क्रिस गेल (77) और कप्तान विराट कोहली (64) की सलामी जोड़ी की तूफानी पारियों के बाद युजवेंद चहल (31-3) की उम्दा गेंदबाजी के दम पर रॉयल चैलेंजर्स बेंगलोर टीम ने मंगलवार को खेले गए इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) के 10वें संस्करण के 20वें राउंड रोबिन लीग मैच में गुजरात लायंस 21 रनों से हरा दिया। बेंगलोर ने गुजरात के सामने 214 रनों का लक्ष्य रखा था लेकिन 20 ओवरों की समाप्ति तक गुजरात की टीम सात विकेट पर 197 रन ही बना सकी। बड़े और चुनौतीपूर्ण लक्ष्य का पीछा करने उतरी गुजरात की टीम की शुरूआत अच्छी नहीं रही। उसने एक रन के कुल योग पर अपने कैरेबियाई सलामी बल्लेबाज ड्वायन स्मिथ (1) का विकेट गंवा दिया। कप्तान सुरेश रैना ने आते ही तेज शुरूआत की और आठ गेंदों पर दो चौके और इतने ही छक्के लगाते हुए 23 रन बनाए लेकिन 37 के कुल योग पर युजवेंद्र चहल का शिकार हुए। एक छोर पर हालांकि ब्रेंडन मैक्लम का जादू चल रहा था। मैक्लम ने अपने नए साथी एरान फिंच के साथ तीसरे विकेट के लिए 66 रनों की साझेदारी करते हुए अपनी टीम को मुशिक्ल से निकालने का प्रयास किया लेकिन फिचं 15 गेंदों पर दो चौकों और एक छक्के की मदद से 19 रन बनाने के बाद 103 के कुल योग पर पवेलियन लौट गए।
लायंस को सबसे बड़ी उम्मीद फार्म में चल रहे विकेटकीपर बल्लेबाज दिनेश कार्तिक से थी लेकिन श्रीनाथ अरविंद ने एक के निजी योग पर उन्हें चलता कर लायंस की मानो कमर ही तोड़ दी। कार्तिक का विकेट 106 के कुल योग पर गिरा। इस बीच मैक्लम ने 30 गेंदों पर 50 रन पूरे किए। वह एक छोर सम्भाले थे और ऐसा लग रहा था कि अपनी ख्याति के साथ न्याय करते हुए वह लायंस की नैया पार लगा देंगे लेकिन 137 के कुल योग पर उनका भी संयम जवाब दे गया। मैक्लम को चहल ने चलता किया। मैक्लम ने 44 गेंदों का सामना कर दो चौके और सात छक्के लगाए। गेंद के साथ काफी महंगे साबित हुए रवींद्र जडेजा ने तेजी से रन बटोरने का प्रयास करते हुए दबाव कम करने की कोशिश की लेकिन 165 के कुल योग पर वह दुर्भाग्यपूर्ण तरीके से रन आउट हो गए। जडेजा ने 22 गेदों पर दो चौकों की मदद से 23 रन बनाए। अंतिम समय में ईशान किशन ने खुलकर हाथ दिखाए और 16 गेंदों का सामना करते हुए बहादुरी से 39 रन बनाए।
ईशान ने अरविंद द्वारा फेंके गए पारी के 19वें ओवर में 20 रन लेकर अपनी टीम को दौड़ में बनाए रखा लेकिन अंतिम ओवर टीम को जीत तक ले जाने का मौका उनके हाथ से निकल गया। ईशान ने दो चौके और चार छक्के लगाए। पवन नेगी ने इस मैच में काफी किफायती गेंदबाजी करते हुए चार ओवरों में 21 रन खर्च किए और एक सफलता हासिल की। इससे पहले, लायंस की ओर से बल्लेबाजी का आमंत्रण मिलने पर उतरी चैलेंजर्स ने निर्धारित 20 ओवरों में महज दो विकेट खोकर 213 रन बनाए।
पहले बल्लेबाजी करने उतरी चैलेंजर्स को कोहली और गेल की जोड़ी ने तूफानी शुरूआत दी और गुजरात के गेंदबाजों की जमकर धुनाई की। इस जोड़ी ने 6.5 ओवरों में टीम का आकंड़ा 50 तक पहुंचा दिया। कोहली और गेल यहीं नहीं रूके। इन दोनों ने अपने बीच 10वीं शतकीय साझेदारी की। यह जोड़ी आईपीएल के इतिहास में ऐसा करने वाली पहली जोड़ी है। कोहली और गेल ने पहले विकेट लिए 12.4 ओवरों में 9.63 की औसत से 122 रन जोड़े।
खतरनाक गेल को बासिल थंपी ने शानदार यॉर्कर फेंक पवेलियन भेजा। गेल ने अपनी आतिशी पारी में 38 गेंदें खेली और सात छक्के तथा पांच चौके लगाए। गेल ने साथ ही इस मैच में टी-20 क्रिकेट में अपने 10,000 रन पूरे किए। वह यह रिकार्ड बनाने वाले पहले बल्लेबाज हैं। गेल के जाने के मेहमान टीम के कप्तान कोहली ने अपना अर्धशतक पूरा किया। 50 गेंदों की अपनी पारी में सात चौके और एक छक्का मारने वाले कोहली को धवल कुलकर्णी ने पवेलियन की राह दिखाई। कोहली 16वें ओवर की पांचवीं गेंद पर 159 के कुल स्कोर पर पवेलियन लौटे। गेल और कोहली के जाने के बाद ट्रेविस हेड (नाबाद 30) और केदार जाधव (नाबाद 38) ने गुजरात के गेंदबाजों की पिटाई की और तेजी से रन बटोरने चालू रखे। इन दोनों ने तीसरे विकेट के लिए 4.1 ओवर में 12.96 की औसत से 54 रनों की साझेदारी की। जाधव ने अपनी पारी में 16 गेंदों का सामना किया और पांच चौके तथा दो छक्के लगाए। वहीं ट्रेविस ने भी 16 गेंदें खेलीं और दो चौके सहित एक छक्का लगाया। गुजरात के सबसे महंगे गेंदबाज रवींद्र जडेजा रहे। उन्होंने अपने कोटे के चार ओवरों में 57 रन दिए और एक भी विकेट नहीं लिया।
[matchcode-to-post id=”gsbc04182017183397″]
यहां पढ़ें LIVE Gujarat Lions (GL) vs Royal Challengers Bangalore (RCB) Match Cricket Score, IPL 2017 T20
11:40 PM: रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु ने गुजरात लायंस को 21 रन से मात देकर आईपीएल 10 में अपनी दूसरी जीत दर्ज की है। बेंगलुरु द्वारा दिए गए 214 रनों के लक्ष्य कर पीछा करते हुए गुजरात लायंस की टीम 20 ओवर में 7 विकेट के नुकसान पर 192 रन ही बना सकी।
11:23 PM: रवींद्र जडेजा रन आउट होकर पवेलियन लौट चुके हैं। इसके साथ ही गुजरात लायंस की जीत की उम्मीदें धुमिल पड़ने लगी हैं। उसे मैच जीतने के लिए 14 गेंदों में 49 रन बनाने हैं।
11:20 PM: 17वें ओवर की समाप्ति के बाद गुजरात लायंस का स्कोर 156/5, रवींद्र जडेजा 21 और इशान किशन 12 रन बनाकर क्रीज पर हैं। जीत के लिए 18 गेंदों में 58 रन बनाने हैं।
11:12 PM: इशान किशन और रवींद्र जडेजा बल्लेबाजी कर रहे हैं। गुजरात को जीतने के लिए 24 गेंदों में 68 रन बनाने हैं।
11:08 PM: युजवेंद्र चहल ने ब्रेंडन मैकलम की पारी का अंत कर दिया है। मैकलम ने आउट होने से पहले 44 गेंदों में 2 चौकों और 7 छक्कों की मदद से 72 रनों की पारी खेली। उन्हें एडम मिल्न ने कैच आउट किया।
11:04 PM: चौदहवें ओवर की समाप्ति पर गुजरात लायंस का स्कोर 134/4, मैच जीतने के लिए 36 गेंदों में 80 रन बनाने हैं। रवींद्र जडेजा और ब्रेंडन मैकलम की जोड़ी क्रीज पर है। मैकलम 71 रन बनाकर खेल रहे हैं।
10:50 PM: श्रीनाथ अरविंद की गेंद पर विराट कोहली ने दिनेश कार्तिक का कैच पकड़ गुजरात को चौथा झटका दे दिया। कार्तिक सिर्फ एक रन का योगदान दे सके। उनके आउट होने के बाद रवींद्र जडेजा क्रीज पर आए हैं।
10:46 PM: आरोन फिंच के आउट होने के बाद दिनेश कार्तिक बल्लेबाजी के लिए क्रीज पर आए हैं। ब्रेंडन मैक्कलम अर्धशतक बनाकर क्रीज पर मौजूद हैं। गुजरात को जीत के लिए 57 गेंद में 109 रन बनाने हैं।
10:41 PM: ब्रेंडन मैक्कलम ने अर्धशतक लगाया है, वो क्रीज पर मौजूद हैं। आरोन फिंच को पवन नेगी ने केदार जाधव के हाथों स्टंप आउट कराया और गुजरात के तीसरे विकेट का पतन कर दिया। फिंच 19 रन बना सके। दस ओवर की समाप्ति पर गुजरात लायंस का स्कोर 103-3।
10:31 PM: गुजरात की पारी के 8 ओवर समाप्त हो चुके हैं। स्कोर 78/2 है। मैक्कलम 35 और फिंच 15 रन बनाकर क्रीज पर हैं। जीत के लिए 72 गेंदों में 136 रन और बनाने हैं।
10:28 PM: सातवें ओवर की समाप्ति पर गुजरात लायंस का स्कोर 67 रन दो विकेट के नुकसान पर। आरोन फिंच 12 और ब्रेंडन मैकलम 27 रन बनाकर क्रीज पर मौजूद हैं।
10:19 PM: छठे ओवर की समाप्ति पर गुजरात लायंस का स्कोर 57/2, ब्रेंडन मैक्कलम 25 और आरोन फिंच 7 रन बनाकर खेल रहे हैं। गुजरात को जीत के लिए 84 गेंदों में 157 रन और बनाने हैं।
10:13 PM: सुरेश रैना के आउट होने के बाद आरोन फिंच बल्लेबाजी के लिए क्रीज पर आए हैं। पांचवें ओवर की समाप्ति पर गुजरात लायंस ने 2 विकेट गवांकर 48 रन बनाए हैं। मैकलम 23 रन बनाकर क्रीज पर हैं।
10:09 PM: युजवेंद्र चहल गुजरात की पारी का चौथा ओवर कर रहे हैं। उनकी पहली गेंद पर ब्रेंडन मैकलम ने छक्का जड़ा, दूसरी गेंद पर सिंगल लिया। तीसरी गेंद पर रैना ने चौका जड़ा और चौथी गेंद पर एक रन लेकर स्ट्राइक मैकलम को दे दिया। मैकलम ने पांचवीं गेंद पर सिंगल लिया। आखिरी गेंद पर चहल ने सुरेश रैना को वाटसन के हाथों कैच आउट करा कर गुजरात के दूसरे विकेट का पतन कर दिया। रैना ने 8 गेंदों में 2 चौाकों और 2 छक्कों की मदद से 23 रन बनाए।
10:03 PM: ड्वेन स्मिथ के आउट होने के बाद कप्तान सुरेश रैना बल्लेबाजी के लिए क्रीज पर आए हैं। उन्होंने आते ही 2 छक्के लगाकर अपना इरादा जाहिर कर दिया है। तीन ओवर की समाप्ति के बाद गुजरात लायंस का स्कोर 23/1
9:57 PM: युजवेंद्र चहल ने ड्वेन स्मिथ को सीमा रेखा पर मनदीप सिंह के हाथों कैच आउट करा कर गुजरात के पहले विकेट का पतन कर दिया है। स्मिथ सिर्फ एक रन बना सके।
9:55 PM: पवन नेगी के पहले ओवर में सिर्फ एक रन बना। आरसीबी की तरफ से दूसरा ओवर युजवेंद्र चहल कर रहे हैं। विराट कोहली ने दोनों ही छोर से स्पिनर्स से गेंदबाजी की शुरुआत करवायी है।
9:51 PM: गुजरात लायंस की पारी शुरू हो चुकी है। ब्रेंडन मैकलम और ड्वेन स्मिथ की सलामी जोड़ी क्रीज पर है। पवन नेगी ने आरसीबी की तरफ से गेंदबाजी की शुरुआत की है। गुजरात को 214 रनों का लक्ष्य मिला है।
9:37 PM: आरसीबी की पारी का अंतिम ओवर रवींद्र जडेजा डाल रहे हैं। उनके ओवर की पहली तीन गेंदों पर 5 रन बने हैं। चौथी गेंद पर केदार जाधव ने छक्का जड़ दिया है। पांचवीं गेंद पर केदार जाधव ने इन साइड आउट जाकर चौका जड़ दिया। आखिरी गेंद पर केदार जाधव कोई रन नहीं बना सके। इस प्रकार आरसीबी ने 20 ओवर में 213/2 रन बनाए। केदार जाधव 38 और ट्रेविस हेड 30 रन बनाकर नाबाद रहे।
9:32 PM: एंड्रू टाय के 19वें ओवर की पहली गेंद पर केदार जाधव ने छक्का और दूसरी गेंद पर चौका लगाया है। तीसरी गेंद पर केदार जाधव ने दो रन लेकर स्ट्राइक अपने पास रखी है। चौथी गेंद टाय ने यॉर्कर डाल दी और उस पर कोई रन नहीं बन सका। पांचवीं गेद पर केदार जाधव ने शानदार पुल शॉट के जरिए चौका जड़ दिया। आखिरी गेंद पर केदार जाधव ने दो रन लिया। टाय के इस ओवर में कुल 18 रन बने। 19 आवेर की समाप्ति पर आरसीबी का स्कोर 198 रन 2 विकेट के नुकसान पर।
9:28 PM: 18वें ओवर की समाप्ति के बाद रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु ने 2 विकेट के नुकसान पर 178 रन बना लिए हैं। केदार जाधव 6 और ट्रविस हेड 27 रन बनाकर खेल रहे हैं।
9:22 PM: केदार जाधव और ट्रविस हेड की जोड़ी क्रीज पर मौजूद है। एंड्रू टाय आरसीबी की पारी का 17वां ओवर डाल रहे हैं। उनकी पहली तीन गेंदों पर एक चौके सहित 6 रन बने बाद की तोनों गेंदें खाली गईं।
9:16 PM: 16वें ओवर की समाप्ति के बाद आरसीबी ने 159/2 रन बना लिए हैं। विराट कोहली 50 गेंदों में 7 चौकों और एक छक्के की मदद से 64 रन बनाकर आउट हुए। उन्हें धवल कुलकर्णी की गेंद पर ड्वेन स्मिथ ने सीमा रेखा पर लपका।
9:07 PM: गेल के आउट होने के बाद ट्रेविस हेड बल्लेबाजी के लिए क्रीज पर आए हैं। 14वें ओवर की समाप्ति के बाद आरसीबी का स्कोर 135-1, विराट कोहली 49 रन बनाकर खेल रहे हैं।
9:03 PM: बासिल थम्पी ने गुजरात को पहली सफलता दिलायी है। उन्होंने क्रिस गेल को पगबाधा आउट किया। गेल ने 38 गेंदों में पांच चौके और सात छक्के की मदद से 77 रन बनाए।
8:57 PM: क्रिस गेल गुजरात लायंस के गेंदबाजों की धुनाई कर रहे हैं। 12वें ओवर की समाप्ति के बाद गुजरात का स्कोर 119/0 , क्रिस गेल 34 गेंदों में 75 रन बनाकर खेल रहे हैं। विराट कोहली 41 रन बनाकर उनका साथ दे रहे हैं।
8:51 PM: क्रिस गेल ने अपनी पारी का छठा छक्का लगाया है और आरसीबी की पारी के सौ रन पूरे हो चुके हैं। क्रिस गेल 66 रन बनाकर क्रीज पर मौजूद हैं।
8:48 PM: दस ओवर की समाप्ति के बाद रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु का स्कोर 92 रन बिना किसी विकेट के नुकसान पर। विराट कोहली 38 और क्रिस गेल 53 रन बनाकर क्रीज पर मौजूद हैं।
8:46 PM: क्रिस गेल ने 23 गेंदों में पांच छक्कों और तीन चौकों की मदद से अपना अर्धशतक पूरा कर लिया है। आरसीबी ने 9.3 ओवर में बिना किसी नुकसान के 91 रन बना लिए हैं।
8:43 PM: एंड्रू टाई ने आरसीबी की पारी का नौवां ओवर डाला, इस ओवर में उन्होंने आठ रन दिए। रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु का स्कोर 83/0, विराट कोहली 37 और क्रिस गेल 45 रन बनाकर क्रीज पर मौजूद हैं।
8:37 PM: आठवें ओवर की समाप्ति पर आरसीबी का स्कोर 75/0, क्रिस गेल 44 और विराट कोहली 31 रन बनाकर क्रीज पर हैं। रवींद्र जडेजा ने बेगलुरु की पारी का आठवां ओवर किया, जिसमें गेल ने दो छक्कों और दो चौकों की मदद से 21 रन बटोरे।
8:35 PM: क्रिस गेल रवींद्र जडेजा के ओवर में दो चौकों और एक छक्के की मदद से 15 रन जुटाए। आखिरी गेंद पर छक्का लगाने के प्रयास में गेल सीमा रेखा पर ब्रेंडन मैकलम ने द्वारा बेहतरीन तरीके से लपके गए। लेकिन मैकलम के पनामा कैप का किनारा सीमा रेखा से छू गया और गेल को नॉट आउट करार दिया गया।
8:30 PM: सातवें ओवर की समाप्ति पर आरसीबी का स्कोर 54/0, विराट कोहली 30 और क्रिस गेल 24 रन बनाकर क्रीज पर हैं। दोनों ने आरसीबी को बेहतरीन शुरुआत दी है।
IPL इतिहास के 5 सबसे सफल कप्तान; ये भारतीय खिलाड़ी है सबसे ऊपर
8:25 PM: रवींद्र जडेजा आरसीबी की पारी का छठा ओवर कर रहे हैं। क्रिस गेल ने उनके ओवर की दूसरी गेंद पर 4 रन और तीसरी गेंद पर 2 रन लिए हैं। चौथी गेंद पर गेल ने सिंगल लेकर स्ट्राइक कोहली को दे दी। विराट कोहली पांचवीं गेंद पर कोई रन नहीं बना सके। आखिरी गेंद पर उन्होंने एक रन लेकर स्ट्राइक अपने पास रखी। 6 ओवर के बाद आरसीबी का स्कोर 45/0
8:22 PM: आरसीबी की पारी का पांचवां ओवर एंड्रू टाई कर रहे हैं। उनकी पहली चार गेंदों में सिर्फ दो रन बने हैं। आखिरी गेंद पर एक रन बना। पांच ओवर की समाप्ति पर आरसीबी का स्कोर 36/0, विराट कोहली 26 और क्रिस गेल 10 रन बनाकर खेल रहे हैं।
8:15 PM: क्रिस गेल ने टी20 क्रिकेट में अपने दस हजार रन पूरे कर लिए हैं। वह दुनिया के पहले बल्लेबाजी हैं, जिन्होंने टी20 क्रिकेट में दस हजार रन पूरे किए हैं।
8:13 PM: तीन ओवर की समाप्ति पर रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु का स्कोर 25/0, क्रिस गेल 2 और विराट कोहली 23 रन बनाकर खेल रहे हैं।
8:12 PM: धवल कुलकर्णी के ओवर की चौथी गेंद पर भी कोहली ने चौका जड़ा, पांचवीं गेंद पर भी विराट कोहली ने स्ट्रेट ड्राइव के जरिए चौका हासिल किया। आखिरी गेंद पर कोई रन नहीं बना।
8:10 PM: धवल कुलकर्णी रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु की पारी का तीसरा ओवर कर रहे हैं। विराट कोहली उनका सामना कर रहे हैं। उन्होंने ओवर की तीसरी गेंद को सीमा रेखा के बाहर चार रनों के लिए भेज दिया है।
8:09 PM: बासिल थम्पी ने आरसीबी की पारी का दूसरा ओवर डाला। इस ओवर में एक चौके की मदद से विराट कोहली ने 5 रन जुटाए। आरसीबी का स्कोर 13/0
8:08 PM: पहले ओवर की समाप्ति के बाद बेंगलुरु ने बिना किसी विकेट के नुकसान पर 8 रन बना लिए हैं। विराट कोहली और क्रिस गेल की जोड़ी मैदान पर है।
7:58 PM: दोनों टीमों की अंतिम एकादश
रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु: विराट कोहली (कप्तान), क्रिस गेल, शेन वॉटसन, युजवेंद्र चहल, मंदीप सिंह, विस हेड, केदार जाधव, स्टुअर्ट बिन्नी, पवन नेगी, एडम मिल्न, श्रीनाथ अरविन्द, यजुर्वेंद्र चहल।
गुजरात लॉयंस: सुरेश रैना (कप्तान), ब्रैंडन मैकलम, ड्वेन स्मिथ, सुरेश रैना, एरोन फिंच, दिनेश कार्तिक, ईशान किशन, रविंद्र जडेजा, धवल कुलकर्णी, बासिल थंपी, एंड्रू टाई, सुरेश कौशिक।
7:35PM : प्रवीण कुमार और मुनाफ पटेल गुजरात लायंस की टीम से बाहर हैं, जबकि उनके स्थान पर शिवी कौशिक और धवल कुलकर्णी को जगह मिली है। वहीं बैंगलोर की ओर से सैमुअल बद्री और एबी डिविलियर्स के बदले क्रिस गेल खिलाया जा रहा है।
7:30PM : गुजरात लायंस ने टॉस जीतकर किया पहले गेंदबाजी का फैसला।
