अंडर-19 वर्ल्ड कप 2026 में भारतीय टीम ने मंगलवार (27 जनवरी) को सुपर-6 में जिम्बाब्वे के खिलाफ 8 विकेट पर 352 रनों का मजबूत स्कोर खड़ा किया। विहान मल्होत्रा ने बेहतरीन शतकीय पारी खेली। वैभव सूर्यवंशी ने ने तूफानी अर्धशतक जड़ा। अभिज्ञान कुंडू ने टूर्नामेंट का दूसरा अर्धशतक जड़ा। अंत में खिलान पटेल ने ताबड़तोड़ बल्लेबाजी करके इंडिया अंडर-19 को इस स्कोर तक पहुंचने में मदद की।
बुलावायो में जिम्बाब्वे ने टॉस जीतकर गेंदबाजी का फैसला किया। वैभव सूर्यवंशी के साथ आरोन जॉर्ज ओपनिंग करने उतरे दोनों के बीच पहले विकेट के लिए 25 गेंद पर 44 रनों की साझेदारी हुई। जॉर्ज 16 गेंद पर 23 रन बनाकर आउट हुए। इसके बाद वैभव और आयुष म्हात्रे के बीच 38 गेंद पर 56 रनों की साझेदारी हुई। आयुष 19 गेंद पर 1 चौका और 2 छक्के की मदद से 21 रन बनाकर आउट हुए। तातेंडा चिमुगोरो ने एक गेंद बाद ही वैभव को पवेलियन भेज गिया।
वैभव सूर्यवंशी का अर्धशतक
वैभव सूर्यवंशी ने 30 गेंद पर 4 चौके और 4 छक्के की मदद से 52 रन बनाए। उनके आउट होने के बाद इंडिया अंडर-19 का स्कोर 10.5 ओवर में 101 रन पर 3 विकेट हो गया। इसके बाद वेदांत त्रिवेदी और विहान मल्होत्रा के बीच 33 गेंद पर 29 रनों की साझेदारी हुई। वेदांत 18 गेंद पर 15 रन बनाकर आउट हुए। इंडिया अंडर-19 का स्कोर 16.2 ओवर में 130 रन पर 4 विकेट हो गया।
विहान मल्होत्रा और अभिज्ञान कुंडू की शतकीय साझेदारी
इंडिया अंडर-19 को बड़ी साझेदारी की जरूरत थी और विहान मल्होत्रा और अभिज्ञान कुंडू ने यही किया। दोनों के बीच 115 गेंद पर 113 रनों की साझोदारी हुई। बांग्लादेश के खिलाफ 80 रनों की पारी खेलने वाले कुंडू ने 62 गेंद पर 61 रन बनाए। उनके आउट होने पर इंडिया अंडर-19 का स्कोर 35.3 ओवर में 5 विकेट पर 243 रन हो गया। कनिष्क चौहान भी 3 रन बनाकर पवेलियन लौट गए।
खिलान पटेल की तूफानी पारी
विहान मल्होत्रा का साथ देने आरएस अंबरीश आए। उन्होंने 28 गेंद पर 21 रन बनाए और विहान के साथ 50 गेंद पर 52 रन जोड़े। अंबरीश के आउट होने पर खिलान पटेल क्रीज पर आए। उन्होंने 250 के स्ट्राइक रेट से 12 गेंद पर 30 रन बनाए। इस पारी में उन्होंने 3 छक्के और 1 चौका लगया। वह आखिरी ओवर की पांचवीं गेंद पर आउट हुए। विहान के साथ उन्होंने 21 गेंद पर 47 रन जोड़े। विहान 107 गेंद पर 109 और हेनिल पटेल 2 रन बनाकर नाबाद रहे। जिम्बाब्वे के लिए तातेंडा चिमुगोरो ने 3 विकेट लिए। पनाशे मजाई और सिम्बाराशे मुडजेजेरेरे ने 2-2 विकेट लिए। ध्रुव पटेल को 1 विकेट मिला।
