पाकिस्तान की टेस्ट क्रिकेट टीम के कप्तान मिस्बाह-उल-हक विश्व के उन चुनिंदा खिलाड़ियों की सूची में शामिल हो गए हैं, जिन्होंने 6 गेंद पर 6 छक्के जड़ने का कारनामा किया है। 42 साल के मिस्बाह ने हांगकांग टी20 ब्लिट्स क्रिकेट टूर्नामेंट में हांगकांग आईलैंड टीम की तरफ से खेलते हुए 6 गेंद में छह छक्के जड़ने का कारनामा किया। मिस्बाह ने हंग होम जगुआर्स टीम के खिलाफ 9 मार्च को खेले गए मैच के दौरान इस कारनामे को अंजाम दिया। उन्होंने जगुआर्स टीम के गेंदबाज इमरान आरिफ के ओवर में आखिरी दो गेंद पर छक्के जड़ इस सिलसिले की शुरुआत की। इमरान आरिफ हांगकांग आईलैंड की पारी का 18वां ओवर कर रहे थे। उनके इस ओवर की पांचवीं गेंद को मिस्बाह ने छह रनों के लिए बाउंड्री के पार पहुंचा दिया। आरिफ के ओवर की अंतिम गेंद को भी मिस्बाह ने दर्शक दीर्घा के बाहर पहुंचा दिया।

हांगकांग आईलैंड के 19वें ओवर की शुरुआत एश्ले कैडी ने की। मिस्बाह ने उनके ओवर की अगली चार गेंदों को छह रन के लिए भेजकर छह गेंदों पर 6 छक्के लगाने का कारनामा कर दिया। कैडी के इस ओवर की दो गेंदों को मिस्बाह ने फाइन लेग के उपर से छह रनों के लिए भेज दिया। इसके बाद तेज गेंदबाज एश्ले कैडी अपने कप्तान से मशविरा करने पहुंचे। कैडी ने ओवर की तीसरी गेंद की और मिस्बाह ने इस गेंद को भी 6 रनों के लिए भेज दिया। एश्ले कैडी के चहरे पर निराशा साफ देखी जा सकती थी। मिस्बाह उन्हें बिल्कुल भी बख्शने के मूड में नहीं थे। उन्होंने चौथी गेंद को भी छह रनों के लिए बाउंड्री लाइन से बाहर भेजकर लगातार छह गेंदों पर छह छक्के जड़ने का कारनामा कर दिखाया।

इस मुकाबले में अपनी टीम हांगकांग आईलैंड के लिए मिस्बाह-उल-हक ने 37 गेंदों में 82 रनों की पारी खेली। इसके दम पर आईलैंड ने जगुआर्स के सामने 216 रनों का विशाल लक्ष्य रखा। मिस्बाह ने अपनी पारी में 7 गगनचुंबी छक्के और चार चौके लगाए। लक्ष्य का पीछा करते हुए जगुआर्स टीम ने भी 20 ओवर में 8 विकेट के नुकसान पर 183 रन बनाए। जगुआर्स के लिए बल्लेबाज जोनाथन फू ने 77 रनों की पारी खेली लेकिन उनका यह प्रयास उनकी टीम को जीत दिलाने के लिए नाकाफी था। इस तरह हांगकांग आईलैंड टीम ने यह मुकाबला 33 रनों से जीत लिया।