलेंगे।
Read More: युनाइटेड विश्व कुश्ती ने भी दी नरसिंह को रियो जाने की इजाजत
