World cup 2019, India vs South Africa: वर्ल्ड कप का 9वां मुकाबला खिताब के प्रबल दावेदार माने जा रहे भारत और चोकर्स नाम से मशहूर दक्षिण अफ्रीका के बीच साउथेम्पटन के रोज बाउल मैदान में खेला जाएगा। इस मैच में भारत जीत के साथ अपने विश्वकप की शुरआत करना चाहेगा। वहीं दक्षिण अफ्रीका लगातार दो मैच हारने के बाद जीत की राह में आना चाहेगी। दक्षिण अफ्रीका का मनोबल इंग्लैंड और बांग्लादेश से हारकर पहले ही टूटा हुआ है। तेज गेंदबाज लुंगी एंगिडी चोट के कारण बाहर हैं जबकि डेल स्टेन कंधे की चोट से उबर नहीं सके और देश वापस लौट गए हैं। हाशिम अमला को पहले मैच में इंग्लैंड के जोफ्रा आर्चर की गेंद हेलमेट पर लगी थी। वैसे तमाम दिक्कतों के बावजूद दक्षिण अफ्रीका जैसी टीम को हलके में लेना भूल होगी। क्योंकि अगर आंकड़ों पर नज़र डाली जाए तो दक्षिण अफ्रीका का पलड़ा भारी है।
विश्वकप में अबतक खेले गए 4 मैचों में दक्षिण अफ्रीका ने तीन बार भारत को हराया है। 2011 में जब भारत चैंपियन बना था तब भी वह सिर्फ दक्षिण अफ्रीका से हारा था। भारत ने 2015 विश्वकप में दक्षिण अफ्रीका को हराया था। ये भारत की दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ विश्वकप में एकमात्र जीत है। वहीं ओवरआल मैचों की बात की जाए तो भारत के खिलाफ अफ्रीका का विनिंग रेट 58% है। दोनों दशों ने अबतक 83 वनडे मैच खेले हैं जिसमें 46 में दक्षिण अफ्रीका और 34 में भारत को जीत मिली है। वहीं 3 मैच टाई हुए हैं।
भारतीय टीम की सबसे बड़ी कमजोरी उसका मिडिल आर्डर है। 2015 विश्वकप के बाद से अबतक भारत अपना नंबर-4 बल्लेबाज नहीं ढूंढ पाया है। हालांकि बांग्लादेश के खिलाफ अभ्यास मैच में लोकेश राहुल चौथे नंबर पर खेले थे और शतक भी माया था। ऐसे में माना जा रहा है कि कोहली अपने पसंदीदा राहुल को कम से कम पहले मैच में तो नंबर-4 पर खेलाएंगे। इसके अलावा केदार जाधव की चोट टीम के लिए चिंता का विषय बना हुआ है। जाधव आज अगर नहीं खेलते तो उनकी जगह रविंद्र जडेजा को मौका मिलेगा।

