सौरव घोषाल ने 3 अगस्त 2022 की रात बर्मिंघम राष्ट्रमंडल खेलों में इतिहास रच दिया। वह राष्ट्रमंडल खेलों में एकल पदक जीतने वाले पहले भारतीय स्क्वाश खिलाड़ी बने। उन्होंने कांस्य पदक के मुकाबले में इंग्लैंड के जेम्स विलस्ट्रॉप को 11-6, 11-1, 11-4 से हराया। जेम्स के खिलाफ सौरव का ऐसा दबदबा था कि उन्होंने 2018 के स्वर्ण पदक विजेता के खिलाफ 44 में से 33 अंक हासिल किए। सौरव के खिलाफ मैच के दौरान अधिकांश समय जेम्स महज मात्र दर्शक बन गए थे।

सौरव घोषाल को उनकी ऐतिहासिक जीत पर बधाई देने के लिए प्रशंसकों ने सोशल मीडिया का सहारा लिया। कई लोगों ने दिनेश कार्तिक और सौरव घोषाल के बीच समानताएं को रेखांकित किया। दरअसल, सौरव घोषाल और दिनेश कार्तिक के बीच साढ़ू का रिश्ता है। सौरव घोषाल और दिनेश कार्तिक की पत्नियां मतलब दिया पल्लीकल (Diya Pallikal Ghosal) और दीपिका पल्लीकल (Dipika Pallikal Karthik) सगी बहने हैं।

दिया पल्लीकल दीपिका की बड़ी बहन हैं। खास यह है कि दीपिका और दिया पल्लीकल की मां सुसान पल्लीकल (Susan Pallikal) भारतीय क्रिकेटर रह चुकी हैं। सुसान पल्लीकल ने अपने करियर में भारत के लिए 7 टेस्ट और 2 वनडे इंटरनेशनल मैच खेले थे।

यही नहीं, सौरव और दिनेश कार्तिक दोनों ही 35 साल से ज्यादा की उम्र के हैं। हालांकि, उम्र के इस पड़ाव में भी जहां अधिकतर खिलाड़ी संन्यास ले लेते हैं या संन्यास का मन बना चुके होते हैं, कार्तिक और सौरव अपने प्रदर्शन से खेल प्रशंसकों को दांतों तले अंगुली दबाने को मजबूर कर रहे हैं।

जहां इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) 2022 से अब तक दिनेश कार्तिक की शानदार फॉर्म जारी है। उन्हें टी20 वर्ल्ड कप में मैच फिनिशर की भूमिका में देखा जा रहा है। वहीं, सौरव ने राष्ट्रमंडल खेलों में स्क्वाश में सिंगल्स में पदक साबित कर दिया कि अभी उनके अंदर काफी खेल बाकी है।

सौरव घोषाल ने 2018 गोल्ड कोस्ट कॉमनवेल्थ गेम्स में मिक्स्ड डबल्स में दिनेश कार्तिक की पत्नी दीपिका पल्लीकल के साथ मिलकर रजत पदक जीता था। वह 2014 इंचियोन एशियाई खेलों में टीम इवेंट में गोल्ड मेडल भी जीत चुके हैं। उन्होंने उसी संस्करण में मेन्स सिंगल्स में सिल्वर मेडल भी जीता था।