हरभजन सिंह विजय हजारे ट्रॉफी के लिए 16 सदस्यीय पंजाब की टीम की अगुवाई करेंगे और टीम 25 फरवरी को विदर्भ के खिलाफ अपना पहला मैच खेलेगी। पंजाब क्रिकेट संघ की सीनियर चयन समिति ने भूपिंदर सिंह सीनियर की अध्यक्षता में मंगलवार (21 फरवरी) को मोहाली में आई एस बिंद्रा स्टेडियम में बैठक की। पीसीए प्रवक्ता सुशील कपूर ने विज्ञप्ति में कहा कि पंजाब 26 फरवरी को असम, 28 फरवरी को बड़ौदा, एक मार्च को रेलवे, तीन मार्च को हरियाणा और छह मार्च को ओड़िशा के खिलाफ मैच खेलेगा। सभी मैच नई दिल्ली में विभिन्न स्थलों पर खेले जाएंगे।
पंजाब की टीम इस प्रकार है : मनन वोहरा, शुभम गिल, जीवनजोत सिंह, मनदीप सिंह, युवराज सिंह, गुरकीरत सिंह मान, गितांश खेरा (विकेटकीपर), अभिषेक शर्मा, हरभजन सिंह (कप्तान), मनप्रीत सिंह ग्रेवाल, सिद्धार्थ कौल, संदीप शर्मा, वरुण खन्ना, बलतेज सिंह, मयंक सिदाना, शरद लुम्बा और शुबेक गिल।
विजय हजारे ट्रॉफी में झारखंड की अगुवाई करेंगे धोनी, दो दिन पहले पुणे ने छीनी थी कप्तानी
दो दिन पहले अपनी आईपीएल फ्रेंचाइजी राइजिंग पुणे सुपरजाइंट्स की कप्तानी से हटाये गये महेंद्र सिंह धोनी को 25 फरवरी से शुरू हो रही विजय हजारे ट्रॉफी के लिए मंगलवार (21 फरवरी) को झारखंड की टीम का कप्तान चुना गया। पिछले दो सत्र में झारखंड के लिए खेलते हुए धोनी ने कभी भी टीम की अगुवाई नहीं की, लेकिन इस बार उन्होंने जिम्मेदारी निभाने का बीड़ा उठाया। राष्ट्रीय चैम्पियनशिप के लिए यह झारखंड की मजबूत टीम होगी।
धोनी के अलावा उनके पास विस्फोटक इशान किशन और घरेलू सत्र के शीर्ष स्पिनर शाहबाज नदीम टीम में हैं। इशांक जग्गी और वरुण आरोन भी उनकी टीम में हैं, जिन्हें हाल में आईपीएल अनुबंध मिला है। इसके अलावा उनके पास सौरभ तिवारी और युवा विराट सिंह भी हैं।
टीम इस प्रकार है:
महेंद्र सिंह धोनी (कप्तान), इशान किशन, इशांक जग्गी, विराट सिंह, सौरभ तिवारी, कौशल सिंह, प्रत्यूष सिंह, शाहबाज नदीम, सोनू कुमार सिंह, वरुण आरोन, राहुल शुक्ला, अनुकुल राय, मोनू कुमार सिंह, जसकरण सिंह, आनंद सिंह, कुमार देवब्रत, एस राठौड़, विकास सिंह।
धोनी को पुणे की कप्तानी से हटाया गया
महेंद्र सिंह धोनी को रविवार (19 फरवरी) को आईपीएल फ्रेंचाइजी राइजिंग पुणे सुपरजाइंट्स के कप्तान पद से हटा दिया गया और उनके स्थान पर ऑस्ट्रेलियाई स्टीव स्मिथ को कप्तानी सौंपी गयी। इस तरह से धोनी की अंतरराष्ट्रीय और फ्रेंचाइजी क्रिकेट दोनों से कप्तानी के तौर पर पारी समाप्त हो गयी। धोनी ने इस साल के शुरू में भारत की सीमित ओवरों की टीम की कप्तानी छोड़ दी थी लेकिन वह टीम में बने हुए हैं। इसी तरह से वह पुणे फ्रेंचाइजी की तरफ से एक खिलाड़ी के रूप में खेलते रहेंगे।
