चोटिल होने के चलते क्रिकेट के मैदान से दूर होने के चलते रोहित शर्मा इन दिनों अपने परिवार संग टाइम बिता रहे हैं। खास तौर से वह अपनी नन्ही बेटी के साथ ज्यादा समय गुजारते हैं। इस बात की जानकारी रोहित खुद इंस्टाग्राम पर आए दिन तस्वीरें अपलोड कर दे रते हैं। उन्होंने अपने सोशल अकाउंट पर एक तस्वीर शेयर की है जिसके कैप्शन में लिखा, ”कुकी मोनेस्टर के साथ।” पोस्ट को रोहित के फैंस खूब लाइक और कमेंट कर रहे हैं। फैंस रोहित से मैदान पर जल्द वापस करने को लेकर भी कमेंट कर रहे हैं। तस्वीर में रोहित समंदर किनारे लगीं बेंच पर बेबी समायरा को गोद में लिए दिख रहे हैं। पापा का प्यार पाकर समायरा भी मुस्कुराते दिख रही है। फैंस भी रोहित के पोस्ट पर कमबैक-कमबैक लिख रहे हैं।
तस्वीर पर इंग्लैंड के क्रिकेटर Kevin Pietersen ने भी रोहित का हाल जाना। उन्होंने लिखा आप कैसे हो? इस कमेंट के बाद भारतीय क्रिकेट प्रेमी पीटरसन से उनका हाल पूछ रहे और अपने प्यार को उनके प्रति दर्शा रहे हैं। हालांकि पीटरसन के सवाल का अब तक रोहित ने कोई जवाब नहीं दिया।
बीते दिन ही रोहित की समायरा के साथ एक पोस्ट वायरल हुई थी जिसमें वह बेटी से सोशल मीडिया पर कुछ पोस्ट करने की इजाजत मांगते नजर आए थे। तस्वीर को पहले रोहित की पत्नी रितिका ने शेयर किया और इसके बाद आईपीएल की फ्रेंचाईजी मुंबई इंडियंस ने भी अपने ट्विटर पेज पर इसे शेयर किया था। मुंबई इंडियंस ने समायरा को रोहित की नई सोशल मीडिया मैनेजर बताया और लोगों से सवाल किया, ‘बताओ कितनी क्यूट है रोहित की नई सोशल मीडिया मैनेजर?’
बात अगर हिटलरमैन के वर्कफ्रंट की करें तो इन दिनों वह अपनी फिटनेस पर फोकस कर रहे हैं। उन्होंने इंस्टाग्राम पर वर्कआउट करते हुए वीडियो शेयर किया है, जिसके जरिए रोहित ने संकेत दे दिए हैं कि वह जल्द मैदान पर लौंटेगे। हालांकि बीसीसीआई ने अभी तक रोहित को लेकर किसी तरह की ऑफीसियल प्रतिक्रिया जाहिर नहीं की है।
बता दें न्यूजीलैंड के खिलाफ पांचवें टी20 इंटरनेशनल के दौरान बल्लेबाजी करते हुए रोहित शर्मा कॉफ इंजरी का शिकार हो गए थे। उनके मसल्स में खिंचाव आ गया था, जिसकी वजह से वह न्यूजीलैंड के खिलाफ भारत की एकदिवसीय टीम से भी बाहर हो गए थे।
टीम इंडिया ने वनडे सीरीज 0-3 से गंवा दी थी। वे न्यूजीलैंड में आगामी टेस्ट सीरीज से भी बाहर हैं। टेस्ट सीरीज शुक्रवार से वेलिंगटन में शुरू होनी है। रोहित शर्मा की कोशिश मार्च में दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ वनडे सीरीज में वापसी करने की है। मार्च के आखिर में इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) भी शुरू होगी।

