भारतीय आॅलराउंडर युवराज सिंह के लिए साल 2017 की शुरूआत काफी सकारात्मक रही है। इंग्लैंड के खिलाफ वनडे और टी20 सीरीज के लिए टीम इंडिया में उनकी वापसी हुई है। वनडे सीरीज का पहला मैच 15 जनवरी को पुणे में खेला जाएगा और युवराज इस मैच में अच्छा प्रदर्शन कर एक बार फिर से अपनी खोयी साख वापस पाना चाहेंगे। युवराज सिंह ने अपना आखिरी टी20 मुकाबला आॅस्टेलिया के खिलाफ मोहाली में खेला था। इंजरी के कारण उनको टी20 टीम से बाहर होना पड़ा था। वहीं, उन्होंने अपना आखिरी वनडे मुकाबला दिसंबर 2013 में साउथ अफ्रीका के खिलाफ सेंचुरियन पार्क में खेला था।

युवराज सिंह जहां टीम में अपने कमबैक को यादगार बनाने के लिए कड़ी मेहनत कर रहे हैं और टीम के अभ्यास सत्र में खूब पसीना बहा रहे हैं। वहीं, उनके पिता योगराज सिंह ने एक बार फिर से पुराना राग अलापा है। उन्होंने भारत के पूर्व कप्तान महेंद्र सिंह धोनी को लेकर एक बार फिर कड़वी बात बोली है। इससे पहले भी वो कई बार युवराज सिंह के टीम से बाहर होने को लेकर महेंद्र सिंह धोनी को दोषी ठहराते रहे हैं और उनपर निशाना साधते रहे हैं। महाराष्ट्रा टाइम्स में प्रकाशित एक रिपोर्ट के मुताबिक योगराज सिंह ने कहा है कि युवराज भारतीय टीम में इसलिए वापसी कर सके क्योंकि महेंद्र सिंह धोनी ने कप्तानी छोड़ दी। उन्होंने अपनी पुरानी बात को याद दिलाते हुए कहा, ‘मैने पहले भी कहा था युवराज की टीम में वापसी तब तक नहीं हो सकती जब तक महेंद्र सिंह धोनी के हाथ में टीम का नेतृत्व होगा।’

योगराज के दिल में धोनी के लिए भले ही खुन्नस हो लेकिन युवराज सिंह को महेंद्र सिंह धोनी से कोई शिकायत नहीं है। युवराज ने महेंद्र सिंह धोनी के कप्तानी छोड़ने के फैसले का स्वागत करते हुए कप्तान के तौर पर उनकी सफलता को अतुलनीय बताया था। उन्होंने कहा था, ‘हमने धोनी की कप्तानी में टी20 विश्वकप जीता, वनडे विश्वकप जीता, आईसीसी चैंपियंस ट्रॉफी में जीत हासिल की, टस्ट में नंबर एक टीम बने। एक कप्तान के तौर पर धोनी ने जो सफलता अर्जित की है इससे पहले शायद ही किसी दूसरे कप्तान ने ऐसी सफलता पायी हो।’ योगराज सिंह भले ही धोनी के कप्तानी से हटने और युवराज की टीम में वापसी का संबंध जोड़ा हो। लेकिन, चयनकर्ताओं ने युवराज को घरेलु क्रिकेट में उनके शानदार प्रदर्शन का इनामम दिया है यही सच है। युवराज ने पंजाब की ओर से खेलते हुए इस रणजी सीजन में 8 इंनिंग्स में 84 की औस्त से 672 रन बनाए।