वर्ल्ड टेस्ट चैंपियनशिप के फाइनल में भारतीय गेंदबाज मोहम्मद सिराज अच्छी लय में दिखे हैं। सिराज ने पहली पारी में 4 विकेट लिए थे, जबकि दूसरी पारी में भी उन्होंने 1 विकेट अपने नाम किया। भारत की तरफ से सिराज अभी तक सबसे किफायती गेंदबाज रहे हैं। उन्होंने विकेट लेने के साथ-साथ ऑस्ट्रेलियाई बल्लेबाजों को अपनी पेस से खासा परेशान भी किया। सिराज के निशाने पर सबसे ज्यादा दुनिया के नंबर वन टेस्ट बल्लेबाज मार्नस लाबुशेन रहे।

सिराज ने लाबुशेन को दोनों पारियों में किया चोटिल

मोहम्मद सिराज ने लाबुशेन को दोनों पारियों में अपनी पेस का शिकार बनाया। पहली पारी में सिराज की एक गेंद लाबुशेन को दाएं हाथ के अंगूठे पर जाकर लगी थी। गेंद इतनी तेज थी कि लाबुशेन के हाथों से बैट तक छूट गया था। गेंद लगने के बाद लाबुशेन को काफी देर तक करहाते हुए देखा गया था। सिराज ने वह गेंद 143 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से फेंकी थी। हालांकि चोट ज्यादा गंभीर नहीं थी। उन्होंने कुछ देर के रेस्ट के बाद फिर से बल्लेबाजी शुरू कर दी थी।

दूसरी पारी में भी लाबुशेन के हाथ से छूट गया था बल्ला

मार्नस लाबुशेन दूसरी पारी में भी मोहम्मद सिराज की पेस का शिकार बने। दूसरी पारी में सिराज ने जैसे ही डेविड वार्नर को आउट किया तो लाबुशेन आधी नींद में बल्लेबाजी के लिए मैदान पर उतरे। सिराज पारी का चौथा ही ओवर डाल रहे थे। लाबुशेन बल्लेबाजी के लिए जैसे ही आए तो उसी ओवर की पांचवी गेंद लाबुशेन के अंगूठे पर ही आकर लगी। गेंद इतनी तेज थी कि लाबुशेन के हाथों से यहां भी बल्ला हाथ से छूट गया।

मैच का लेखा-जोखा

आपको बता दें कि ओवल टेस्ट में ऑस्ट्रेलिया ने भारत को 444 रन का लक्ष्य दिया है। ऑस्ट्रेलिया ने अपनी दूसरी पारी 270/8 पर घोषित कर दी थी। भारत ने पहली पारी में 296 रन बनाए थे। वहीं ऑस्ट्रेलिया ने पहली पारी में 469 रन बनाए थे। पहली पारी में मोहम्मद सिराज ने 4 विकेट लिए थे।