Hockey World Cup 2018 Ind vs SA: भारतीय हॉकी टीम ने विश्व कप का शानदार आगाज करते हुए बुधवार (28 नवंबर) को कलिंगा स्टेडियम में ग्रुप-सी के अपने पहले मैच में दक्षिण अफ्रीका को 5-0 से करारी शिकस्त दी। भारत के लिए इस मुकाबले में मिडफील्डर सिमरनजीत सिंह ने दो गोल किए। आकाशदीप सिंह, मंदीप सिंह और ललित उपाध्याय ने एक-एक गोल दागा।

मैच का पहला हाफ पूरी तरह से भारत के नाम रहा। मेजबान टीम ने 66 प्रतिशत बॉल पजेशन रखने के साथ ही शुरू से अटैक करने पर विश्वास दिखाया और दक्षिण अफ्रीका के डिफेंस पर दबाव बनाया। मेजबान टीम पहले हाफ में 18 बार विपक्षी टीम के डी में दाखिल हुआ। युवा स्ट्राइकर मंदीप को तीसरे मिनट में ही डी के अंदर से गोल करने का मौका मिला लेकिन वह पोस्ट के सामने गेंद पर नियंत्रण बनाने में कामयाब नहीं हो पाए।

हालांकि, मंदीप ने 10वें मिनट में इसकी भारपाई की। भारत को पेनाल्टी कॉर्नर मिला और रिबाउंड पर मंदीप ने गोल करके मेजबान टीम को 1-0 से आगे कर दिया। इसके दो मिनट बाद, फारवर्ड खिलाड़ी आकाशदीप ने भारत की बढ़त को दोगुना कर दिया। उन्होंने गोलपोस्ट के दाईं आरे से गेंद को गोल में डाला।

मेहमान टीम ने दूसरे क्वार्टर अंतिम क्षणों में थोड़ा बेहतर खेल दिखाया। 24वें मिनट में दक्षिण अफ्रीका अपनी दाईं आरे से भारत की डी में दाखिल हुआ लेकिन गोलकीपर पी.आर श्रीजेश ने मेहमान टीम को गोल नहीं करने दिया।

तीसरे क्वार्टर में भारत ने एक बार फिर दो गोल दागे। 43वें मिनट में मंदीप ने डी में मौजूद सिमरनजीत को पास दिया, जिन्होंने गेंद को गोल में डालने में कोई गलती नहीं की। भारतीय खिलाड़ियों ने मैदान पर अपने शानदार पासिंग गेम खेलने का सिलसिला जारी रखा। तीसरा गोल होने के दो मिनट बाद, फारवर्ड खिलाड़ी ललित ने अकाशदीप के पास पर गोल किया और मेजबान टीम की बढ़त को 4-0 कर दिया।

दक्षिण अफ्रीका के लिए चौथे और अंतिम क्वार्टर की भी शुरुआत खराब रही। 46वें मिनट में भारत को पेनाल्टी कॉर्नर मिला। इस बार भी मेहमान टीम के गोलकीपर ने अच्छा बचाव किया लेकिन रिबाउंड पर सिमरनजीत मैच का अपना दूसरा और टीम का पांचवां गोल करने में कामयाब रहे। भारत का अगला ग्रुप मैच बेल्जियम से दो दिसम्बर को होगा।

Live Blog

India vs South Africa Hockey, Hockey World Cup 2018: 

Highlights

    20:48 (IST)28 Nov 2018
    भारत ने जीता मैच

    टीम इंडिया ने ये मैच 5-0 से अपने नाम कर लिया है।

    20:12 (IST)28 Nov 2018
    भारत ने दागा पांचवां गोल

    मैच के 14 मिनट शेष रहते भारत ने पांचवां गोल दाग दिया है। साउथ अफ्रीका फिलहाल कोई भी गोल नहीं दाग सका है।

    19:40 (IST)28 Nov 2018
    पहला हाफ समाप्त

    मैच के पहले हाफ तक भारत ने 2-0 से लीड बना रखी है। यहां से साउथ अफ्रीका काफी दबाव में दिख रहा है।

    19:19 (IST)28 Nov 2018
    भारत ने बनाई 2-0 से लीड

    मैच के 12वें मिनट आकाशदीप सिंह ने भी गोल दागकर भारत को 2-0 से लीड दिला दी है। यहां से साउथ अफ्रीका काफी दबाव में दिख रहा है।

    19:14 (IST)28 Nov 2018
    भारत ने दागा गोल

    टीम इंडिया ने मैच के 9वें मिनट पेनल्टी कॉर्नर के जरिए मैच का पहला गोल दाग लीड 1-0 से बना ली है।

    19:10 (IST)28 Nov 2018
    पहले 6 मिनट में नहीं कोई गोल

    मैच के पहले 6 मिनट तक कोई भी गोल देखने को नहीं मिल सका है। टीम इंडिया लगातार प्रयासरत है। बता दें कि सुल्तान ऑफ जोहोर कप में भी भारतीय टीम को हार मिली थी। फाइनल में उसे ब्रिटेन से 3-2 से हार का सामना करना पड़ा। इसके बाद एशियाई खेलों में उसके स्वर्ण पदक के लक्ष्य में भी निराशा हाथ लगी। उसे कांस्य पदक से संतोष करना पड़ा था। 

    19:03 (IST)28 Nov 2018
    मैच शुरू

    भारत-साउथ अफ्रीका के बीच मुकाबला शुरू हो चुका है। 

    19:02 (IST)28 Nov 2018
    एशियाई चैंपियंस ट्रॉफी के फाइनल तक पहुंचा था भारत

    हालांकि एशियाई चैम्पियंस ट्रॉफी में भारतीय टीम फाइनल तक पहुंची थी। चिर प्रतिद्वंद्वी पाकिस्तान के खिलाफ खिताबी मैच बारिश के कारण धुल गया और इससे दोनों टीमों को संयुक्त रूप से विजेता घोषित कर दिया गया।

    18:55 (IST)28 Nov 2018
    राष्ट्रमंडल खेलों में भारत लौट चुका खाली हाथ

    भारत के विश्व कप जीतने का लक्ष्य अधिकतम रूप से उसके इस साल दिए गए प्रदर्शन पर निर्भर करता है, जो खास फलदायी नहीं है। राष्ट्रमंडल खेलों से शुरुआत करें, तो भारत को खाली हाथ लौटना पड़ा था। कांस्य पदक के मैच में उसे इंग्लैंड से हार मिली थी।

    18:52 (IST)28 Nov 2018
    भारत केवल एक बार बन सका विजेता

    भारतीय टीम ने केवल एक बार इस खिताब को जीतने का गौरव प्राप्त किया है। भारत ने 1975 में पाकिस्तान को रोमांचक मुकाबले में 2-1 से हराकर विश्व कप जीता। इस मैच में सुरजीत और हॉकी के दिग्गज मेजर ध्यान चंद के बेटे अशोक कुमार ने गोल किया था।

    18:41 (IST)28 Nov 2018
    भारतीय टीम :

    गोलकीपर :- पी.आर.श्रीजेश, कृष्णन बहादुर पाठक

    डिफेंडर :- हरमनप्रीत सिंह, गुरिंदर सिंह, वरुण कुमार, कोथाजीत सिंह, सुरेंद्र कुमार, जर्मनप्रीत सिंह, हार्दिक सिंह

    मिडफील्डर :- मनप्रीत सिंह (कप्तान), सुमित, नीलकंठ शर्मा, ललित कुमार उपाध्याय, चिंग्लेसाना सिंह

    फॉरवर्ड :- आकाशदीप सिंह, गुरजंत सिंह, मनदीप सिंह और दिलप्रीत सिंह