कप्तान रोहित शर्मा, सूर्यकुमार यादव और इशान किशन जैसे स्ट्रोक मेकर्स से युक्त बल्लेबाजी लाइन-अप के साथ-साथ जोफ्रा आर्चर जैसे डेथ ओवर्स स्पेशलिस्ट की उपलब्धता मुंबई इंडियंस को आईपीएल 2023 में एक मजबूत ताकत प्रदान करती है। हालांकि, लीग के 2022 संस्करण में पांच बार की आईपीएल चैंपियन का प्रदर्शन निराशाजनक रहा था। उन्होंने 14 मैचों में केवल चार जीत के साथ सीजन समाप्त किया था। इस कारण वह तालिका में सबसे नीचे रहे थे। इस साल टीम वापसी कर और कप्तान रोहित शर्मा के नेतृत्व में रिकॉर्ड छठी बार प्रतिष्ठित ट्रॉफी उठाने की कोशिश करेगी। हालांकि, जसप्रीत बुमराह और झाए रिचर्डसन जैसे दिग्गज गेंदबाजों का चोटिल होना उसके लिए मुसीबत साबित हो सकता है। टूर्नामेंट के 16वें संस्करण में मुंबई इंडियंस, कोलकाता नाइट राइडर्स, राजस्थान रॉयल्स, दिल्ली कैपिटल्स और लखनऊ सुपर जायंट्स के साथ ग्रुप ए में हैं। आईपीएल के इतिहास में सबसे सफल कप्तान के रूप में पहचाने जाने वाले रोहित शर्मा टीम के लिए जीत की लय हासिल करने की कोशिश करेंगे। रोहित शर्मा को 2013 में मिड सीजन में कप्तानी सौंपी गई थी, तब उन्होंने महान रिकी पोंटिंग की जगह ली थी। साल 2008 से 2012 तक मुंबई इंडियंस (MI) ने केवल एक IPL फाइनल में जगह बनाई थी, तब टीम धोनी के नेतृत्व वाली CSK से हार गई थी, लेकिन रोहित शर्मा ने जब से कप्तान के रूप में पदभार संभाला है, उन्होंने 2013 से 2020 तक टीम को रिकॉर्ड 5 आईपीएल खिताब दिलाकर फ्रेंचाइजी के इतिहास को बदल दिया। मुंबई इंडियंस को वर्षों से मजबूत विदेशी खिलाड़ियों को लाने और उन्हें पसंदीदा बनाने के लिए जाना जाता है। इसी परंपरा को जारी रखते हुए टीम प्रबंधन ने इस साल की नीलामी में ऑस्ट्रेलिया के स्टार खिलाड़ियों कैमरन ग्रीन और झाए रिचर्डसन को चुना। ऑस्ट्रेलियाई ऑलराउंडर को टीम प्रबंधन ने 17.5 करोड़ रुपए में खरीदा था। दूसरी ओर रिचर्डसन को केवल 1.5 करोड़ रुपए में साइन किया गया था। फ्रेंचाइजी ने अंतरराष्ट्रीय खिलाड़ियों के अलावा लेग स्पिनर पीयूष चावला को भी खरीदा। नेहल वढेरा, राघव गोयल, शम्स मुलानी और विष्णु विनोद जैसी घरेलू प्रतिभाओं को भी मुंबई इंडियंस ने अपनी टीम का हिस्सा बनाया है।