भारत और न्‍यूजीलैंड के बीच रांची में पांच मैचों की वनडे सीरीज का चौथा मैच खेला जा रहा है। रांची भारतीय वनडे टीम के कप्‍तान महेन्‍द्र सिंह धोनी का घरेलू मैदान है। न्‍यूजीलैंड ने अपनी पारी में 7 विकेट खोकर 260 रन बनाए। मैच के बीच में एमएस धोनी ने ऐसा कारनामा किया कि कमेंटेटर भी बोले कि यह माही का जादू है। दरअसल, पारी के 46वें ओवर में उमेश यादव गेंदबाजी करने आए। उस समय स्‍ट्राइक रॉस टेलर के पास थी। उन्‍होंने लेग साइड पर गेंद फ्लिक कर दो रन लेने चाहे। गेंद धवल कुलकर्णी के हाथों में गई। धोनी तब तक भागते हुए विकेट्स के करीब पहुंच चुके थे, मगर उनकी नजरें कुलकर्णी के थ्रो पर थीं। जब थ्रो उनके पास पहुंचा तो वह विकेट से करीब दो मीटर दूर खड़े थे। धोनी ने बिना देखे ही विकेट्स पर गेंद मार दी। रन-आउट की अपील हुई और मामला थर्ड अंपायर के पास पहुंचा। री-प्‍ले से साफ था कि गेंद विकेट से पहले टकराई और टेलर ने बाद में क्रीज पार की। रॉस टेलर ने 58 गेंदों में 35 रन बनाए। टेलर भी अंपायर के फैसले के बाद धोनी की चतुराई और निशाने पर मुस्‍कुराते नजर आए।

एमएस धोनी ने इसी सीरीज के तीसरे मैच में सबसे ज्‍यादा स्‍टंपिंग करने का रिकॉर्ड बताया था। मजे की बात यह है कि इस रिकॉर्ड के लिए भी उन्‍होंने रॉस टेलर को ही अपना शिकार बनाया। पिछले मैच में उन्‍होंने अमित मिश्रा की गेंद पर रॉस टेलर के विकेट उड़ाकर अंतरराष्‍ट्रीय क्रिकेट में 150 स्‍टंप पूरे किए। वे अंतरराष्‍ट्रीय क्रिकेट में 150 स्‍टंप करने वाले दुनिया के इकलौते विकेटकीपर हैं। धोनी के नाम 444 मैचों(टेस्‍ट/वनडे/टी20) में 151 स्‍टंप हैं।

भारत व न्‍यूजीलैंड के खिलाफ खेले जा रहे मैच की लाइव अपडेट्स के लिए यहां क्लिक करें

मोहाली वनडे में ही उन्‍होंने ल्‍यूक रोंची को भी अमित मिश्रा की गेंद पर स्‍टंप किया। धोनी भारत की ओर से सबसे सफल विकेटकीपर हैं। धोनी ने टेस्‍ट में 38, वनडे में 91 और टी20 में 22 स्‍टंप किए हैं। उन्‍होंने वनडे में कुल मिलाकर 355 शिकार किए हैं, इसमें 264 कैच शामिल हैं। वहीं टेस्‍ट में उनके नाम 294 शिकार हैं जिनमें 256 कैच हैं।