भारतीय क्रिकेट के नए सितारे दिनेश कार्तिक श्रीलंका में निदास ट्रॉफी के फाइनल में खेली गई यादगार पारी के लिए लंबे समय तक याद किए जाएंगे। करोड़ो लोग दिनेश कार्तिक की उस मैच जिताऊ पारी के गवाह बने थे, लेकिन हैरानी की बात है कि दिनेश कार्तिक की पत्नी ने ही उनकी यादगार पारी नहीं देखी। खुद दिनेश कार्तिक ने इस बात का खुलासा किया है। कार्तिक ने बताया कि उसने वह पारी नहीं देखी, वह बहुत ज्यादा तनाव में थी। उसकी भाभी ने मैच देखा था और उसे बताया था। क्रिकेट उसका पसंदीदा खेल नहीं है। उसका पसंदीदा खेल स्कवैश है और वह टीवी पर इसी खेल को देखना पसंद करती है। बता दें कि दिनेश कार्तिक की पत्नी दीपिका पल्लीकल स्कवैश की मशहूर खिलाड़ी हैं।

कार्तिक ने कहा कि दीपिका कुछ आईपीएल मैच देखने आयी है, लेकिन वह इस खेल को ज्यादा एन्जॉय नहीं करती है। हम दोनों क्रिकेट पर ज्यादा बात भी नहीं करते हैं। फिलहाल दीपिका राष्ट्रमंडल खेलों में हिस्सा लेने जा रही है। पिछली बार दीपिका ने डबल्स गेम में गोल्ड मेडल जीता था। इसलिए यह वक्त उसके लिए बेहद अहम है और वह राष्ट्रमंडल खेलों को लिए पिछले एक साल से काफी मेहनत कर रही है। बता दें कि दीपिका पल्लीकल स्कवैश में विश्व रैंकिंग में 10वें स्थान पर काबिज हैं। साल 2014 के राष्ट्रमंडल खेलों में दीपिका ने जोशना चिनप्पा के साथ मिलकर देश को स्कवैश में पहला गोल्ड मेडल दिलाया था।

कार्तिक की बांग्लादेश के खिलाफ खेली गई ताबड़तोड़ पारी के बाद उन्हें एमएस धोनी के विकल्प के तौर पर देखा जा रहा है। हालांकि खुद कार्तिक ऐसा नहीं मानते। कार्तिक का मानना है कि उनकी धोनी के साथ तुलना नहीं की जा सकती। कार्तिक ने धोनी की तारीफ करते हुए कहा कि धोनी जिस क्लास के टॉपर हैं, हम अभी उस क्लास में पढ़ रहे हैं। कार्तिक ने धोनी को जबरदस्त खिलाड़ी बताया था और कहा था कि उनका सफर अलग है और मेरा अलग। पूर्व चयनकर्ता संदीप पाटिल भी यही मानते हैं और 2019 के वर्ल्ड कप में कार्तिक की बजाए धोनी को ही टीम में रखे जाने के पक्ष में हैं।