महेंद्र सिंह धोनी आईपीएल 10 में कप्तान के रूप में नजर नहीं आ रहे हैं और बल्ले से भी तीन मैचों में उनका प्रदर्शन लचर ही रहा है। बावजूद इसके वे राइजिंग पुणे सुपरजाएंट के साथ अच्छा समय बिता रहे हैं। वे टीम के साथियों के साथ खूब मस्ती कर रहे हैं। पिछले दिनों एक वीडियो सामने आया था जिसमें वे टीम साथियों के साथ डांस करते नजर आए थे। अब एक अन्य वीडियो में वे बेन स्टोक्स और अजिंक्य रहाणे के साथ सवालों के जवाब देते दिख रहे हैं। इसमें धोनी मजेदार अंदाज में पुणे टीम के खिलाडि़यों से जुड़े सवालों के जवाब देते हैं। वीडियो के अनुसार तीनों खिलाडि़यों से अलग-अलग एक ही सवाल पूछे गए। इस दौरान एक सवाल के जवाब में तो धोनी हैरान रह गए।
वीडियो के आखिरी सवाल में पूछा गया, ”टेस्ट क्रिकेट में सबसे तेज 250 रन की पारी खेलने का रिकॉर्ड किसके नाम है? इसका जवाब इंग्लैंड के बेन स्टोक्स के नाम हैं। उन्होंने दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ यह पारी खेली थी। लेकिन धोनी को यह नहीं पता था। वे फाफ डु प्लेसिस और स्टीव स्मिथ के चेहरे जवाब के रूप में उठाते हैं। लेकिन यह जवाब गलत होता है। इस पर वे बेन स्टोक्स की ओर देखते हुए पूछते हैं, ”तेरा है क्या बे? तुमने 250 रन मारे हैं।” इस पर स्टोक्स झेंपने के अंदाज में जवाब हां कहते हैं। वहीं कमरे में बैठे बाकी लोग हंस पड़ते हैं।
इसी तरह से जब पूछा जाता है कि कौनसा खिलाड़ी रोजर फेडरर का सबसे बड़ा फैन है। इस पर रहाणे और स्टोक्स जवाब में स्टीव स्मिथ का चेहरा उठाते हैं। उनका जवाब सही होता है। लेकिन धोनी इसके बजाय चार चेहरे उठा लेते हैं। ये चेहरे स्मिथ, डु प्लेसिस और बेन स्टोक्स के होते हैं। वे कहते हैं कि सभी फेडरर के फैन हैं। लेकिन वे खुद राफेल नडाल का खेल पसंद करते हैं। इसी तरह से अजिंक्य रहाणे से जुड़े हुए भी सवाल पूछे जाते हैं। पूछा जाता है कि किस बल्लेबाज ने सबसे पहले टी20 क्रिकेट में एक ओवर में छह चौके लगाए थे। इस पर बेन स्टोक्स का जवाब एमएस धोनी होता है लेकिन यह गलत होता है। सही जवाब रहाणे है।

