इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) 2020 में 17 अक्टूबर को हुए पहले मैच में रॉयल चैलेंजर्स बंगलौर (आरसीबी) ने राजस्थान रॉयल्स को 7 विकेट से हरा दिया। दुबई के दुबई इंटरनेशनल क्रिकेट स्टेडियम में हुए इस मैच में स्टीव स्मिथ की अगुआई वाली राजस्थान रॉयल्स ने टॉस जीत जीतकर बल्लेबाजी चुनी है।

राजस्थान ने स्टीव स्मिथ और रॉबिन उथप्पा की शानदार पारियों के दम पर 20 ओवर में 6 विकेट पर 177 रन बनाए। लक्ष्य का पीछा करने उतरी बंगलौर ने 19.4 ओवर में 3 विकेट पर 179 रन बनाकर मैच अपने नाम कर  लिया। उसकी इस जीत में एबी डिविलियर्स ने अहम भूमिका निभाई।

डिविलियर्स ने 6 छक्के और एक चौके की मदद से 22 गेंद में अपना अर्धशतक पूरा किया। उन्होंने अपनी 55 रन की नाबाद पारी के छक्कों की हैट्रिक भी लगाई। डिविलियर्स ने गुरकीरत मान संग मिलकर चौथे विकेट के लिए 39 गेंद में 77 रन की नाबाद साझेदारी भी की। गुरकीरत 17 गेंद में 19 रन बनाकर नाबाद रहे।

इससे पहले स्मिथ ने 6 चौके और एक छक्के की मदद से 36 गेंद में 57 रन बनाए। उथप्पा ने 7 चौके और एक छक्के की मदद से 22 गेंद में 41 रन बनाए। जोस बटलर 25 गेंद में 24 बनाकर आउट हुए। राहुल तेवतिया 11 गेंद में 19 रन बनाकर नाबाद रहे। क्रिस मॉरिस बंगलौर के सबसे सफल गेंदबाज रहे। उन्होंने 26 रन देकर 4 विकेट लिए। इसमें 2 विकेट आखिरी ओवर में लिए। युजवेंद्र चहल ने 34 रन देकर 2 विकेट लिए।

IPL 2020 Live Score, RR vs RCB Live Cricket Score: यहां जानिए हिंदी में मैच के लाइव अपडेट्स

राजस्थान और बंगलौर के बीच इस सीजन यह दूसरा मुकाबला था। इससे पहले दोनों के बीच 3 अक्टूबर को मैच हुआ था, उसे भी आरसीबी ने 8 विकेट से अपने नाम किया था। वह मैच अबुधाबी के शेख जायद स्टेडियम में खेला गया था।

[ie_ipl_scorecard match_id=47970]

Live Blog

19:02 (IST)17 Oct 2020
ताबड़तोड़ बल्लेबाजी कर रहे एबी डिविलियर्स

18 ओवरों का खेल हो चुका है। बंगलौर का स्कोर 3 विकेट पर 143 रन है। एबी डिविलियर्स 16 गेंद में 28 और गुरकीरत मान 13 गेंद में 11 रन बनाकर खेल रहे हैं। दोनों के बीच 29 गेंद में 41 रन की साझेदारी हो चुकी है। बंगलौर को जीत के लिए अभी 12 गेंद में 35 रन चाहिए।

18:40 (IST)17 Oct 2020
राहुल बने सुपरमैन तेवतिया, पकड़ा कोहली का शानदार कैच

बंगलौर को दो गेंद में दो बड़े झटके लगे। राहुल तेवतिया ने 13वां ओवर फेंका। उनकी आखिरी गेंद को देवदत्त पडिक्कल ने बाउंड्री के बाहर भेजने की कोशिश की, लेकिन शॉट मिस कर गए और बेन स्टोक्स ने उनका कैच पकड़ने में कोई गलती नहीं की। देवदत्त 37 गेंद में 35 रन बनाकर आउट हुए। उन्होंने अपनी पारी के दौरान 2 चौके लगाए। 14वां ओवर कार्तिक त्यागी ने फेंका। उनकी पहली ही गेंद को विराट कोहली ने छक्के के लिए खेला, लेकिन बाउंड्री पर राहुल तेवतिया ने बहुत ही शानदार कैच पकड़ा। राहुल तेवतिया ने कैच पकड़ा, संतुलन बिगड़ता देख गेंद को बाउंड्री के अंदर की ओर उछाल दिया, फिर भागकर गेंद को गिरने से पहले खुद ही कैच पकड़ लिया। विराट कोहली की जगह गुरकीरत मान क्रीज पर आए। दूसरे छोर पर एबी डिविलियर्स हैं।

18:24 (IST)17 Oct 2020
11 ओवर के बाद बंगलौर का स्कोर एक विकेट पर 84 रन

बंगलौर ने 11 ओवर में एक विकेट पर 84 रन बना लिए हैं। विराट कोहली 24 गेंद में 29 और देवदत्त पडिक्कल 32 गेंद में 33 रन बनाकर खेल रहे हैं। ये दोनों बल्लेबाज 46 गेंद में 61 रन की साझेदारी कर चुके हैं। राहुल तेवतिया ने 11वां ओवर फेंका। विराट और देवदत्त ने इस ओवर में 7 रन बनाए। बंगलौर को अभी 54 गेंद में 94 रन बनाने हैं। उसे यदि यह लक्ष्य हासिल करना हो तो कुछ बड़े शॉट्स लगाने होंगे।

17:54 (IST)17 Oct 2020
श्रेयस गोपाल ने राजस्थान को दिलाई पहली सफलता

श्रेयस गोपाल ने राजस्थान को पहली सफलता दिलाई। उन्होंने चौथे ओवर की तीसरी गेंद पर एरोन फिंच का बड़ा विकेट झटका। फिंच 11 गेंद में 14 रन बनाकर आउट हुए। इसमें उनके 2 छक्के भी शामिल हैं। फिंच गोपाल की गेंद को स्लॉग स्वीप करने के चक्कर में रॉबिन उथप्पा को कैच थमा बैठे। फिंच की जगह विराट कोहली क्रीज पर आए। चौथे ओवर के बाद बंगलौर का स्कोर 1 विकेट पर 27 रन है। देवदत्त पडिक्कल के 12 गेंद में 10 रन हैं।

17:46 (IST)17 Oct 2020
एरोन फिंच ने एक ओवर में जड़े 2 छक्के

राजस्थान के लिए जोफ्रा आर्चर पहला ओवर लेकर आए। बंगलौर की ओर से देवदत्त पडिक्कल और एरोन फिंच ने पारी की शुरुआत की। पहले ओवर में सिर्फ 4 रन बने। दूसरा ओवर श्रेयस गोपाल ने फेंका। उनके इस ओवर में 5 रन बने। तीसरा ओवर फिर जोफ्रा आर्चर ने फेंका। यह ओवर राजस्थान के लिए महंगा साबित हुआ। इस ओवर की पहली और आखिरी गेंद पर एरोन फिंच ने छक्के जड़े। 3 ओवरों के बाद बंगलौर का स्कोर बिना विकेट खोए 22 रन है। फिंच के 10 गेंद में 14 और देवदत्त पडिक्कल के 8 गेंद में 6 रन हैं।

17:10 (IST)17 Oct 2020
राजस्थान ने 19 ओवर में बनाए 4 विकेट पर 173 रन

राजस्थान रॉयल्स ने 19 ओवर में 4 विकेट पर 173 रन बना लिए हैं। स्टीव स्मिथ 6 चौके और एक छक्के की मदद से 34 गेंद में 57 रन बनाकर खेल रहे हैं। उन्होंने 30 गेंद में अपना अर्धशतक पूरा किया। इसके साथ ही उन्होंने आईपीएल में अपने 1000 रन भी पूरे कर लिए हैं। इसुरू उडाना के 19वें ओवर में राहुल तेवतिया ने एक चौका और एक छक्का जड़ा। राहुल तेवतिया का स्कोर 10 गेंद में 18 रन हो गया है।

16:54 (IST)17 Oct 2020
क्रिस मॉरिस ने पहली बार लिया जोस बटलर का विकेट

राजस्थान ने 16 ओवर में 4 विकेट पर 133 रन बनाए। उसे चौथा झटका 16वें ओवर में ही लगा। क्रिस मॉरिस ने अपनी तीसरी गेंद पर जोस बटलर को नवदीप सैनी के हाथों कैच करा दिया। क्रिस मॉरिस 10वीं बार जोस बटलर के खिलाफ खेले। उन्होंने पहली बार बटलर का विकेट लिया है। बटलर ने 25 गेंद में 24 रन बनाए। उन्होंने अपनी पारी के दौरान एक चौका और एक छक्का लगाया। बटलर की जगह राहुल तेवतिया क्रीज पर आए। 

16:39 (IST)17 Oct 2020
स्टीव स्मिथ और जोस बटलर ने संभाली पारी

राजस्थान ने 14 ओवरों में 3 विकेट पर 108 रन बना लिए हैं। जोस बटलर 23 गेंद में 23 और स्टीव स्मिथ 14 गेंद में 15 रन बनाकर खेल रहे हैं। 14वें ओवर में राजस्थान ने 5 रन बनाए। इससे पहले 13वां ओवर वॉशिंगटन सुंदर ने फेंका। उनके इस ओवर में स्मिथ और बटलर ने 7 रन बनाए। इस ओवर में राजस्थान ने अपना शतक पूरा किया। इन दोनों खिलाड़ियों के बीच 40 गेंद में 45 रन की साझेदारी हो चुकी है।

16:23 (IST)17 Oct 2020
युजवेंद्र चहल ने कराई बंगलौर की वापसी

बंगलौर के लिए 8वां ओवर खुशियां लेकर आया। युजवेंद्र चहल ने ओवर की चौथी और पांचवीं गेंद पर राजस्थान को दो तगड़े झटके दिए। उन्होंने पहले रॉबिन उथप्पा को डीप मिड-विकेट पर एरोन फिंच के हाथों कैच कराया। उथप्पा ने 7 चौके और एक छक्के की मदद से 22 गेंद में 41 रन बनाए। उथप्पा की जगह स्टीव स्मिथ क्रीज पर आए। हालांकि, इस दौरान स्ट्राइक बदल गई। इसके बाद चहल ने अगली गेंद पर संजू सैमसन को लॉन्ग ऑफ पर क्रिस मॉरिस के हाथों कैच करा दिया। सैमसन 6 गेंद में 9 रन ही बना पाए। 

16:01 (IST)17 Oct 2020
राजस्थान को लगा पहला झटका, स्टोक्स लौटे पवेलियन

राजस्थान को छठे ओवर में पहला झटका लगा। क्रिस मॉरिस के ओवर की चौथी गेंद पर बेन स्टोक्स विकेट के पीछे एबी डिविलियर्स के हाथों कैच आउट हो गए। उन्होंने 19 गेंद में 15 रन बनाए। उनकी जगह क्रीज पर दाएं हाथ के बल्लेबाज संजू सैमसन आए। रॉबिन उथप्पा 15 गेंद में 31 रन बनाकर खेल रहे हैं। इससे पहले राजस्थान ने 5 ओवर में 47 रन बनाए थे। नवदीप सैनी के पांचवें ओवर में राजस्थान ने 9 रन बनाए। इससे पहले इसुरू उडाना के ओवर में राजस्थान ने 17 रन अपने खाते में जोड़े थे।

15:46 (IST)17 Oct 2020
रॉबिन उथप्पा का खतरनाक अंदाज

रॉयल चैलेंजर्स बंगलौर के लिए स्पिनर वॉशिंगटन सुंदर पहला ओवर लेकर आए। राजस्थान रॉयल्स की ओर से बेन स्टोक्स और रॉबिन उथप्पा ने पारी की शुरुआत की। उथप्पा और स्टोक्स शुरुआती दो ओवर में 5 रन ही बना पाए, हालांकि, तीसरे ओवर में उथप्पा ने सुंदर की गेंदों की जमकर धुनाई की। उन्होंने तीसरे ओवर में 4 चौके जड़ हिसाब बराबर कर दिया। तीन ओवरों के बाद राजस्थान का स्कोर बिना विकेट खोए 21 रन है।

15:12 (IST)17 Oct 2020
रॉयल चैलेंजर्स बंगलौर की प्लेइंग इलेवन

रॉयल चैलेंजर्स बंगलौर प्लेइंग इलेवन: विराट कोहली (कप्तान), देवदत्त पडिक्कल, एरोन फिंच, एबी डीविलियर्स (विकेटकीपर), वॉशिंगटन सुंदर, क्रिस मॉरिस, इसुरू उडाना, नवदीप सैनी, युजवेंद्र चहल, शाहबाज अहमद, गुरकीरत सिंह मान।

15:12 (IST)17 Oct 2020
राजस्थान रॉयल्स की प्लेइंग इलेवन

राजस्थान रॉयल्स प्लेइंग इलेवन: स्टीव स्मिथ (कप्तान), बेन स्टोक्स, जोस बटलर (विकेटकीपर), संजू सैमसन, रॉबिन उथप्पा, रियान पराग, राहुल तेवतिया, जोफ्रा आर्चर, श्रेयस गोपाल, जयदेव उनादकट, कार्तिक त्यागी।