महेंद्र सिंह धोनी का मानना है कि वे 2019 के वर्ल्ड कप के बाद भी अंतरराष्ट्रीय खेलना जारी रख सकते हैं। हालांकि इसके लिए उन्होंने फिटनेस की शर्त रखी है। भारतीय क्रिकेट टीम के पूर्व कप्तान ने दिल्ली में एक कार्यक्रम के दौरान कहा कि वर्तमान में जिस तरह से उनकी फिटनेस है उस हिसाब से तो वे हाल फिलहाल खेल को अलविदा नहीं कहने वाले। उनसे पूछा गया कि क्या वे 2019 का वर्ल्ड कप खेलने के लिए खुद को 100 प्रतिशत फिट मानते हैं। इस पर धोनी ने जवाब दिया, ”100 प्रतिशत जैसा कुछ नहीं होता है। इसका कारण यह है कि अभी हम 2017 में है और अब से 2019 दो साल दूर है। दो सालों में काफी कुछ बदल सकता है। विशेष रूप से जब आप 10 साल क्रिकेट खेल चुके हों और भारतीय टीम के कार्यक्रम को देखते हुए यह काफी कठिन है।”
धोनी ने आगे बताया, ”उसके बाद आप थोड़े विंटेज कार बन जाते है। काफी ध्यान रखना पड़ता है। आज जैसे मैं बैठा हूं और जैसे मैं हूं, इस तरह से आसानी मैं उससे (2019 वर्ल्ड कप) आगे खेल सकता हूं।” गौरतलब है कि एमएस धोनी टेस्ट क्रिकेट से संन्यास ले चुके हैं। वे केवल वनडे और टी20 क्रिकेट ही खेलते हैं। जनवरी में उन्होंने सीमित ओवर्स के फॉर्मेट की कप्तानी भी छोड़ दी थी। घरेलू क्रिकेट में उन्होंने हाल ही में झारखंड टीम का विजय हजारे ट्रॉफी में नेतृत्व किया था। उनकी कप्तानी में टीम सेमीफाइनल तक गर्इ थी। यहां पर झारखंड को बंगाल के हाथों हार का सामना करना पड़ा था। बता दें कि बंगाल ने विजय हजारे ट्रॉफी जीती थी।
https://www.youtube.com/watch?v=FqPQtZwN_BA
इस टूर्नामेंट में धोनी अच्छी फॉर्म में नजर आए थे। उन्होंने एक शतक सहित काफी अच्छी पारियां खेली थी। कुछ मैचों में तो उन्होंने झारखंड को अपने परंपरागत अंदाज में छक्का लगाकर जीत दिलाई थी। इस साल जुलाई में धोनी 36 साल के हो जाएंगे। इसके चलते अटकलें हैं कि वे 2019 का वर्ल्ड कप शायद ही खेल पाएं। उनके कोच केशव बनर्जी ने भी पिछले दिनों कहा था कि इंग्लैंड में होने वाली चैंपियंस ट्रॉफी में प्रदर्शन से धोनी के भविष्य का फैसला हो जाएगा।