क्रिकेट में कहा जाता है-Catches wins matches, यानी कैच ही मैच जिताती हैं। खिलाड़ी भी इसकी अहमियत जानते हैं। इसलिए इन दिनों अपनी फिटनेट और गेंद पकड़ने और फेंकने पर काफी काम करते हैं। बीते कुछ वर्षों में भारतीय टीम पूरी तरह से बदल गई है। टीम के प्रदर्शन में अविश्वसनीय बदलाव आया है। चाहे फील्डिंग हो, चाहे बॉलिंग या बैटिंग। नए-नए खिलाड़ी फील्डिंग में भी जौहर दिखा रहे हैं। कई बार उन्होंने हैरतअंगेज कैच लेकर विरोधियों को हैरत में डाला है। एेसे ही एक कैच की आज हम बात करेंगे। यह कैच आज से 10 साल पहले दिनेश कार्तिक ने पहले आईसीसी टी20 विश्व कप में लिया था। भारत और द.अफ्रीका के बीच 20 सितंबर 2017 को डरबन में मैच खेला गया था। टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने उतरी महेंद्र सिंह धोनी की टीम की शुरुआत उतनी अच्छी नहीं रही। वीरेंद्र सहवाग 11 और गौतम गंभीर 19 रन बनाकर आउट हो गए। इसके बाद दिनेश कार्तिक भी बिना खाता खोले पवेलियन लौट गए। 15 रन बनाने वाले रॉबिन उथप्पा के रूप में भारत को 61 रनों के स्कोर पर चौथा झटका लगा। इसके बाद रोहित शर्मा (40 गेंदों पर 50 रन) और महेंद्र सिंह धोनी (33 गेंदों पर 45 रन) की पारियों की बदौलत भारत ने 153 रनों का स्कोर खड़ा किया।

द.अफ्रीका जैसी टीम के लिए यह स्कोर हासिल करना कोई मुश्किल काम नहीं था। लेकिन भारतीय गेंदबाजों ने इस मैच में अविश्वसनीय प्रदर्शन किया। 11 रन के स्कोर पर आरपी सिंह ने हर्शल गिब्स को पवेलियन भेज दिया। टीम का स्कोर एक रन और बढ़ा और फिर आया वो लम्हा, जिस पर न सिर्फ दर्शक बल्कि साउथ अफ्रीकी टीम भी हैरान रह गई। आरपी सिंह ने द.अफ्रीकी कप्तान ग्रीम स्मिथ को गेंद फेंकी। पिच पर गिरते ही गेंद बाहर की ओर स्विंग हुई। स्मिथ ने इस पर बल्ला अड़ा दिया। गेंद दूसरी स्लिप पर खड़े दिनेश कार्तिक से थोड़ी दूर थी। लेकिन उन्होंने बाएं तरफ उछलकर यह कैच पकड़ लिया।

देखें वीडियो ः

द.अफ्रीका का 12 रन के स्कोर पर दूसरा विकेट गिर चुका था और भारतीय खिलाड़ियों में खुशी की लहर दौड़ गई। हर कोई कार्तिक को इस शानदार कैच के लिए बधाई दे रहा था। कमेंटेटर रवि शास्त्री भी कार्तिक के इस अद्भुत कैच की तारीफ करते नहीं थक रहे थे।  इसके बाद डिविलियर्स भी 1 रन बनाकर चलते बने। मार्क बाउचर और जेए मॉर्केल ने 36-36 रन बनाए। लेकिन टीम को जीत के करीब भी नहीं पहुंचा सके। पूरी प्रोटियाज टीम 116 रनों पर अॉल राउट हो गई और भारत 37 रनों से मैच जीत गया।