Iran vs Spain, FIFA World Cup 2018: स्पेन ने रूस में जारी फीफा विश्व कप के ग्रुप बी के एक रोमांचक मुकाबले में बुधवार देर रात ईरान को 1-0 से शिकस्त दी। मैच का एकमात्र गोल स्ट्राइकर डिएगो कोस्टा ने किया और स्पेन को विश्व कप के 21वें संस्करण की पहली जीत दिलाई। कजान ऐरेना में खेले गए इस मुकाबले में ईरान ने रक्षात्मक रूप से शानदार प्रदर्शन किया और स्पेन के गेंद पर बेहतर नियंत्रण के बावजूद उनके फारवर्ड खिलाड़ियों को अपने बॉक्स में अधिक जगह नहीं दी। स्पेन को नौवें मिनट में बॉक्स के बाहर बाएं फ्लेंक पर फ्री-किक मिली। मिडफील्डर डेविड सिल्वा ने बेहतरीन क्रॉस दिया लेकिन बॉक्स में कोई भी खिलाड़ी गेंद के पास नहीं पहुंच पाया।

2010 फीफा विश्व का खिताब जीतने वाली स्पेन ने अपने स्वाभाविक खेल को जारी रखा। 25वें मिनट में टीम को बॉक्स के बाहर 30 गज की दूरी से फ्री-किक पर गोल करने का मौका मिला लेकिन ईरान के गोलकीपर अली बिरेवांड ने सिल्वा के शॉट को आसानी से रोक लिया। मैच के 30वें मिनट में स्पेन ने ईरान के बॉक्स में एक बार फिर खलबली मचाई। सिल्वा ने छह गज की दूरी से बाइसाइकिल किक लगाकर पहला गोल करने का प्रयास किया लेकिन वह गेंद को गोलपोस्ट के ऊपर से मार बैठे। ईरान को 36वें मिनट में मैच का पहला कॉर्नर मिला। हालांकि, वे स्पेन के डिफेंस को भेदने में कामयाब नहीं हो पाए।

स्पने ने दूसरे हाफ में भी अपने दमदार प्रदर्शन को जारी रखा। मैच के 50वें मिनट में मिडफील्डर सर्गियो बुस्क्वेट्स ने बॉक्स के बाहर से जोरदार शॉट लगाया लेकिन बिरेवांड ने अपने बाईं ओर कूदते हुए शानदार बचाव किया। इसके चार मिनट बाद, स्पेन के सबसे अनुभवी खिलाड़ी आंद्रेस इनिएस्ता ने बॉक्स के अंदर मौजूद स्ट्राइकर कोस्टा को पास दिया जिन्होंने गेंद को गोल में डालकर अपनी टीम को 1-0 की बढ़त दिला दी। ईरान को 61वें मिनट में गोलपोस्ट से लगभग 30 गज की दूरी पर फ्री-किक मिली। ईरान के खिलाड़ी ने बॉक्स के अंदर बेहतरीन क्रॉस दिया और सईद एजातोलाही गेंद को गोल में डालने में कामयाब रहे। रेफरी ने वीएआर की मदद ली जिसमें यह पाया गया कि क्रॉस के दौरान एक खिलाड़ी ऑफ साइड था जिसके कारण ईरान को गोल नहीं दिया गया।

मैच के 83वें मिनट में ईरान को बराबरी का गोल दागने का शानदार मौका मिला। बाएं फ्लेंक से वाहिद अमिरी ने बॉक्स में दमदार क्रॉस दिया लेकिन मेहदी तरेमी हेडर से गेंद को गोल में नहीं डाल पाए। स्पेन ग्रुप बी के अपने अगल मुकबाले में सोमवार को मोरक्को से भिड़ेगी जबकि ईरान का सामना पुर्तगाल से होगा।

Live Blog

Iran vs Spain Live Score, FIFA World Cup 2018 Live Score Updates:

01:29 (IST)21 Jun 2018
1-0 से जीता स्पेन

स्पेन ने मैच जीत लिया है। डिएगो कोस्टा का दूसरे हाफ में किया गया गोल निर्णायक साबित हुआ। मैच में ईरान की टीम ने शानदार डिफेंस किया लेकिन गोल करने में कामयाब नहीं हो पाई। उसे एक बार मौका भी मिला लेकिन सफल नहीं हो पाए। स्पेन को एक गोल के लिए काफी जद्दोजहद करनी पड़ी। स्पेन को अंत समय तक लगातार कोशिशों का फायदा मिला और उसने ईरान को 1-0 से हरा दिया। 

01:23 (IST)21 Jun 2018
90 मिनट का खेल खत्म

90 मिनट का खेल हो चुका है। 4 मिनट का इंजुरी टाइम जोड़ा गया है। स्पेन 1-0 से आगे है।

01:19 (IST)21 Jun 2018
ईरान ने गंवाया मौका

ईरान ने शानदार मौका गंवा दिया। ईरान के पास बराबरी का मौका था। मेहदी के हेडर लगाने के बाद गेंद गोल पोस्ट के ऊपर से निकल गई। ईरान को इससे बेहतर मौका नहीं मिल सकता था। फिलहाल, कुछ देर का ही खेल बचा है। 

00:59 (IST)21 Jun 2018
ईरान का गोल खारिज

ईरान ने गोल करके मुकाबला बराबरी पर ला दिया था। लेकिन वीडियो असिस्टैंट रैफरी ने मैदान के रेफरी का गोल खारिज कर दिया। ईरान का गोल खारिज होने के बाद स्पेन फिर 1-0 से आगे हो गया है। ईरान के सैयद एजतोलाही के इस गोल को ऑफसाइड होने की वजह से खारिज कर दिया गया है।

00:46 (IST)21 Jun 2018
डिएगो कोस्टा के गोल से स्पेन को 1-0 की लीड

आखिरकार स्पेन को जिसका इंतजार था वो वक्त आ गया। स्पेन के डिएगो कोस्टा ने मैच का पहला गोल दागकर स्पेन को 1-0 की बढ़त दिला दी है। दूसरे हाफ में मिली इस पहली कामयाबी के लिए स्पेन ने काफी मेहनत की है। विश्व कप में डिएगो कोस्टा का यह तीसरा गोल है।

00:39 (IST)21 Jun 2018
दूसरे हाफ का खेल शुरू

दूसरे हाफ का खेल शुरू हो चुका है। स्पेन लगातार आक्रमण कर रहा है। ईरान तीन मिनट के अंदर स्पेन के दो मौके असफल करने में कामयाब रहा है। 

00:22 (IST)21 Jun 2018
दिलचस्प होगा दूसरा हाफ!

ईरान की टीम कभी विश्वकप के नॉकआउट में नहीं पहुंच पायी है लेकिन उसने स्पेन को पहले हाफ तक 0-0 पर रोक रखा है। ईरान का डिफेंस बेहद मजबूत है। स्पेन के लिए यह मैच जीतना बेहद अहम है। ऐसे में दूसरे हाफ का खेल दिलचस्प होने की पूरी उम्मीद है। 

00:18 (IST)21 Jun 2018
पहले हाफ में कोई गोल नहीं

पहले हाफ मे ं45 मिनट का खेल हो चुका है लेकिन किसी भी टीम के खाते में कोई गोल नहीं है। स्पेन लगातार गोल करने की कोशिश में आक्रामक हुआ लेकिन ईरानी डिफेंस आगे उसे केवल निराश होना पड़ा। फिलहाल पहले हाफ में अतिरिक्त 3 मिनट दिए गए हैं। 

00:12 (IST)21 Jun 2018
बेहतरीन डिफेंड कर रही है ईरान

ईरान की टीम काफी अच्छा डिफेंड कर रही है। स्पेन की टीम लगातार आक्रामक है। लेकिन गोल नहीं कर पा रही है। 

23:56 (IST)20 Jun 2018
25 मिनट का खेल खत्म, कोई गोल नहीं

25 मिनट का खेल खत्म हो चुका है। दोनों टीमें एक दूसरे को बराबर की टक्कर दे रही हैं। छोटे-छोटे पास देकर स्पेन की टीम बॉल पर पूरा नियंत्रण बनाए हुए है। वहीं ईरान की टीम काफी संघर्ष करती दिख रही है। अभी तक मैच में कोई गोल नहीं बने हैं। 23वें मिनट में स्पेन को फ्री किक मिली थी लेकिन सिल्वा के सीधे शॉट को गोलकीपर मे लपक लिया।

23:33 (IST)20 Jun 2018
ईरान-स्पेन के बीच मुकाबला शुरू

स्पेन और ईरान के बीच मुकाबला शुरू हो चुका है। दोनों टीमें मैदान पर जोर आजमाइश कर रही हैं। 

22:20 (IST)20 Jun 2018
स्वभाविक खेलेगा स्पेन

ईरान के खिलाफ होने वाले मैच में स्पेन एक बार फिर अपने स्वभाविक खेल के भरोसे उतरेगी। स्पेन की यह रणनीति रही है कि वह गेंद को अधिक समय तक अपने नियंत्रण में रखती है और धीरे-धीरे लय में आती है। स्पेन के पास गेंद को अधिक समय तक पास करने की क्षमता है जो ईरान को मैच से दूर कर सकता है। 

22:13 (IST)20 Jun 2018
स्पेन कर सकता है बदलाव

स्पेन के कोच फर्नाडो हिएरो दूसरे मैच में कुछ बदलाव कर सकते हैं। हिएरो पहले ही कह चुके हैं कि डेविड डि गिया गोलकीपर के रूप में अपना काम संभालना जारी रखेंगे। स्पेन को एक बार फिर अपने स्टार खिलाड़ी डिएगो कोस्टा और नाचो फनार्डीज से गोल की उम्मीद होगी जिन्होंने पिछले मुकाबले में क्रमश: दो और एक गोल किए थे। 

22:08 (IST)20 Jun 2018
स्पेन ने पहला मैच खेला था ड्रॉ

स्पेन को सोचि में 15 जून को अपने पहले मैच में पुर्तगाल के खिलाफ 3-3 से ड्रॉ खेलकर अंक बांटने पर मजबूर होना पड़ा था। हालांकि इस मैच में टीम का प्रदर्शन शानदार रहा था और वह मैच के 88वें मिनट तक 2-1 से आगे थी लेकिन करिश्माई खिलाड़ी क्रिस्टियानो रोनाल्डो की हैट्रिक के चलते स्पेन को ड्रॉ से संतोष करना पड़ा था। 

22:00 (IST)20 Jun 2018
ईरान की पूरी कोशिश अंतिम-16 में पहुंचने की

फीफा विश्व कप के इतिहास में ईरान की यह केवल दूसरी जीत है। उसने इससे पहले 1998 के विश्व कप में अमेरिका को 2-1 से हराया था। अपने पहले ही मैच में तीन अंक अर्जित करने के बाद अब ईरान की पूरी कोशिश अंतिम-16 में पहुंचने की होगी और इसके लिए स्पेन के खिलाफ अपना सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन कर सकता है। 

22:00 (IST)20 Jun 2018
ईरान:

गोलकीपर: अलीरेजा बेरानवंद, रशीद मजेरी, अमीर अबेजाजदे

डिफेंडर: पेजमैन मोंटेजेरी, सेयद मजीद होसेनीनी, रूजबेह चेश्मी, मिलद मोहमादी, मोहम्मद रेजा खानजादेह, मोर्टेजा पौरालिगंजजी, रामिन रेजियान (ओस्टेंडे), एहसान हजसाफी

मिडफील्डर: सैयद एजतोलाही, मसूद शोजेई, महदी तोराबी, ओमिद इब्राहिमी, वाहिद अमिरी, सामन घोडदास, अशकन देजागह

स्ट्राइकर्स: अलीरेजा जहांबख, करीम अंसारिफार्ड, महदी तारेमी, सरदार अजमौन, रेजा घूचनेजहाद

21:58 (IST)20 Jun 2018
स्पेन:

गोलकीपर: केपा एररिजबालागा, डेविड डी गी, पेप रीना

डिफेंडर: जोर्डी अल्बा, सीजर एज्पिलिकयेटा, दानी कार्वाजल, नाचो फर्नांडीज, नाचो मोनरील, अलवारो ओड्रिओजोला, गेरार्ड पिक, सर्जियो रामोस

मिडफील्डर: थियागो अलकांतारा, सर्जीओ बुस्केट्स, एंड्रेस इनिएस्टा, इस्को, कोक, शाऊल निगेज, डेविड सिल्वा

फॉरवर्ड: मार्को असेंसियो, इगो असपस, डिएगो कोस्टा, रोड्रिगो मोरेनो, लुकास वाजक्यूज