यूरो कप 2020 (Euro Cup 2020) में रविवार को तीन मुकाबले खेले गए। लंदन में सबसे पहले इंग्लैंड ने मजबूत क्रोएशिया को 1-0 से हराकर टूर्नामेंट का आगाज शानदार तरीके से किया। इसके बाद बुखारेस्ट में ऑस्ट्रिया की टीम ने नॉर्थ मेसेडोनिया को 3-1 से हरा दिया। दिन का आखिरी मैच सबसे रोमांचक हुआ। नीदरलैंड ने एमस्टर्डम में यूक्रेन को 3-2 से हरा दिया। तीनों मैच के दौरान कुछ रिकॉर्ड टूटे तो कुछ रिकॉर्ड बने।
नीदरलैंड बनाम यूक्रेन (Netherlands vs Ukraine): मैच में दोनों टीमों ने हाफटाइम तक एक भी गोल नहीं किया। हाफटाइम के तुरंत बाद खेल अचानक ही पलट किया। दोनों ने ताबड़तोड़ हमले किए। नीदरलैंड के कप्तान और स्टार खिलाड़ी जर्जिनियो वाइनाल्डम ने 52वें मिनट में गोल कर टीम को 1-0 से आगे कर दिया। इसके बाद 58वें मिनट में वाउट वेहोस्ट ने दूसरा गोल दाग दिया।
ऐसा लग रहा था कि नीदरलैंड की टीम आसानी से मैच जीत जाएगी, लेकिन यूक्रेन के एंड्रिया यारमोलेंको ( 75वें मिनट) और रोमन यारेमचुक (79वें मिनट) में गोलकर स्कोर 2-2 से बराबर कर दिया। 85वें मिनट में नीदरलैंड के डेनजेल डमफ्रीज ने निर्णायक गोल कर टीम को जीत दिलाई। यूरो कप के इतिहाल में पहली बार ऐसा हुआ कि पहले हाफ में कोई गोल नहीं और दूसरे हाफ में 5 गोल दागे गए।
ऑस्ट्रिया बनाम नॉर्थ मेसेडोनिया (Austria vs North Macedonia): ऑस्ट्रिया ने सब्सीट्यूट खिलाड़ियों के आखिरी क्षणों में किए गए गोल की मदद से नार्थ मेसेडोनिया को 3-1 से हराकर यूरोपीय फुटबॉल चैंपियनशिप के इतिहास में अपनी पहली जीत दर्ज की। ग्रुप सी के इस मैच में माइकल ग्रेगोरित्स्च और मार्को अर्नोतोविच ने सब्सीट्यूट खिलाड़ियों के रूप में उतरकर आखिरी क्षणों में गोल दागे।
आस्ट्रिया की यह पिछले 31 वर्षों में किसी बड़े टूर्नामेंट में पहली जीत है। यूरोपीय चैंपियनशिप में यह उसकी पहली जीत है। नॉर्थ मेसेडोनिया के लिए इकलौता गोल गोरान पांडेव ने किया। 37 साल और 321 दिन के पांडे टूर्नामेंट में गोल करने वाले दूसरे सबसे उम्रदराज खिलाड़ी बन गए। इस मामले में ऑस्ट्रिया के इविका वास्टिच पहले नंबर पर हैं। उन्होंने 2008 में पोलैंड के खिलाफ 38 साल 257 दिन की आयु में गोल किया था।
इंग्लैंड बनाम क्रोएशिया ( England vs Croatia): रहीम स्टर्लिंग के इकलौत गोल की बदौलत इंग्लैंड ने क्रोएशिया को 1-0 से हरा दिया। इंग्लैंड की टीम यूरोप की इस महाद्वीपीय फुटबॉल प्रतियोगिता में 10 प्रयास में पहली बार जीत के साथ शुरुआत करने में सफल रही है। इस जीत के साथ इंग्लैंड ने 2018 विश्व कप के सेमीफाइनल में क्रोएशिया के खिलाफ मिली हार का बदला भी चुकता कर लिया।
मैनचेस्टर सिटी के स्ट्राइकर स्टर्लिंग का किसी बड़ी प्रतियोगिता में राष्ट्रीय टीम की ओर से यह पहला गोल है। इससे पहले वह 2014 और 2018 में विश्व कप और 2016 में यूरोपीय चैंपियनशिप में गोल करने में नाकाम रहे थे। स्टर्लिंग द्वारा अब तक 11 मैचों में गोल किए गए और सभी में इंग्लैंड जीता है। इस बीच इंग्लैंड में मिडफील्डर ज्यूड बेलिंगघम यूरोपीय चैंपियनशिप में खेलने वाले सबसे कम उम्र के खिलाड़ी बने। बेलिंगघम 17 साल और 349 दिन के हैं। इससे पहले यूरोपीय चैंपियनशिप में खेलने वाले सबसे कम उम्र के खिलाड़ी का रिकॉर्ड जेट्रो विलेम्स के नाम था जो यूरो 2012 में 18 बरस की उम्र में नीदरलैंड की ओर से खेले थे।