England vs Australia, 2nd Test: ऑस्ट्रेलिया के बल्लेबाज स्टीव स्मिथ इंग्लैंड के खिलाफ दूसरे टेस्ट मैच के चौथे दिन शनिवार को जोफ्रा आर्चर के बाउंसर से गर्दन पर चोट लगने के बावजूद दोबारा क्रीज पर उतरे लेकिन आठ रन से लगातार तीसरी पारी में शतक जमाने से चूक गये। स्मिथ को दिन के दूसरे सत्र में आर्चर की गेंद पर चोटिल होने के कारण क्रीज छोड़नी पड़ी थी। उन्होंने हालांकि मैदान पर वापसी की और आखिर में 92 रन बनाकर एलबीडब्ल्यू आउट हुए। इस तरह से श्रृंखला में वह पहली बार शतक नहीं जमा पाये। यह स्टार बल्लेबाज तब 80 रन पर था जबकि इंग्लैंड के तेज गेंदबाज आर्चर की 92.3 मील प्रति घंटे की रफ्तार से की गयी गेंद उनके गर्दन और सिर के बीच वाले हिस्से में लगी।स्मिथ मुंह के बल नीचे गिर गये। उन्होंने जो हेलमेट पहन रखा था उस पर गर्दन के बचाव की सुविधा नहीं थी।
हेलमेट में इस तरह की व्यवस्था फिलिप ह्यूज की 2014 में सिडनी में एक घरेलू मैच में बाउंसर लगने से हुई मौत के बाद की गयी थी। ऑस्ट्रेलिया और इंग्लैंड के चिकित्सार्किमयों ने स्मिथ का मैदान पर ही उपचार किया। इसके बाद वह उठ गये और उन्होंने आस्ट्रेलियाई टीम चिकित्सक रिचर्ड सॉ के साथ लंबी बातचीत के बाद रिटायर्ड हर्ट होने का फैसला किया। जब वह पवेलियन लौट रहे थे तो दर्शकों ने उनके लिये तालियां बजायी।
#Ashes19 I don’t want to see, ever again, anyone else fall the way Steve Smith did on that ball. No one. #Ashes19 #smith pic.twitter.com/BVJFj5z9VA
— Surya Forever (@SuryaForever5) August 17, 2019
स्मिथ ने 46 मिनट तक मैदान से बाहर रहने के बाद पीटर सिडल के आउट होने पर फिर से क्रीज पर संभाली और इसके बाद उन्होंने क्रिस वोक्स की जो दूसरी और तीसरी गेंद खेली उस पर चौके लगाये। लेकिन जब वह 92 पर थे तब उन्होंने वोक्स की गेंद को छोड़ दिया जो उन्हें पगबाधा आउट कर गयी। इस बार भी दर्शकों ने तालियां बजाकर उनकी सराहना की। (भाषा इनपुट के साथ)