IND vs BAN: भारतीय क्रिकेट टीम के युवा ओपनर बल्लेबाज यशस्वी जायसवाल दो मैचों की टेस्ट सीरीज में बांग्लादेश की चुनौती के लिए पूरी तरह से तैयार हैं। भारतीय टीम लंबे समय के बाद अपनी धरती पर टेस्ट सीरीज खेलने जा रही है। इससे पहले भारत ने इस साल अपनी धरती पर इंग्लैंड के खिलाफ टेस्ट सीरीज में हिस्सा लिया था और इस टेस्ट सीरीज में यशस्वी जायसवाल ने कमाल की बल्लेबाजी की थी और सबसे ज्यादा रन बनाने वाले बल्लेबाज थे। अब बांग्लादेश के खिलाफ वो अपने टेस्ट करियर में पहली बार टेस्ट सीरीज खेलने जा रहे हैं और इस टेस्ट सीरीज में उनके पास इतिहास रचने का मौका है जिसके लिए उन्हें 8 छक्कों की जरूरत है।
मैकुलम के 10 साल पुराने रिकॉर्ड को तोड़ने के करीब यशस्वी जायसवाल
यशस्वी जायसवाल न्यूजीलैंड के पूर्व बल्लेबाज ब्रैंडन मैकुलम के 10 साल पुराने टेस्ट रिकॉर्ड को तोड़ने के करीब हैं। मैकुलम टेस्ट प्रारूप में एक साल में सबसे ज्यादा छक्के लगाने वाले बल्लेबाज हैं और ये कमाल उन्होंने साल 2014 में किया था। इस साल उन्होंने एक साल में टेस्ट प्रारूप में कुल 33 छक्के लगाए थे, लेकिन उनका ये रिकॉर्ड टूटने के करीब है। यशस्वी जायसवाल अगर बांग्लादेश के खिलाफ दो टेस्ट के दौरान 8 छक्के लगा देते हैं तो वो एक साल में टेस्ट में सबसे ज्यादा छक्के लगाने वाले बल्लेबाजों की लिस्ट में मैकुलम से ऊपर यानी पहले स्थान पर आ जाएंगे।
यशस्वी जायसवाल ने साल 2024 में टेस्ट प्रारूप में कुल 26 छक्के लगाए हैं और मैकुलम का रिकॉर्ड तोड़ने के करीब हैं। यशस्वी एक साल में टेस्ट में सबसे ज्यादा छक्के लगाने वाले बल्लेबाजों की लिस्ट में फिलहाल बेन स्टोक्स के साथ दूसरे नंबर पर हैं। बेन स्टोक्स ने भी साल 2022 में टेस्ट प्रारूप में कुल 26 छक्के लगाए थे। वैसे एक छक्के लगाने के बाद यशस्वी स्टोक्स से आगे निकल जाएंगे। वहीं इस लिस्ट में तीसरे नंबर पर वीरेंद्र सहवाग और एडम गिलक्रिस्ट हैं। गिलक्रिस्ट ने 2005 में टेस्ट में कुल 22 छक्के लगाए थे जबकि सहवाग ने साल 2008 में टेस्ट में कुल 22 छक्के लगाए थे।
एक साल में टेस्ट में सबसे ज्यादा छक्के लगाने वाले बल्लेबाज
33 – ब्रेंडन मैकुलम (2014)
26 – यशस्वी जायसवाल (2024)
26 – बेन स्टोक्स (2022)
22 – एडम गिलक्रिस्ट (2005)
22 – वीरेंद्र सहवाग (2008)