FIFA World Cup 2018: लुईस सुआरेज ने अपने 100वें अंतरराष्ट्रीय मैच को यादगार बनाकर गोल दागा, जिससे उरूग्वे ने 20 जून को सऊदी अरब को 1-0 से हराकर विश्व कप 2018 के अंतिम 16 में जगह बना ली है। इस मुकाबले में सआरेज ने तीन विश्व कप में गोल दागने का रिकॉर्ड बना दिया है। सुआरेज 2010, 2014 और 2018 में अब तक कुल 10 मैच खेल चुके हैं, जिनमें उन्होंने 6 गोल दागे हैं।
सआरेज का विश्व कप में प्रदर्शन:
साल 2010: 3 गोल
साल 2014: 2 गोल
साल 2018: 1 गोल
उरूग्वे की यह लगातार दूसरी जीत है। उसने पहले मैच में मिस्र को भी इसी अंतर से हराया था। उसकी इस जीत से ग्रुप ए से नॉकआउट में पहुंचने वाली दोनों टीमें भी तय हो गई हैं। उरूग्वे की जीत ने मेजबान रूस का भी अंतिम 16 में स्थान पक्का कर दिया। इन दोनों टीमों के अभी दो मैचों में छह-छह अंक हैं। सऊदी अरब और मिस्र का सफर विश्व कप में लीग चरण में ही थम जाएगा।
सुआरेज ने खेल के 23वें मिनट में मैच का महत्वपूर्ण गोल दागा, जो आखिर में निर्णायक साबित हुआ। शुरुआती 20 मिनट तक दोनों टीमों ने एक दूसरे को बराबर की टक्कर दी लेकिन सुआरेज ने इसके बाद गोल करके उरूग्वे के दर्शकों में उत्साह भर दिया। इससे सऊदी अरब की टीम पर दबाव भी बना।
रोस्तोव एरेना में खेले गये मैच में सुआरेज ने कार्लोस सांचेज के कॉर्नर पर यह गोल किया। तब गेंद सऊदी अरब के गोलकीपर मोहम्मद अल ओवैस की पहुंच से भी बाहर थी। इस तरह से सुआरेज ने अपने 100वें मैच में 52वां गोल दागा। उरूग्वे अब 25 जून को लीग चरण के अपने आखिरी मैच में रूस से भिड़ेगा जिससे ग्रुप ए से शीर्ष पर रहने वाली टीम का निर्धारण भी होगा। सऊदी अरब इसी दिन मिस्र का सामना करेगा।
