आईपीएल के दसवें सीजन के लिए बेंगलुरू में खिलाड़ियों की बोली लगी। इस नीलामी प्रक्रिया में कुल 350 खिलाड़ी शामिल थे। आॅस्ट्रेलिया के तेज गेंदबाज मिचेल स्टॉर्क ने आखिरी समय में आईपीएल 10 आॅक्शन से अपना नाम वापस ले लिया था। आॅक्शन की शुरूआत न्यूजीलैंड के मार्टिन गप्टिल के साथ हुई। गप्टिल को किसी टीम ने नहीं खरीदा। इंग्लैंड के ऑलराउंडर बेन स्टोक्स को आईपीएल 10 की नीलामी में पुणे सुपरजायंट्स ने 14.5 करोड़ रुपए में खरीदा। बेन स्टोक्स की बेस प्राइस 2 करोड़ थी और उन्हें उनकी आधार कीमत से 12.5 करोड़ रुपये ज्यादा राशि में आरपीएस ने खरीदा।
सबसे पहले बल्लेबाजों के समूह की बोली लगाई गई। इस ग्रुप में सिर्फ इंग्लैंड के टी20 कप्तान इयोन मॉर्गन को खरीदा गया। मॉर्गन की बेस प्राइज 2 करोड़ रुपए थी और उन्हें किंग्स इलेेवन ने बेस प्राइज पर ही खरीदा। जबकि एंजेलो मैथ्यूज को दिल्ली डेयरडेविल्स ने 2 करोड़ में हासिल किया। इस ग्रुप के मार्टिन गप्टिल, जेसन रॉय, फैज फजल, एलेक्स हेल्स, रॉस टेलर और सौरभ तिवारी को कोई खरीदार नहीं मिला। पिछले साल के सबसे महंगे भारतीय खिलाड़ी रहे ऑलराउंडर पवन नेगी को इस बार महज एक करोड़ में खरीदा गया है। भारतीय बल्लेबाज युवराज सिंह ने इंग्लैंड के साथ हालिया खत्म हुई सीरीज के बाद कहा था कि इस बार आईपीएल नीलामी में बेन स्टोक्स खूब पैसे बनाएगा। युवराज की बात सच साबित हुई और बेन स्टोक्स को उनकी कीमत से लगभग 7 गुना ज्यादा पैसों में पुणे की टीम ने खरीदा।
इंग्लैंड के स्टार आॅलराउंडर बेन स्टोक्स के लिए लगभग सभी टीमों ने दिलचस्पी दिखाई। मुंबई इंडियंस, रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरू सहित राइजिंग पुणे सुपरजाएंट्स और सनराइजर्स हैदराबाद ने स्टोक्स के उपर दाव लगाया। राइजिंग पुणे सुपरजाएंट्स के पास इस आॅक्शन में कुल 17.5 करोड़ रुपये की राशि थी, उसमें से 14.5 करोड़ इस फ्रेंचाइजी ने स्टोक्स के उपर ही खर्च कर दिए। सनराइर्स हैदराबाद और राइजिंग सुपरजाएंट्स पुणे के बीच बेन स्टोक्स को लेकर प्राइस वार देखने को मिला, लेकिन पुणे की टीम बेन स्टोक्स को खरीदने में सफल रही। बेन स्टोक्स पिछले साल भारत में खेले गए टी-20 विश्व कप के फाइनल में पहुंचने वाली टीम का हिस्सा थे, वहीं बेन स्टोक्स ने ऑलराउंडर के रूप में पिछले कुछ समय से अच्छा प्रदर्शन करके सबका ध्यान खींचा है।
बोली के दूसरे सेट में अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट खेलने वाले ऑलराउंडर्स पर दांव लगाए गए, जिसमें सबसे पहले पिछले साल के सबसे महंगे भारतीय खिलाड़ी रहे पवन नेगी पर बोली लगी। उन्हें रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरू ने 1 करोड़ में खरीदा। पिछले साल उन्हें दिल्ली डेयरडेविल्स ने 8.5 करोड़ में खरीदा था, लेकिन वह अच्छा प्रदर्शन नहीं कर पाए और इस बार उनकी कीमत गिर गई। भारत के इरफान पठान की बेस प्राइस 50 लाख थी, लेकिन उन्हें किसी ने नहीं खरीदा। सीन एबॉट और क्रिस जॉर्डन को किसी ने नहीं खरीदा।
