फॉर्मूला वन के पूर्व बॉस बर्नी एक्लेस्टोन भारत के रामजीत राघव का रिकॉर्ड तो नहीं तोड़ पाए, लेकिन 89 साल की उम्र में चौथी बार पिता बनने में जरूर सफल रहे। उनकी 44 साल की पत्नी फैबियाना फ्लॉसी ने बुधवार को बेटे ऐस को जन्म दिया। बर्नी इस साल अक्टूबर में 90 साल के हो जाएंगे। वह पहले से ही पांच बच्चों के नानाजी हैं।

बर्नी एक्लेस्टोन पहली बार बेटे के पिता बने हैं। उनकी दो पत्नियों से 3 बेटियां पहले से ही हैं। पिता बनने के बाद उन्होंने कहा, ‘हमारा एक बेटा है जिसका नाम ऐस है। मुझे बहुत गर्व है।’ बता दें कि हरियाणा के रामजीत राघव 96 साल की उम्र में पिता बने थे। उनका हाल ही में देहांत हो गया है।

ब्राजील की रहने वाली फैबियाना ने कहा, ‘यह सब बहुत आसान रहा। 25 मिनट के अंदर मेरा प्रसव हो गया। मैं ईश्वर का धन्यवाद देती हूं।’ बर्नी और फैबियाना इन दिनों स्विट्जरलैंड स्थित अपने घर में सेल्फ आइसोलेट है।

अरबपति कारोबारी बर्नी की सबसे बड़ी बेटी डेबोरा की मां उनकी पहली पत्नी इवी बॅमफोर्ड हैं। डेबोरा इस समय 65 साल की हैं। उनकी दो बेटियां 35 साल की तमारा और 31 साल की पेट्रा दूसरी पत्नी स्लाविका रैडिक से हैं।

स्लाविका रैडिक क्रोएशियाई मॉडल थीं। बर्नी ने रैडिक से 2009 में तलाक लिया था। उसके तीन साल बाद यानी 2012 में मार्केटिंग डायरेक्टर फैबियाना फ्लॉसी से शादी की। बर्नी और फैबियाना फ्लॉसी की मुलाकात 2009 में वर्ल्ड मोटर स्पोर्ट्स काउंसिल में हुई थी।

इस साल की शुरुआत में, फैबियाना ने कहा था, ‘हर माता-पिता की तरह हमारी भी एक ही इच्छा है कि बच्चा स्वस्थ होना चाहिए। उम्मीद है कि वह फॉर्मूला 1 में कुछ करने में कोई दिलचस्पी नहीं दिखाएगा!’

भारत के रामजीत राघव ने 96 साल में पिता बन बनाया था वर्ल्ड रिकॉर्ड, चार्ली चैपलिन भी 73 की उम्र में बने थे पिता, जानिए अन्य सेलेब्रिटीज जो 65 साल के बाद बने डैडी

एक्लेस्टोन का जन्म 1930 में सफोल्क में एक मछुआरे के घर में हुआ था। द्वितीय विश्व युद्ध के बाद उन्होंने पहली बार गैस की शुद्धता का परीक्षण करने वाली कंपनी में नौकरी की। मोटरस्पोर्ट में उनकी एंट्री मोटरसाइकिलों के लिए स्पेयर पार्ट्स के कारोबार के सिलसिले में हुई थी।

वह 1949 में फॉर्मूला 3 सीरीज में ड्राइवर बने। एक दुर्घटना के बाद उन्होंने खुद को रेसिंग से दूर कर लिया। इसके बाद वह प्रॉपर्टी में निवेश करने लगे। वहां सफल होने के बाद उन्होंने फिर से मोटरस्पोर्टस का रुख किया। इसके बाद उन्होंने पीछे मुड़कर नहीं देखा और सफलता की सीढ़ियां चढ़ते गए।