भारतीय टीम के स्पिनर रविचंद्रन अश्चिन सबसे तेज 200 टेस्ट विकेट लेने वाले भारतीय खिलाड़ी बन गए हैं। उन्होंने यह उपलब्धि भारत व न्यूजीलैंड के बीच कानपुर के ग्रीनपार्क स्टेडियम में खेले जा रहे पहले टेस्ट मैच में हासिल की। न्यूजीलैंड के कप्तान केन विलियमसन अश्चिन का 200वां शिकार बने। विलियमसन से पहले अश्चिन पारी में तीन विकेट पहले ही ले चुके थे। उनकी गेंदबाजी की बदौलत भारत ने पहले टेस्ट पर शिकंजा कस दिया है। अश्विन ने इस मुकाम तक पहुंचने में केवल 37 टेस्ट लिए, उनसे पहले हरभजन सिंह ने सबसे कम 46 टेस्ट में 200 विकेट पूरे किए थे। अश्विन की यह उपलब्धि डेनिस लिली, वकार युनुस और डेल स्टेन से भी बेहतर हैं जिन्होंने क्रमश 38, 38 और 39वें टेस्ट में यह कारनामा किया। अश्चिन पूरी दुनिया में सबसे तेज 200 टेस्ट विकेट हासिल करने वाले गेंदबाजों की सूची में दूसरे पायदान पर हैं। ऑस्ट्रेलिया के क्लेयर ग्रिमेट ने सिर्फ 36 टेस्ट में ही 200 विकेट हासिल किए थे।
भारत और न्यूजीलैंड के बीच खेले जा रहे पहले टेस्ट मैच में मेजबान टीम ने चौथे दिन अपनी पकड़ मज़बूत कर ली है। जीत के लिए 434 रनों के लक्ष्य का पीछा करने उतरी मेहमान टीम ने 26 ओवर में 77 रन पर 4 विकेट खो दिए हैं। फिलहाल ल्यूक रोंची 25 और मिशेल सैंटनर 05 रन बनाकर खेल रहे हैं। दूसरी पारी में बल्लेबाजी करने उतरी न्यूजीलैंड की टीम को रविचंद्रन अश्विन ने चौथे ओवर की पहली गेंद पर मार्टिन गुप्टिल (5 गेंद में 00 रन) को मुरली विजय के हाथों कैच आउट करवाकर भारत को पहली सफलता दिलाई। इसी ओवर की पांचवीं गेंद पर सलामी बल्लेबाज टाम लाथम (15 गेंद में 2 रन) भी चलते बने। वे अश्विन की गेंद पर पगबाधा करार दिए गए। 18वें ओवर की पांचवीं गेंद पर न्यूजीलैंड को अश्विन ने तीसरा झटका दिया जब उनकी गेंद केन विलियमसन (59 गेंद में 25 रन) की पैर से जा टकराई और वे एलबीडब्ल्यू हो गए। इसे बाद रोस टेलर भी 17 रन (36 गेंद में) के निजी स्कोर पर दुर्भाग्यपूर्ण तरीके से रन आउट हुए। इससे पहले रविवार (25 सितंबर) को भारत ने अपनी पारी 377 रन (5 विकेट) पर घोषित कर दी।
READ ALSO: IND vs NZ, Day 4: कानपुर टेस्ट में भारत की पकड़ मज़बूत, न्यूजीलैंड को जीत के लिए 341 रनों की दरकार