भारतीय क्रिकेट टीम के पूर्व कप्तान सौरभ गांगुली ने महेंद्र सिंह धोनी को वनडे का चैंपियन खिलाड़ी बताते हुए टी-20 फॉर्मेट में उनके प्रदर्शन पर संदेह जताया है। इसके पीछे की वजह लंबे समय से धोनी के खराब प्रदर्शन है, जिससे गांगुली बेहद खफा नजर आ रहे हैं। इसके बाद से धोनी के कुछ फैंस गांगुली के इस बयान की आलोचना भी करते दिख रहे हैं।

गांगुली का कहना है कि ‘मुझे इस बात पर संदेह है कि धोनी अच्छे टी20 खिलाड़ी हैं। वह एकदिवसीय अंतर्राष्ट्रीय को चैंपियन खिलाड़ी हैं लेकिन टी20 क्रिकेट में 10 साल में उन्होंने सिर्फ एक अर्धशतक जड़ा है और यह सर्वश्रेष्ठ रिकॉर्ड नहीं है।’ टी20 मैचों में धोनी के निरतंर निराशाजनक प्रदर्शन के बाद गांगुली ने इस तरह का बयान दिया है। बता दें कि राइजिंग पुणे सुपरजायंट की कप्तानी से हटाए जाने के बाद धोनी आईपीएल में पहली बार महज बतौर खिलाड़ी ही खेल रहे हैं और इस सत्र में उनका प्रदर्शन भी फैंस को मायूस कर रहा है। 35 साल के इस खिलाड़ी ने आईपीएल-10 के 3 मैचों में क्रमश: 12, 5 और 11 रन ही बनाए हैं।

गांगुली ने कहा, “मैं चैम्पियंस ट्रॉफी के लिए धोनी को चुनूंगा लेकिन उसे रन बनाने होंगे। इसके साथ ही ऑस्ट्रेलिया के पूर्व कप्तान मिचेल कलार्क का भी मानना है कि धोनी को बल्ले से रन बनाने होंगे। बता दें कि इससे पहले आईपीएल टीम राइजिंग पुणे सुपरजाएंट्स के मालिक के भाई हर्ष गोयनका ने भी धोनी पर निशाना साधा था। हर्ष गोयनका ने ट्वीट कर स्टीव स्मिथ को जंगल का राजा मानते हुए उन्हें धोनी पर भारी बताया था। हालांकि इस ट्वीट पर धोनी के फैंस के कमेंट आने के बाद उन्होंने इसे डिलीट कर दिया था। हर्ष गोयनका ने अगले ट्वीट में पुणे के खिलाड़ियों मनोज तिवारी, अजिंक्य रहाणे, पीटर क्रिस्टन को बेहतरीन स्ट्राइक रेट वाला बल्लेबाज बताया था।

गोयनका का यह ट्वीट धोनी के प्रशंसकों को रास नहीं आया और गोयनका धोनी के फैंस के निशाने पर आ गए। एक ट्विटर यूजर्स ने गोयनका को किसी भी आईपीएल टीम का सबसे खराब मालिक करार दिया। जबकि कुछ फैंस ने गोयनका को कहा कि अगर धोनी से कुछ दिक्कत है तो कायर मत बनिए और उनसे बात कीजिए।