IND vs BAN, 2nd Test, Bangladesh tour of India, 2019: भारतीय कप्तान विराट कोहली फिर अपने पुराने अंदाज में नजर आए। शनिवार को बांग्लादेश के खिलाफ दूसरे टेस्ट के दूसरे दिन कोहली ने शतकीय पारी खेली। विराट का यह 27वां टेस्ट शतक है। कोहली ने शतक पूरा करने के लिए 159 गेंदों का सामना किया। विराट ने इस मैच में न सिर्फ अपना 27वां टेस्ट शतक पूरा किया, बल्कि कई और रिकॉर्ड भी अपने नाम किए। उन्होंने बतौर भारतीय कप्तान अपना 20वां टेस्ट शतक पूरा किया। उनका यह 70वां अंतरराष्ट्रीय शतक है। वे बतौर कप्तान सबसे ज्यादा अंतरराष्ट्रीय शतक लगाने के मामले में संयुक्त रूप से पहले नंबर पर पहुंच गए हैं।

विराट डे-नाइट टेस्ट में शतक लगाने वाले पहले भारतीय हैं। वे डे-नाइट टेस्ट में शतक लगाने वाले पहले भारतीय कप्तान भी बने। विराट ने 70 अंतरराष्ट्रीय शतक लगाने के लिए 438 पारियां खेली हैं। अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में सबसे ज्यादा शतक लगाने का रिकॉर्ड सचिन तेंदुलकर के नाम है। उनके नाम 100 अंतरराष्ट्रीय शतक हैं। इसके लिए उन्होंने 782 पारियां खेली थीं।

विराट सबसे ज्यादा अंतरराष्ट्रीय शतक लगाने के मामले में तीसरे नंबर पर हैं। दूसरे नंबर पर ऑस्ट्रेलिया के पूर्व कप्तान रिकी पोंटिंग हैं। पोंटिंग ने 668 पारियों में 71 अंतरराष्ट्रीय शतक लगाए थे। वे बतौर कप्तान टेस्ट क्रिकेट में सबसे ज्यादा शतक लगाने के मामले में दूसरे नंबर पर पहुंच गए हैं। बतौर कप्तान सबसे ज्यादा टेस्ट शतक लगाने का रिकॉर्ड दक्षिण अफ्रीका के ग्रीम स्मिथ के नाम है। उन्होंने अपने टेस्ट करियर में 25 शतक लगाए थे। 19 टेस्ट शतकों के साथ रिकी पोंटिंग तीसरे नंबर पर हैं।

विराट कोहली ने इस टेस्ट मैच के पहले दिन एक और रिकॉर्ड अपने नाम किया था। वे बतौर कप्तान टेस्ट क्रिकेट में 5000 रन बनाने वाले पहले भारतीय बन गए थे। उन्होंने सबसे कम पारियों में यह उपलब्धि हासिल करने का भी रिकॉर्ड बनाया था। हालांकि, विश्व क्रिकेट में वे इस मुकाम पर पहुंचने वाले (5000 रन बनाने वाले) छठे कप्तान हैं।

कोहली की कप्तान के रूप में यह केवल 86वीं पारी है। इस तरह से उन्होंने ऑस्ट्रेलिया के पूर्व कप्तान रिकी पोंटिंग का रिकॉर्ड तोड़ा। पोंटिंग ने कप्तान के रूप में 97 पारियों में 5000 रन पूरे किए थे। विराट कोहली के अलावा वेस्टइंडीज के क्लाइव लायड 106 पारियों में, दक्षिण अफ्रीका के ग्रीम स्मिथ 110 पारियों में, आस्ट्रेलिया के एलन बॉर्डर 116 पारियों में और न्यूजीलैंड के स्टीफन फ्लेमिंग ने 130 पारियों में यह मुकाम (बतौर कप्तान 5000 टेस्ट रन बनाने का) हासिल किया था।