जेएसडब्ल्यू-जीएमआर सह-स्वामित्व वाली दिल्ली कैपिटल्स ने इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) 2025 के मेगा ऑक्शन से पहले ऋषभ पंत को रिलीज कर दिया और सीजन शुरू होने से करीब एक सप्ताह पहले अक्षर पटेल को कप्तान नियुक्त किया। अक्षर पटेल दिल्ली कैपिटल्स के 15वें कप्तान हैं। 31 साल के अक्षर पटेल 2019 में दिल्ली कैपिटल्स में शामिल हुए थे। टीम के कोच हेमंग बदानी हैं। दिल्ली कैपिटल्स आईपीएल के उद्घाटन संस्करण (2008) से ही आईपीएल का हिस्सा है। तब टीम का नाम दिल्ली डेयरडेविल्स था। मार्च 2018 में GMR ने दिल्ली डेयरडेविल्स में 50% हिस्सेदारी JSW स्पोर्ट्स को बेची। दिसंबर 2018 में टीम ने अपना नाम दिल्ली कैपिटल्स किया। दिल्ली कैपिटल्स आईपीएल के 17 सीजन खेल चुकी है, लेकिन एक बार ही फाइनल तक पहुंच पाई है। दिल्ली कैपिटल्स 2024 तक 4 बार ही प्लेऑफ में जगह बना पाई है। उसने आखिरी बार 2021 प्लेऑफ में जगह बनाई थी। तब उसे क्वालिफायर 2 में कोलकाता नाइट राइडर्स के खिलाफ 3 विकेट से हार का सामना करना पड़ा था। दिल्ली कैपिटल्स का घरेलू मैदान नई दिल्ली स्थित अरुण जेटली स्टेडियम (पूर्व में फिरोज शाह कोटला) है। छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर स्थित शहीद वीर नारायण सिंह अंतरराष्ट्रीय स्टेडियम दिल्ली कैपिटल्स के दूसरे घरेलू मैदान के रूप में है। हालांकि, टीम ने 2016 से वहां कोई मुकाबला नहीं खेला है। दिल्ली कैपिटल्स 2024 से विशाखापत्तनम में एसीए-वीडीसीए क्रिकेट स्टेडियम को दूसरे घरेलू मैदान के रूप में इस्तेमाल कर रही है। आईपीएल 2024 तक 14 खिलाड़ी दिल्ली कैपिटल्स की कमान संभाल चुके हैं। वीरेंद्र सहवाग सबसे लंबे समय (2008-2012) तक टीम के कप्तान रहे। उनकी अगुआई में दिल्ली कैपिटल्स ने 52 मैच खेले और 28 में जीत हासिल की, जबकि 24 में हार का सामना किया। उनके बाद ऋषभ पंत का नंबर आता है। ऋषभ पंत के नेतृत्व में दिल्ली कैपिटल्स ने 43 मैच खेले और 23 में जीत हासिल की, जबकि 19 में हार झेली। श्रेयस अय्यर की अगुआई में दिल्ली कैपिटल्स ने 41 मैच खेले, जिसमें उन्होंने 21 जीते और 18 में हार का सामना किया। दो मैच का नतीजा नहीं निकला।