भारतीय वनडे और टी20 क्रिकेट टीम के कप्तान महेंद्र सिंह धोनी ने न्यूजीलैंड के खिलाफ मोहाली वनडे में विकेट के पीछे नया रिकॉर्ड बना दिया। उन्होंने अमित मिश्रा की गेंद पर रॉस टेलर के विकेट उड़ाकर अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में 150 स्टंप पूरे किए। वे अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में 150 स्टंप करने वाले दुनिया के इकलौते विकेटकीपर हैं। धोनी के नाम 444 मैचों(टेस्ट/वनडे/टी20) में 151 स्टंप हैं। मोहाली वनडे में ही उन्होंने ल्यूक रोंची को भी अमित मिश्रा की गेंद पर स्टंप किया। धोनी भारत की ओर से सबसे सफल विकेटकीपर हैं। धोनी ने टेस्ट में 38, वनडे में 91 और टी20 में 22 स्टंप किए हैं। उन्होंने वनडे में कुल मिलाकर 355 शिकार किए हैं, इसमें 264 कैच शामिल हैं। वहीं टेस्ट में उनके नाम 294 शिकार हैं जिनमें 256 कैच हैं।
धोनी के बाद सबसे ज्यादा स्टंप श्रीलंका के कुमार संगकारा के नाम हैं। उन्होंने 464 मैच में 139 स्टंप किए। तीसरे नंबर पर श्रीलंका के ही रमेश कालूवितर्णा हैं, जिन्होंने 234 मैचों में 101 स्टंप किए। चौथे नंबर पर 93 स्टंप के साथ पाकिस्तान के मोईन खान हैं। वहीं ऑस्ट्रेलिया के एडम गिलक्रिस्ट 92 स्टंप के साथ पांचवें पायदान पर हैं। सबसे ज्यादा स्टंप करने वाले टॉप 5 विकेटकीपर्स में चार एशिया के हैं। धोनी ने साल 2004 में अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में पदार्पण किया था। इसके बाद से उन्होंने भारत के लिए तीनों फॉर्मेट में कीपिंग की है। दिसंबर 2014 में उन्होंने टेस्ट क्रिकेट से संन्यास ले लिया था।
इस मामले में एमएस धोनी और माइकल बेवन से कहीं आगे हैं विराट कोहली!
धोनी वर्तमान में बल्लेबाजी में फॉर्म से जूझ रहे हैं। वर्ल्ड कप 2015 के बाद से उनके बल्ले से केवल एक अर्धशतक निकला है। साथ ही वे एक बार भी नॉटआउट नहीं लौटे हैं। उनका बल्लेबाजी औसत भी इस अवधि में 20-25 के बीच रहा है जो कि उनके ऑवरआल औसत से काफी कम हैं। हाल के दिनों में कई मैचों में वे टीम को फिनिशिंग लाइन पार कराने में भी नाकाम रहे हैं। दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ पिछले साल वनडे सीरीज से यह सिलसिला शुरू हुआ था जो वेस्ट इंडीज के खिलाफ टी20 सीरीज के पहले मैच में भी जारी रहा था। न्यूजीलैंड के खिलाफ दिल्ली वनडे में भी धोनी जमने के बाद आउट हो गए। इसके चलते टीम को 6 रन से हार झेलनी पड़ी थी।
धर्मशाला वनडे में फील्डर पर बरसे एमएस धोनी, इशारों में कहा- आंखों को काम में लो, ध्यान लगाओ