स्टेडियम में अभ्यास के दौरान 24 साल के युवा हार्दिक पंड्या और 36 साल के धोनी के बीच अलग ही मुकाबला देखने को मिला। दोनों के बीच 100 मीटर की लगी रेस में हार्दिक पंड्या ने शुरुआत तो शानदार की मगर आखिर में धोनी ने अपने उसी अंदाज में दौड़ जीती, जिस अंदाज में उनके बल्ले से तमाम मैचों में टीम इंडिया के लिए चौके-छक्के के रूप में विजयी रन निकलते रहे हैं। बीसीसीआई ने अपने आधिकारिक ट्विटर हैंडल से इस वीडियो को ट्वीट किया, लिखा-हार्दिक पंड्या और महेंद्र सिंह धोनी के बीच लगी 100 मीटर की रेस, देखिए कौन जीता। इस पर ट्विटर यूजर्स चहक उठे। उन्होंने वीडियो पर कमेंट की बौछार कर दी । लोगों ने धोनी की जमकर दाद दी और कहा कि-ओल्ड इज गोल्ड….बॉस इज ऑलवेज राइट। किसी ने चुटकी लेते हुए शाबाशी दी, वेलडन धोनी, अबकी बार भारत का ओलंपिक में मेडल पक्का। किसी ने उन्हें क्रिकेट का उसैन बोल्ट बताया। यही नहीं कुछ ने इसी बहाने धोनी के आलोचकों पर भी करारा निशाना साधा, जो उन्हें बढ़ती उम्र के कारण मिसफिट बताते हैं। ट्विटर यूजर्स ने कहा-धोनी की बढ़ती उम्र पर निशाना साधने वालों को यह वीडियो देखना चाहिए।

 

Live Cricket Score, Ind vs SL 2nd ODI

 

प्रवीण सिंह ने लिखा-चीते की चाल, बाज की नजर, तलवार की धार और धोनी की रफ्तार पर कभी संदेह नहीं करते।

विकास ने चुटकी लेते हुए कहा- वाह धोनी, ओलंपिक में गोल्ड मेडल पक्का है आपका। धोनी की फुर्ती पर फिदा हुए शाहिद खान ने कहा-उसैन बोल्ट भी नहीं हरा सकते धोनी को(Even usain bolt can’t beat dhoni….)

बंदगी कालरा ने कहा-वन मैन आर्मी… एमएस धोनी। आकांक्षा कश्यप ने कहा-हार्दिक ने स्टार्टिंग अच्छी की, मगर धोनी ने फिनिश अपनी ही स्टाइल में किया।

मिहिर शर्मा ने कहा-यह वीडियो उनके लिए है, जिनकी नजर में धोनी अनफिट हैं। वह विराट के बाद सबसे फिट क्रिकेट खिलाड़ी हैं।

अजय ने लिखा- धोनी तो 17 साल के लड़के की तरह दिख रहे हैं। रूद्र ने लिखा-12 साल का अंतर है, फिर भी धोनी यंग हैं।