India vs Sri Lanka 1st Test: भारत और श्रीलंका के बीच शुक्रवार से दो मैचों की टेस्ट सीरीज का आगाज हो गया है। पहला टेस्ट मैच मोहाली के पीसीए स्टेडियम में खेला जा रहा है। पहले दिन का खेल खत्म हो चुका है। पहले दिन भारतीय टीम ने 85 ओवर में 6 विकेट पर 357 रन बनाए।

पहले दिन ऋषभ पंत हाइएस्ट स्कोरर रहे। वह 96 रन बनाकर आउट हुए। हनुमा विहारी ने 58, जबकि अपना 100वां टेस्ट खेल रहे विराट कोहली ने 45 रन बनाए। दिन का खेल खत्म होने पर रविंद्र जडेजा 45 जबकि रविचंद्रन अश्विन 10 रन बनाकर खेल रहे थे। श्रीलंका की तरफ से लसिथ एंबुलदेनिया ने दो विकेट चटकाए।

ऋषभ पंत टेस्ट क्रिकेट में 5वीं बार नर्वस नाइनटीज का शिकार हुए हैं। यदि हम सिर्फ विकेटकीपर्स की बात करें तो सिर्फ एमएस धोनी ही उनसे ज्यादा बार नर्वस नाइनटीज का शिकार हुए हैं। यह 14वीं बार है, जब टेस्ट मैच के पहले दिन भारत ने 350 से ज्यादा रन का स्कोर किया है। खास यह है कि टीम इंडिया ने श्रीलंका के खिलाफ छठी बार ऐसा कारनामा किया है।

भारतीय टीम के लिए यह ऐतिहासिक टेस्ट मैच है। पूर्व कप्तान विराट कोहली का यह 100वां टेस्ट मैच है। रोहित शर्मा की कप्तानी में भारत पहली बार टेस्ट मैच खेलने उतरा है। इससे पहले रोहित शर्मा ने टॉस जीतकर बल्लेबाजी का फैसला किया।

भारत ने पहले सत्र में लंच तक 2 विकेट पर 109 रन बनाए थे। ओपनर रोहित 29 और मयंक अग्रवाल 33 रन बनाकर पवेलियन लौटे थे। मेहमानों के लिए भी यह खास टेस्ट मैच है, क्योंकि यह उनका 300वां इंटरनेशनल टेस्ट मैच है।

Match Ended

Sri Lanka in India, 2 Test Series, 2022

India 
574/8 dec (129.2)

vs

Sri Lanka  
174(65.0)& 178(60.0)

Match Ended ( Day 3 – 1st Test )
India beat Sri Lanka by an innings and 222 runs

Live Updates

IND vs SL 1st Test: रोहित शर्मा का बतौर कप्तान पहला और विराट कोहली का 100वां इंटरनेशनल टेस्ट मैच, श्रीलंका का भी 300वां टेस्ट।

17:09 (IST) 4 Mar 2022
IND vs SL 1st Test: उतार-चढ़ाव भरा रहा पहला दिन

भारत और श्रीलंका के बीच पहले टेस्ट का पहला दिन उतार-चढ़ाव भरा रहा। पहला सेशन में भारत ने अपने नाम किया। दूसरे सेशन में श्रीलंका ने वापसी की। तीसरे सेशन में ऋषभ पंत नाम की आंधी श्रीलंका को अपने साथ उड़ाकर ले गई। पहले पंत ने श्रेयस अय्यर के साथ अर्धशतकीय साझेदारी निभाई और फिर रविंद्र जडेजा के साथ 104 रन जोड़े। पंत नेने शुरुआत में समय लिया और सेट होने के बाद श्रीलंकाई गेंदबाजी को तहस-नहस किया। हालांकि, दूसरी नई गेंद के खिलाफ पंत आउट हो गए। वह शतक बनाने से केवल चार रन दूर रह गए। एक छोर पर जडेजा सेट हैं। श्रीलंका के लिए शनिवार का दिन मैदान पर लंबा दिन हो सकता है।

16:46 (IST) 4 Mar 2022
IND vs SL 1st Test: पंत पूरा नहीं कर पाए शतक

ऋषभ पंत महज 4 रन से अपने शतक से चूक गए। उन्हें 96 रन के निजी स्कोर पर सुरंगा लकमल ने 81वें ओवर की पांचवीं गेंद पर बोल्ड कर दिया। पंत 97 गेंद में 96 रन बनाकर आउट हुए। पंत ने 75 गेंद में अपना पचासा पूरा किया था। आखिरी के 46 रन उन्होंने सिर्फ 22 गेंद में बनाए। उन्होंने अपनी पारी के दौरान 9 चौके और 4 छक्के लगाए। पंत की जगह रविचंद्रन अश्विन क्रीज पर आए।

16:16 (IST) 4 Mar 2022
IND vs SL 1st Test: पंत ने चौका जड़ पूरी की फिफ्टी

ऋषभ पंत ने ड्रिंक्स के बाद 74वें ओवर में अपनी फिफ्टी पूरी की। उन्होंने लसिथ एमबुलदेनिया की तीसरी गेंद पर चौका जड़कर अपना पचासा पूरा किया। ऋषभ पंत ने इसके बाद तेज हाथ दिखाए। उन्होंने 77वें ओवर में 2 छ्क्के और 2 चौके लगाए। एमबुलदेनिया के उस ओवर में उन्होंने 22 रन बटोरे।

15:54 (IST) 4 Mar 2022
IND vs SL 1st Test: भारत ने 72 ओवर में बनाए 266 रन, गंवाए 5 विकेट

72 ओवर का खेल हो चुका है। भारत का स्कोर 5 विकेट पर 266 रन है। ऋषभ पंत 47 और रविंद्र जडेजा 18 रन बनाकर क्रीज पर हैं। दोनों के बीच 65 गेंद में 38 रन की साझेदारी हो चुकी है।

15:12 (IST) 4 Mar 2022
IND vs SL 1st Test: धनंजय की गेंद पर चकमा खा गए अय्यर

श्रीलंका की ओर से 61वां ओवर लाहिरु कुमारा लेकर आए। उनकी पहली गेंद पर पंत ने 2 रन लेकर श्रेयस अय्यर के साथ पांचवें विकेट के लिए 50 रन की साझेदारी पूरी की। हालांकि, इस जोड़ी को अगले ही ओवर में धनंजय डिसिल्वा ने तोड़ दिया। धनंजय की पहली ही गेंद पर श्रेयस अय्यर एलबीडब्ल्यू हुए। खास यह रहा कि इस गेंद पर श्रीलंकाई टीम ने अय्यर के कैच बिहाइंड की अपील की थी। अय्यर 48 गेंद में 27 रन बनाकर पवेलियन लौटे। उनकी जगह रविंद्र जडेजा क्रीज पर आए हैं।

14:48 (IST) 4 Mar 2022
IND vs SL 1st Test: अय्यर और पंत ने 63 गेंद में जोड़े 36 रन

चायकाल के बाद का खेल शुरू हो चुका है। टी ब्रेक के बाद दूसरा सुरंगा लकमल लेकर आए। उनकी तीसरी गेंद पर श्रेयस अय्यर ने एक रन लिया। इसके साथ ही भारत के 200 रन पूरे हो गए। अगली गेंद पर पंत ने चौका जड़ दिया और भारत के स्कोर को 200 के पार पहुंचा दिया। 57 ओवर के खेल के बाद भारत का स्कोर 4 विकेट पर 211 रन है। अय्यर ने 37 गेंद में 21 और पंत ने 32 गेंद में 17 रन बनाए हैं। दोनों के बीच 63 गेंद में 36 रन की साझेदारी हुई है।

14:18 (IST) 4 Mar 2022
IND vs SL 1st Test: पंत और अय्यर पर आई बड़ी जिम्मेदारी

श्रीलंका के खिलाफ पहले टेस्ट मैच के पहले दिन चायकाल तक खेल हो चुका है। चायकाल के समय भारत का स्कोर 4 विकेट पर 199 रन है। ऋषभ पंत और श्रेयस अय्यर क्रीज पर हैं। पंत ने 20 गेंद में 12 और अय्यर ने 25 गेंद में 14 रन बनाए हैं। दोनों के बीच पांचवें विकेट के लिए 39 गेंद में 24 रन की साझेदारी हो चुकी है। हालांकि, भारत को मजबूत स्थिति में पहुंचाने के लिए दोनों को लंबे समय तक क्रीज पर समय बिताना पड़ेगा।

13:45 (IST) 4 Mar 2022
IND vs SL 1st Test: हनुमा विहारी 58 रन पर आउट, भारत को लगा चौथा झटका

170 पर विराट कोहली फिर 175 पर हनुमा विहारी, 5 रन के अंतर पर भारत ने दो सेट बल्लेबाजों का विकेट गंवा दिया है। विश्वा फर्नांडो ने हनुमा विहारी को 58 रनों पर वापस पवेलियन भेजा। इससे पहले लसिथ एम्बुलडेनिया ने विराट कोहली को 45 रनों पर आउट किया था।

13:28 (IST) 4 Mar 2022
IND vs SL 1st Test: भारत का तीसरा विकेट गिरा, विराट कोहली 45 पर आउट

विराट कोहली अपने 100वें टेस्ट मैच की पहली पारी में 45 रन बनाकर लसिथ एम्बुलडेनिया की गेंद पर चमका खा गए और क्लीन बोल्ड हो गए। उम्मीदें थीं कि विराट आज 71वें शतक का इंतजार खत्म कर सकते हैं लेकिन ऐसा नहीं हुआ। उन्होंने तीसरे विकेट के लिए हनुमा विहारी के साथ 90 रनों की साझेदारी की।

13:08 (IST) 4 Mar 2022
IND vs SL 1st Test: विराट कोहली के 8000 टेस्ट रन पूरे

विराट कोहली ने श्रीलंका के खिलाफ मोहाली टेस्ट की पहली पारी में 38 रन बनाते ही अपने 8 हजार टेस्ट रन पूरे कर लिए हैं। उन्होंने अपने 100वें टेस्ट मैच में यह उपलब्धि हासिल की। उन्होंने 169 पारियों में यह उपलब्धि हासिल की। साथ ही 100वें टेस्ट में वह ऐसा करने वाले रिकी पॉन्टिंग के बाद दुनिया के दूसरे बल्लेबाज बने हैं।

12:56 (IST) 4 Mar 2022
IND vs SL 1st Test: हनुमा विहारी ने लगाई फिफ्टी, भारत के 150 रन पूरे

भारतीय टीम ने 37 ओवर में 150 रन पूरे कर लिए हैं। आज तीसरे स्थान पर पहली बार बल्लेबाजी करने उतरे हनुमा विहारी ने अपना पांचवां टेस्ट अर्धशतक पूरा किया। उनके साथ क्रीज पर मौजूद हैं अपना 100वां टेस्ट मैच खेल रहे विराट कोहली। दोनों ने अभी तक तीसरे विकेट के लिए 70 रन जोड़ लिए हैं।

12:32 (IST) 4 Mar 2022
IND vs SL 1st Test: विहारी-कोहली ने की अर्धशतकीय साझेदारी

31 ओवर में भारत का स्कोर मोहाली टेस्ट की पहली पारी में 133 हो गया है। हनुमा विहार और विराट कोहली क्रीज पर मौजूद हैं। दोनों ने तीसरे विकेट के लिए अर्धशतकीय साझेदारी भी पूरी कर ली है। इससे पहले ओपनर्स रोहित शर्मा और मयंक अग्रवाल ने पहले विकेट के लिए 52 रन जोड़े थे।

12:17 (IST) 4 Mar 2022
IND vs SL 1st Test: लंच के बाद का खेल जारी, कोहली और विहारी क्रीज पर

भारतीय टीम ने लंच तक 2 विकेट पर 109 रन बनाए थे और अब लंच के बाद दूसरे सत्र का खेल शुरू हो चुका है। हनुमा विहारी ने चौके के साथ सेशन की शुरुआत की थी। उनके साथ क्रीज पर मौजूद हैं अपना 100वां मैच खेल रहे विराट कोहली।

11:24 (IST) 4 Mar 2022
IND vs SL 1st Test: भारत का स्कोर 23वें ओवर में 100 पार

भारतीय टीम की रनों के लिहाज से टॉस जीतकर अच्छी शुरुआत हुई है। 23वें ओवर में भारत का स्कोर 100 पार भी पहुंचा। विराट कोहली और हनुमा विहारी अभी क्रीज पर मौजूद हैं। हांलाकि, दोनों भारतीय ओपनर वापस पवेलियन लौट चुके हैं लेकिन दोनों ने पहले विकेट के लिए 52 रन जोड़े थे। रोहित शर्मा ने 29 और मयंक अग्रवाल ने 33 रन बनाए थे।

11:08 (IST) 4 Mar 2022
IND vs SL 1st Test: 100वें टेस्ट मैच में बल्लेबाजी करने उतरे विराट, भारत को दूसरा झटका

भारतीय टीम को 80 रनों पर दूसरा झटका लगा। सलामी बल्लेबाज मयंक अग्रवाल 49 गेंदों पर 33 रन बनाकर पवेलियन लौटे। लसिथ एम्बुलडेनिया ने श्रीलंका को दूसरी सफलता दिलाई। अब विराट कोहली अपने 100वें टेस्ट मैच में बल्लेबाजी के लिए उतरे हैं। इससे पहले कप्तान रोहित शर्मा 29 रनों पर लहिरु कुमारा का शिकार बने थे।

10:50 (IST) 4 Mar 2022
IND vs SL 1st Test: 15 ओवर में भारत ने बनाए 1 विकेट पर 75 रन

भारतीय टीम ने पहले घंटे में कप्तान रोहित शर्मा का विकेट जरूर गंवाया लेकिन रन रेट अभी भी भारत का 5 का है। 15 ओवर में भारत ने एक विकेट पर 75 रन बना लिए हैं। हनुमा विहारी ने आज चेतेश्वर पुजारा की जगह ली है और तीसरे नंबर पर बल्लेबाजी करने उतरे। साथ ही मयंक अग्रवाल भी अच्छी बल्लेबाजी कर रहे हैं और 30 से अधिकर रनों पर नाबाद हैं।

10:24 (IST) 4 Mar 2022
IND vs SL 1st Test: रोहित शर्मा आउट, लहिरु कुमारा ने दिया भारत को पहला झटका

भारतीय पारी अच्छी चल रही थी रन रेट भी अच्छा था। इसी बीच पारी के 10वें ओवर में 50 रन के पार टीम का स्कोर था और रोहित शर्मा 29 रन बनाकर पुल शॉट खेलते हुए आउट हो गए। लहिरु कुमारा ने भारत को 52 रनों पर पहला झटका दिया। रोहित ने 28 गेंदों पर तेज तर्रार 29 रन बनाए। मयंक अग्रवाल 21 रन बनाकर क्रीज पर मौजूद हैं।

10:03 (IST) 4 Mar 2022
IND vs SL 1st Test: भारत के लिए पहला आधा घंटा अच्छा

भारतीय कप्तान रोहित शर्मा ने टॉस जीतकर मोहाली टेस्ट में पहले बल्लेबाजी का फैसला लिया। मयंक अग्रवाल ने ओपनिंग में कप्तान का बखूबी साथ निभाया और दोनों ने पहले आधे घंटे में भारत को सधी हुई शुरुआत दी। भारतीय टीम का स्कोर पहले 6 ओवर के बाद बिना किसी विकेट के नुकसान पर 28 तक पहुंचा।

09:50 (IST) 4 Mar 2022
IND vs SL 1st Test: एक ओवर में लगे तीन चौके

पहले तीन ओवर में सटीक गेंदबाजी करने के बाद श्रीलंका की लय चौथे ओवर में बिगड़ती नजर आई। अपने दूसरे ओवर में विश्वा फर्नांडो ने 13 रन दिए। इस ओवर में मयंक अग्रवाल ने लगातार दो चौके जड़े। इसके बाद 5वीं गेंद पर रोहित शर्मा ने ओवर का तीसरा चौका जड़ा।

09:37 (IST) 4 Mar 2022
IND vs SL 1st Test: भारतीय पारी की मेडन ओवर से शुरुआत

भारतीय पारी की शुरुआत मेडन ओवर से हुई है। कप्तान रोहित शर्मा के साथ मयंक अग्रवाल आज ओपनिंग पर उतरे। पहले ओवर में सुरंगा लकमल का सामना किया मयंक ने। सभी 6 गेंदें लकमल ने सटीक जगह डालीं और भारतीय बल्लेबाज को एक भी रन नहीं बनाने दिया।

09:31 (IST) 4 Mar 2022
रोहित शर्मा भारत के दूसरे सबसे उम्रदराज टेस्ट कप्तान

रोहित शर्मा (34 साल 308 दिन) भारत के दूसरे सबसे उम्रदराज टेस्ट कप्तान पिछले 60 सालों में। अनिल कुंबले 37 साल 36 दिन की उम्र में भारत के टेस्ट कप्तान बने थे। साथ ही 2012 के बाद यह पहला मौका है जब भारत चेतेश्वर पुजारा के बिना घरेलू टेस्ट खेल रहा है।

09:27 (IST) 4 Mar 2022
विराट कोहली 100वां टेस्ट खेलने वाले 12वें भारतीय क्रिकेटर

भारतीय क्रिकेटरों में 33 साल के विराट कोहली से पहले सुनील गावस्कर, दिलीप वेंगसरकर, कपिल देव, सचिन तेंदुलकर, अनिल कुंबले, राहुल द्रविड़, वीवीएस लक्ष्मण, वीरेंद्र सहवाग, सौरव गांगुली, हरभजन सिंह और इशांत शर्मा 100 टेस्ट खेलने की उपलब्धि हासिल कर चुके हैं।

09:25 (IST) 4 Mar 2022
रोहित शर्मा भारत के 35वें टेस्ट कप्तान

रोहित शर्मा को विराट कोहली के बाद भारत का नियमित टेस्ट कप्तान बनाया गया है। मोहाली में वह बतौर टेस्ट कप्तान वह पहली बारत भारत के लिए उतरे हैं। वह भारत के 35वें टेस्ट कप्तान हैं। इससे पहले वनडे और टी20 में भी वह भारत के नियमित कप्तान बनाए गए थे।

09:13 (IST) 4 Mar 2022
IND vs SL 1st Test: यह है श्रीलंका की प्लेइंग 11

दिमुथ करुणारत्ने (कप्तान), लहिरु थिरिमाने, पथुम निसंका, एंजेलो मैथ्यूज, धनंजय डी सिल्वा, चरिथ असालंका, निरोशन डिकवेला (विकेटकीपर), लहिरु कुमारा, सुरंगा लकमल, लसिथ एंबुलडेनिया, विश्वा फर्नांडो।

09:09 (IST) 4 Mar 2022
IND vs SL 1st Test: गिल और सिराज हुए बाहर, ये है भारत की प्लेइंग 11

रोहित शर्मा (कप्तान), मयंक अग्रवाल, विराट कोहली, श्रेयस अय्यर, हनुमा विहारी, ऋषभ पंत (विकेटकीपर), रवींद्र जडेजा, रविचंद्रन अश्विन, जयंत यादव, जसप्रीत बुमराह, मोहम्मद शमी।

09:04 (IST) 4 Mar 2022
IND vs SL 1st Test: भारत ने टॉस जीतकर चुनी बल्लेबाजी

भारतीय कप्तान रोहित शर्मा ने अपने पहले टेस्ट में बतौर कप्तान टॉस जीतने से शुरुआत की है। हिटमैन ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी का फैसला लिया है। उन्होंने टॉस के दौरान विराट कोहली को उनके 100वें टेस्ट की शुभकामनाएं दीं।

IND vs SL 1st Test: भारतीय टीम ने मोहाली के पीसीए स्टेडियम में अभी तक कुल 13 टेस्ट मैच खेले हैं और सिर्फ एक बार टीम को हार का सामना करना पड़ा है। वहीं मेहमान श्रीलंका भारत में कुल 20 टेस्ट मैच खेल चुकी है और एक बार भी जीत का स्वाद नहीं चख पाई है। दो साल पहले श्रीलंका ने साउथ अफ्रीका को उसी के घर में 2-0 से मात दी थी। वहीं टीम इंडिया हाल ही में साउथ अफ्रीका से हारकर लौटी थी। ऐसे में भारतीय टीम इस श्रीलंकाई टीम को हल्के में लेने की गलती नहीं करेगी। मौजूदा वर्ल्ड टेस्ट चैंपियनशिप की पॉइंट्स टेबल में भी श्रीलंका टॉप पर है और भारत 5वें स्थान पर।