Commonwealth Games Day 5 Schedule: बर्मिंघम राष्ट्रमंडल खेलों में मंगलवार 2 अगस्त 2022 को भारतीय खिलाड़ियों के निशाने पर 9 गोल्ड निशाने पर होंगे। इसमें आर्टिस्टिक जिम्नास्टिक्स में मेन्स वॉल्ट और मेन्स पैरलेल बार्स, एथलेटिक्स में महिला डिस्कस थ्रो, बैडमिंटन में मिक्स्ड टीम, लॉन बॉल्स में वुमन्स फोर्स, टेबल टेनिस में पुरुष टीम इवेंट के फाइनल मुकाबलों के अलावा वेटलिफ्टिंग (भारोत्तोलन) में वुमन्स 76 किग्रा और 87 किग्रा तथा मेन्स 96 किग्रा के मेडल मैच शामिल हैं। इसके अलावा महिला हॉकी में भारत और इंग्लैंड के मैच पर भी सबकी नजरें होंगी।
भारतीय महिला हॉकी टीम जब इंग्लैंड से भिड़ेगी तो उसकी नजरें बदला चुकता करने पर होंगी। यह वही इंग्लैंड टीम है जिसने टोक्यो ओलंपिक के ब्रॉन्ज मेडल के प्लेऑफ में हराकर भारत को पदक से वंचित किया था। बर्मिंघम में भारतीय टीम ने पूल ए के अपने शुरुआती दो मैच में घाना पर 5-0 और वेल्स के खिलाफ 3-1 से जीत दर्ज की है। हालांकि, सविता पूनिया की अगुआई वाली टीम दबदबे वाला प्रदर्शन करने में नाकाम रही है।
उधर, ओलंपिक चैंपियन नीरज चोपड़ा का हटना भारत के लिए करारा झटका है, लेकिन राष्ट्रमंडल खेलों में हिस्सा लेने गई भारतीय एथलेटिक्स टीम में ऐसे कई खिलाड़ी हैं, जो पदक के दावेदार हैं। वे 2 अगस्त 2022 से शुरू हो रही ट्रैक एवं फील्ड स्पर्धाओं में अपनी चुनौती पेश करेंगे। लंबी कूद के एथलीट मुरली श्रीशंकर, स्टीपल चेज के खिलाड़ी अविनाश साबले, चक्का फेंक की अनुभवी खिलाड़ी सीमा पूनिया, भाला फेंक की एथलीट अनु रानी आदि पर भारत की निगाहें टिकी रहेंगी। भारत को त्रिकूद में प्रवीण चित्रवेल, अब्दुल्ला अबूबकर और एल्धोस पॉल से कम से कम एक पदक की उम्मीद है।
राष्ट्रमंडल खेल 2022: बर्मिंघम में 5वें दिन भारत का कार्यक्रम इस प्रकार है। (सभी मुकाबले भारतीय समयानुसार)
तैराकी: पुरुष: 200 मीटर बैकस्ट्रोक: हीट दो श्रीहरि नटराज: दोपहर 3.04 बजे, 1500 मीटर फ्रीस्टाइल: हीट वन: अद्वैत पेज: दोपहर 4.10 बजे, 1500 मीटर फ्रीस्टाइल: हीट दो: कुशाग्र रावत: शाम 4.28 बजे।
कलात्मक जिमनास्टिक: पुरुष: वॉल्ट फाइनल: सत्यजीत मंडल: शाम 5.30 बजे पैरलेल बार: फाइनल: सैफ तंबोली: शाम 6.35 बजे।
मुक्केबाजी: 63.5-67 किग्रा (वेल्टरवेट): प्री-क्वार्टर फाइनल: रोहित टोकस रात 11.45 बजे।
लॉन बॉल्स: महिला फोर स्पर्धा: स्वर्ण पदक मैच: शाम 4.15 बजे। पेयर स्पर्धा: पहला दौर: दोपहर एक बजे, ट्रिपल स्पर्धा: पहला दौर: दोपहर एक बजे।
पुरुष: सिंगल स्पर्धा: पहला दौर: शाम 4.15 बजे। फोर स्पर्धा: पहला दौर: रात 8.45 बजे। ट्रिपल स्पर्धा: दूसरा दौर: रात 8.45 बजे।
हॉकी: महिला पूल ए: भारत बनाम इंग्लैंड: शाम 06.30 बजे।
एथलेटिक्स (पुरुष): लंबी कूद क्वालिफाइंग दौर: एम श्रीशंकर, मोहम्मद अनस याहिया, दोपहर 2.30 बजे से। ऊंची कूद क्वालिफाइंग दौर: तेजस्विनी शंकर रात 12.03 बजे से।
एथलेटिक्स (महिला): चक्का फेंक फाइनल: सीमा पूनिया, नवजीत कौर ढिल्लों: रात 12.52 बजे।
स्क्वाश: महिला एकल प्लेट सेमीफाइनल: सुनयना सारा कुरुविला: रात 8.30 बजे से। पुरुष एकल सेमीफाइनल: सौरव घोषाल रात 9.15 बजे से।
भारोत्तोलन (महिला): 76 किग्रा: पूनम यादव: दोपहर 2 बजे। 87 किग्रा: उषा बन्नौर एनके: रात 11 बजे।
भारोत्तोलन (पुरुष): 96 किग्रा: विकास ठाकुर: शाम 06.30 बजे।
टेबल टेनिस: मेन्स टीम गोल्ड मेडल मैच, भारत बनाम सिंगापुर शाम 06.00 बजे से।