भारतीय बल्लेबाज शुभमन गिल ने इंग्लैंड के खिलाफ रविवार को विशाखापत्तनम में अपने टेस्ट करियर का तीसरा शतक जमाया। टीम इंडिया के प्रिंस कहे जाने वाले गिल लंबे समय से बड़ी पारी नहीं खेल पाए थे लेकिन विशाखापत्तनम में फैंस का इंतजार का खत्म हो गया। गिल ने टेस्ट के तीसरे दिन 132 गेंदों में अपना शतक पूरा किया। शतक के बाद उनके चेहरे पर राहत दिखाई दे रही थी।

11 महीने बाद गिल के बल्ले से निकला शतक

गिल के बल्ले से पिछला शतक मार्च 2023 में निकला था। ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ अहमदाबाद में गिल ने 128 रनों की पारी खेली थी। इसके बाद से गिल अर्धशतक भी नहीं जमा पाए। पिछले 11 महीनों में गिल ने केवल 18.18 के औसत से रन बनाए जिसमें उनका बेस्ट स्कोर महज 36 था। गिल को इस शतक की अहमियत का अंदाजा था। गिल ने इस शतक के साथ टीम में अपनी जगह भी बचा ली है।

गिल की पारी 104 के स्कोर पर खत्म हुई। वह डेब्यू कर रहे शोएब बशीर का शिकार बने। गिल रिवर्स स्वीप की कोशिश कर रहे थे लेकिन गेंद उनके ग्लव्स पर लगी और विकेटकीपर बेन फोक्स को कैच दे बैठे। 147 गेंदों में 104 रन बनाकर गिल की पारी का अंत हुआ। इस पारी में गिल ने 11 चौके और दो छक्के लगाए।

शुभमन गिल के बल्ले से निकला शतक

गिल के अंतरराष्ट्रीय करियर का यह 10वां शतक है। 24 साल के इस खिलाड़ी ने वनडे में छह, टेस्ट में तीन और टी20 में एक शतक जमाया है। पिछले सात सालों में यह पहला मौका है जब किसी भारतीय ने तीसरे नंबर पर बल्लेबाजी करते हुए घर पर शतक जमाया है। इस शतक के साथ गिल ने उन दिग्गजों को भी जवाब दे दिया जो कि टीम में उनकी जगह पर सवाल उठा रहे थे। भारत के पूर्व हेड कोच रवि शास्त्री ने कहा था कि अगर गिल प्रदर्शन नहीं करते हैं तो दिग्गज खिलाड़ी चेतेश्वर पुजारा उनकी जगह ले सकते हैं।