IND vs ENG 4th Test: भारत और इंग्लैंड के बीच पांच मैच की सीरीज का चौथा टेस्ट लंदन के केनिंग्टन ओवल में खेला जा रहा है। पहले दिन यानी 2 सितंबर 2021 का खेल खत्म हो चुका है। पहले दिन का खेल खत्म होने के समय इंग्लैंड ने पहली पारी में 17 ओवर में 3 विकेट पर 53 रन बनाए थे। डेविड मलान 26 और क्रेग ओवर्टन 1 रन के निजी स्कोर पर नाबाद थे।
जसप्रीत बुमराह ने दोनों सलामी बल्लेबाजों रोरी बर्न्स और हसीब हमीद को एक ही ओवर में आउट किया। इसके बाद उमेश यादव ने फॉर्म में चल रहे जो रूट को पवेलियन भेजा। पहले दिन शुरुआती दो सेशन तक इंग्लैंड के गेंदबाज हावी रहे। तीसरे सेशन में भारत ने शार्दुल ठाकुर की बल्लेबाजी और जसप्रीत बुमराह-उमेश यादव की गेंदबाजी के दम पर वापसी की।
इससे पहले भारत की पहली पारी 191 रन पर ऑलआउट हुई। भारत की ओर से विराट कोहली और शार्दुल ठाकुर ने अर्धशतक लगाए। शार्दुल ने 31 गेंद में अपना दूसरा टेस्ट अर्धशतक पूरा किया। उन्होंने 36 गेंद में 57 रन बनाए। इस दौरान उन्होंने 7 चौके और 3 छक्के लगाए। विराट कोहली 50 रन बनाकर आउट हुए। इससे पहले इंग्लैंड के कप्तान जो रूट ने टॉस जीता और अपने भारतीय समकक्ष विराट कोहली को बल्लेबाजी का न्योता दिया।
जो रूट ब्रिगेड ओवल में 50 साल बाद भी भारत को इस मैदान पर जीत से दूर रखना चाहेगी। नॉटिंघम में खेला गया पहला टेस्ट बारिश के कारण बेनतीजा रहा था और इसके बाद लॉर्ड्स में भारत ने 151 रनों से शानदार जीत दर्ज की थी।
Ind vs Eng 4th Test Playing 11: अश्विन को नहीं मिला मौका, ये हैं दोनों टीमों की प्लेइंग 11
आपको बता दें कि इस मैदान पर भारतीय टीम ने आखिरी बार 1971 में जीत दर्ज की थी। भारतीय टीम ने इस मैदान पर पहला टेस्ट अगस्त 1936 में खेला था। तब से अब तक उसने इस मैदान पर 13 टेस्ट मैच खेले हैं।
India vs England 4th Test Day 1 Live Updates: यहां जानिए चौथे टेस्ट मैच से जुड़े अपडेट्स
इनमें से वह सिर्फ एक में जीत हासिल कर पाया है, जबकि पांच में उसे हार झेलनी पड़ी है। वहीं, 7 टेस्ट ड्रॉ पर छूटे हैं। भारतीय टीम ने इस मैदान पर आखिरी जीत अगस्त 1971 को हासिल की थी।
Pataudi Trophy, 2021
England
290(84.0)& 210(92.2)
India
191(61.3)& 466(148.2)
Match Ended ( Day 5 – 4th Test )
India beat England by 157 runs
ओवल टेस्ट मैच के पहले दिन का खेल समाप्त हुआ। पहले दिन चायकाल तक इंग्लैंड ने खेल पर दबदबा बनाया हुआ था, लेकिन उसके बाद शार्दुल ठाकुर की बल्लेबाजी ने पहले इंग्लैंड को परेशान किया। फिर जसप्रीत बुमराह ने डबल विकेट ओवर ने भारतीय गेंदबाजों ने वापसी के संकेत दे दिए। जो रूट फिर से लय में दिख रहे थे। उन्होंने डेविड मलान के साथ काफी बढ़िया साझेदारी की। हालांकि, जिस तरीके से उमेश ने उन्हें आउट किया वह काबिलेतारीफ था। अब दूसरे दिन का खेल देखने लायक होगा, क्योंकि मैच अब एकतरफा नतीजे की तरह नहीं भागेगा। इस बात को भी नहीं नकारा जा सकता है कि शुक्रवार का दिन भारत के दृष्टिकोण से काफी अहम होने वाला है। वह इंग्लैंड को जल्द से जल्द आउट करना चाहेगा। शुक्रवार को फिर मिलेंगे। तब तक के लिए शुभ रात्रि।
इस सीरीज के पिछले तीनों टेस्ट में भारत के लिए सिरदर्द बने जो रूट ओवल में कुछ खास नहीं कर पाए। वह 21 रन के निजी स्कोर पर 16वें ओवर की तीसरी गेंद पर बोल्ड हुए। उमेश यादव की गुडलेंथ गेंद, छठे स्टंप पर गिरने के बाद अंदर आई। रूट ने सीधे बल्ले से रोकने का प्रयास, गेंद ने बल्ले को बीट किया और विकेट पर जाकर लगी। उमेश की यह बहुत ही शानदार गेंद थी। इसके साथ ही उमेश की शानदार वापसी भी हुई। इंग्लैंड के कप्तान पवेलियन की तरफ लौटे। भारत के लिए यह काफी बड़ी विकेट है।
बुमराह ने एक ओवर में भारत को दो सफलताएं दिलाईं। चौथे ओवर की आखिरी गेंद पर उन्होंने दूसरे ओपनर को भी पवेलियन भेजा। उनकी ऑफ स्टंप के थोड़ा बाहर बैक ऑफ लेंथ गेंद थी। बढ़िया उछाल, कट करने गए हमीद, बाहरी किनारा लगा, और पंत ने उड़ते हुए गेंद को पकड़ा। गेंद पहले स्लिप की दिशा में जा रही थी। गजब को ओवर, भारतीय टीम की वापसी। विराट कोहली खुशी से झूम उठे।
इंग्लैंड को चौथे ओवर की दूसरी गेंद पर पहला झटका लगा। जसप्रीत बुमराह ने रोरी बर्न्स को बोल्ड कर दिया। बुमराह की गुडलेंथ गेंद ऑफ स्टंप पर गिरने के बाद कोण के सहारे बाहर निकली। रोरी ने सीधे बल्ले से पीछे जाकर रक्षात्मक शॉट का प्रयास किया, गेंद ने बल्ले का किनारा लिया और विकेट पर जाकर लगी। रोरी बर्न्स हताश-निराश होते हुए पवेलियन लौटे। बर्न्स ने 5 रन बनाए। उनकी जगह डेविड मलान क्रीज पर आए हैं।
भारत के आखिरी 3 विकेट 4 गेंद में गिरे। शार्दुल ठाकुर 61वें ओवर की आखिरी गेंद पर पवेलियन लौटे। वोक्स की यह गेंद पड़कर अंदर आती गुड लेंथ गेंद थी। शार्दुल ने मिडविकेट की ओर बल्ला चलाया, लेकिन इस बार शॉट मिस हुआ और गेंद पैड पर लगी। पगबाधा की बड़ी अपील हुई। अंपायर ने ठुकरा दी। इंग्लैंड ने रिव्यू लिया। इस बार उन्हें सफलता मिल गई। 62वां ओवर ओली रॉबिन्सन फेंकने आए। उनकी पहली ही गेंद पर जसप्रीत बुमराह रन आउट हो गए। बुमराह बिना गेंद खेले पवेलियन लौटे। उमेश ऑफ स्टंप से बाहर की लेंथ गेंद को पुल करना चाहते थे। गेंद ने उनके बल्ले का बाहरी किनारा लिया और दूसरे स्लिप के ऊपर से गई, स्लिप पर खड़े फील्डर ने छलांग लगाई, लेकिन कैच नहीं कर पाए। इस बीच दोनों बल्लेबाज रन के लिए दौड़ पड़े, तभी तीसरे स्लिप पर खड़े फील्डर ने थ्रो कर दिया और बुमराह रन आउट हो गए। इसी ओवर की तीसरी गेंद पर उमेश यादव कैच आउट हुए। उमेश ने फिर से स्लॉग के लिए गए बल्ला घुमाया था। गुड लेंथ और ऑफ स्टंप की लाइन की इस गेंद ने बल्ले का बाहरी किनारा लिया और विकेटकीपर बेयरस्टो ने एक हाथ से कैच लपक लिया। इसके साथ ही भारत को 200 के भीतर समेटने में इंग्लैंड कामयाब रहा।
क्रिस वोक्स ने अपने ही कप्तान का विकेट झटक लिया है। चौंकिए नहीं, वोक्स आईपीएल में दिल्ली कैपिटल्स का हिस्सा हैं और उस टीम की कमान ऋषभ पंत के हाथों में है। ऋषभ पंत 53वें ओवर की आखिरी गेंद पर 9 रन बनाकर आउट हुए। पंत इस गेंद को आगे बढ़कर मिड ऑफ के ऊपर से मारना चाहते थे, लेकिन मिड ऑफ पर खड़े मोईन अली थोड़ा पीछे खड़े थे। उन्होंने एक आसान सा कैच लपका। पंत जीवनदान का फायदा नहीं उठा पाए और फिर से खराब शॉट खेलकर आउट हुए। पंत आक्रामक शॉट के चक्कर में अपना कीमती विकेट गंवा बैठे। पंत की जगह उमेश यादव बल्लेबाजी के लिए आए।
दो सेशन यानी चायकाल तक का खेल हो चुका है। चायकाल के समय भारत का स्कोर 51 ओवर में 6 विकेट पर 122 रन है। ऋषभ पंत और शार्दुल ठाकुर 4-4 रन बनाकर नाबाद हैं। पहले दिन के दोनों सेशन इंग्लैंड के नाम रहे। पचास बनाने के बाद कोहली आउट हुए। उसके बाद रहाणे का खराब फॉर्म जारी रहा। प्रयोग के तौर पर रविंद्र जडेजा को ऊपर भेजा गया था लेकिन वह भी असफल रहे। चाय के बाद देखते हैं भारतीय बल्लेबाज क्या गुल खिलाते हैं।
आखिरकार जिसका डर था, वही हुआ। भारतीय क्रिकेट टीम लीड्स की राह पर चलती दिख रही है। हालांकि, ओवल में वह 100 रन का आंकड़ा पार कर चुकी है, जबकि लीड्स में पहली पारी में 78 रन पर ही सिमट गई थी। चौथे टेस्ट में अभी सिर्फ 43 ओवर्स का खेल हुआ है और उसकी आधी टीम पवेलियन लौट चुकी है। 43वें ओवर की पांचवीं गेंद पर विराट कोहली पांचवें बल्लेबाज के रूप में आउट हुए। ओली रॉबिन्सन की गेंद ने उनके बल्ले का बाहरी किनारा लिया और बेयरस्टो ने विकेट के पीछे कैच लपक लिया। रॉबिन्सन की यह बॉल गुडलेंथ पर गिरने के बाद अंदर आई। कोहली सीधे बल्ले से रोकने गए ओर बैट का किनारा लग गया। भारत के लिए यह काफी बड़ा झटका है।
विराट कोहली ने जेम्स एंडरसन की गेंद पर एक रन लेकर अपना अर्धशतक पूरा किया। उन्होंने 40वें ओवर की चौथी गेंद पर चौका जड़ा और अगली गेंद पर एक रन लेकर अपनी फिफ्टी पूरी की। उनका यह लगातार दूसरा अर्धशतक है। लीड्स की दूसरी पारी में भी उन्होंने अर्धशतक लगाया था।
रविंद्र जडेजा भी सस्ते में निपट गए। वह क्रिस वोक्स की गेंद पर जो रूट के हाथों लपके गए। उन्होंन 2 चौके की मदद से 10 रन बनाए। 30वें ओवर की आखिरी गेंद पर रूट ने गलती नहीं की। वोक्स की यह गुड लेंथ गेंद थी, जो चौथे स्टंप पर जा रही थी। यह जडेजा के शरीर के काफी करीब थी। वह इसलिए खेलने को मजबूर हुए। गेंद ने बल्ले का बाहरी हिस्सा चूमा और पहली स्लिप में खड़े कप्तान रूट के पास चली गई। कैच लपकने के बाद रूट के चेहरे पर मुस्कान थी। इससे पहले 28वें ओवर में कोहली को जीवनदान दे चुके थे रूट। वह भी क्रिस वोक्स का ही ओवर था। कहना गलत नहीं होगा कि वोक्स का कहर जारी है।
लंच के बाद का खेल शुरू हो चुका है। लंच के बाद क्रिस वोक्स ने पहला ओवर फेंका। उनके सामने थे कप्तान कोहली। वोक्स ने कोहली के लिए तीन स्लिप, एक गली और एक कवर पॉइंट लगाया था। कोहली ने वोक्स की तीसरी ही गेंद पर चौका जड़ दिया। कोहली ने ऑफ साइड के बाहर से खूबसूरत कवर ड्राइव लगाया और गेंद सीमा रेखा के बाहर चली गई।
टॉस हारने के बाद पहले बल्लेबाजी करने आई टीम इंडिया पहले आधे घंटे तक काफी सहज दिख रही थी, गेंद कांटा भी नहीं बदल रही थी और बहुत ही कम मूवमेंट था, आप लेंथ पर विश्वास जता कर गेंद को छोड़ सकते थे लेकिन उसके कुछ देर बाद पहले रोहित शर्मा को वोक्स ने पवेलियन भेजा और थोड़ी देर बाद राहुल भी चलते बने। पुजारा भी फिर से गेंद की मूवमेंट को फॉलो करते हुए कीपर को कैच थमा बैठे। कुल मिला कर जहां एक समय पर भारतीय बल्लेबाज सहज दिख रहे थे, वह काफी क्षणिक था और बाद में गेंद भी हरकत करने लगी थी। जडेजा एक परिवर्तन के तौर पर क्रीज पर आए हैं, लंच के बाद देखते हैं कि क्या होता है?
भारत के शुरुआती तीनों बल्लेबाज पवेलियन लौट चुके हैं। चेतेश्वर पुजारा 20वें ओवर की चौथी गेंद पर आउट हुए। जेम्स एंडरसन की इस गेंद ने उनके बल्ले का बाहरी किनारा छुआ और जॉनी बेयरस्टो ने उनका कैच लपकने में कोई गलती नहीं की। पुजारा ने एक चौके की मदद से 31 गेंद में 4 रन बनाए। एंडरसन की यह गेंद ऑफ स्टंप के थोड़ा बाहर थी। गेंद गिरने के बाद बाहर निकली। पुजारा ने मूवमेंट को फॉलो किया और रक्षात्मक शॉट खेलने की कोशिश की। लेकिन गेंद ने बल्ले को चूमा और कीपर के दस्तानों में चली गई। भारत का तीसरा विकेट गिरा, एंडरसन की शानदार गेंदबाजी जारी है।
भारतीय टीम रोहित शर्मा के आउट होने के बाद अभी संभल भी नहीं पाई थी कि केएल राहुल ने भी पवेलियन की राह पकड़ ली। 14वें ओवर की पांचवीं गेंद पर ओली रॉबिन्सन ने राहुल को एलबीडब्ल्यू कर दिया। रॉबिन्सन की यह बॉल मिडिल स्टंप पर लेंथ गेंद थी। यह राहुल के पैड पर लगी, अंपायर की अंगुली उठी। राहुल ने रिव्यू लिया। गेंद छठे स्टंप पर गिरने के बाद अंदर आई थी। राहुल ने सीधे बल्ले से रक्षात्मक शॉट खेलने की कोशिश की थी, लेकिन गेंद उनके घुटने के ऊपर लगी। पिचिंग- इन लाइन, विकेट्स- अंपायर कॉल। भारत का दूसरा विकेट गिरा, दोनों सलामी बल्लेबाज पवेलियन लौट चुके हैं। टीम इंडिया इस समय मुश्किल में है। राहुल 17 रन बनाकर आउट हुए। उनकी जगह विराट कोहली बल्लेबाजी के लिए आए।
इंडियन प्रीमियर लीग में दिल्ली कैपिटल्स का हिस्सा क्रिस वोक्स ने विराट कोहली की टीम इंडिया को तगड़ा झटका दिया है। वोक्स ने 9वें ओवर की आखिरी गेंद पर रोहित शर्मा को पवेलियन की राह दिखाई। वोक्स ने इस ओवर की चौथी गेंद, जो बाहर निकल रही थी, पर भी रोहित शर्मा को परेशान किया था। वोक्स की आखिरी गेंद भी बाहर निकली। गेंद में अतिरिक्त उछाल भी लिया। रोहित इस बैक ऑफ लेंत और ऑफ स्टंप से बाहर की गेंद को संभाल नहीं पाए। गेंद ने उनके बल्ले का बाहरी किनारा छुआ और विकेट के पीछे बेयरस्टो ने कैच लपकने में कोई गलती नहीं की। रोहित शर्मा 27 गेंद में एक चौके की मदद से 11 रन बनाकर आउट हुए। उनकी जगह चेतेश्वर पुजारा बल्लेबाजी के लिए आए।
केएल राहुल ने तीसरे ओवर की पहली गेंद पर चौका लगाकर अपना खाता खोला। उन्होंने जेम्स एंडरसन की ड्राइविंग लेंथ गेंद को चौथे स्टंप पर जा रही थी, फ्रंटफुट पर आए और स्ट्राइड लेकर सुंदर कवर ड्राइव लगाया। केएल राहुल ने अगली गेंद पर भी चौका लगाया। एंडरसन की इस गेंद को सीमा रेखा के पार भेजने में उन्हें ज्यादा मशक्कत नहीं करनी पड़ी। इस बार गेंद ने बल्ले का बाहरी किनारा लिया और चार रन मिल गए। यह गुड लेंथ चौथा स्टंप पर जा रही थी। राहुल ने हल्के बल्ले से खेला और गेंद तीसरे स्लिप के बगल से बॉउंड्री के लिए चली गई।
ओवल टेस्ट में इंग्लैंड के कप्तान जो रूट ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी का फैसला लिया है। भारतीय कप्तान विराट कोहली ने एक बार फिर अंतिम 11 में रविचंद्रन अश्विन को जगह नहीं दी है।
भारत: रोहित शर्मा, केएल राहुल, चेतेश्वर पुजारा, विराट कोहली (कप्तान), अजिंक्य रहाणे, ऋषभ पंत (विकेटकीपर), रविंद्र जडेजा, शार्दुल ठाकुर, उमेश यादव, जसप्रीत बुमराह, मोहम्मद सिराज।
इंग्लैंड: रोरी बर्न्स, हसीब हमीद, डेविड मालन, जो रूट (कप्तान), ओली पोप, जॉनी बेयरस्टो (विकेटकीपर), मोइन अली, क्रिस वोक्स, क्रेग ओवर्टन, ओली रॉबिन्सन, जेम्स एंडरसन।
रविचंद्रन अश्विन ने केनिंग्टन ओवल में पिच का मुआयना किया है। इससे ये कहीं ना कहीं अटकलें लग रही हैं कि अश्विन की इस मैच में वापसी हो सकती है। ओवल की पिच अक्सर चौथे-पांचवें दिन काफी टर्न लेने लगती है।
ओवल में चार दिनों तक मौसम एक दम साफ रहने वाला है। वहीं पांचवें दिन बारिश की संभावना जताई गई है। अगर आज के ताजा माहौल पर नजर डालें तो चार दिनों में टेस्ट मैच के नतीजे आ जाते हैं। पिछला मैच भी चौथे दिन की शुरुआत में ही खत्म हो गया था।
लंदन के केनिंग्टन ओवल की पिच की बात करें तो यहां की पिच बल्लेबाज, तेज गेंदबाज और स्पिनर्स हर किसी के लिए मददगार रहती है। चौथे या पांचवें दिन स्पिनर्स यहां खतरनाक हो सकते हैं। वहीं तेज गेंदबाजों को यहां अच्छा उछाल मिलता है। इसके अलावा बल्लेबाजों को बस शुरू का घंटा निकालना होता है फिर कंडीशन उनके अनुकूल हो जाती हैं।
रोहित शर्मा, केएल राहुल, मयंक अग्रवाल, चेतेश्वर पुजारा, विराट कोहली (कप्तान), अजिंक्य रहाणे (उपकप्तान), हनुमा विहारी, ऋषभ पंत (विकेटकीपर), रविचंद्रन अश्विन, रवींद्र जडेजा, अक्सर पटेल, जसप्रीत बुमराह, इशांत शर्मा, मोहम्मद शमी, मोहम्मद सिराज, शार्दुल ठाकुर, उमेश यादव, रिद्दिमान साहा (विकेटकीपर), अभिमन्यू ईश्वरन, पृथ्वी शॉ, सूर्यकुमार यादव, प्रसिद्ध कृष्णा।
भारत और इंग्लैंड के बीच आज से केनिंग्टन ओवल के मैदान पर 5 मैचों की सीरीज का चौथा टेस्ट मैच खेला जाएगा। दोनों कप्तान 3 बजे मैदान पर टॉस के लिए आएंगे। ये मुकाबला 3.30 बजे से शुरू होगा।