England vs Bangladesh, Eng vs Ban, World Cup 2019 : सलामी बल्लेबाज जेसन रॉय की 153 रन की आकर्षक पारी के बाद गेंदबाजों के शानदार प्रदर्शन से इंग्लैंड ने शनिवार को आईसीसी क्रिकेट विश्व कप मैच में बांग्लादेश को 106 रन से हराकर अपनी दूसरी जीत हासिल की। रॉय ने 121 गेंद की पारी के दौरान पांच छक्के जड़े और 14 चौके लगाये। उनकी और बाद में जोस बटलर की शानदार स्ट्रोक से भरी 64 रन की अर्धशतकीय पारी की बदौलत इंग्लैंड ने छह विकेट पर 386 रन बनाये। बांग्लादेश की टीम शाकिबुल हसन की 121 रन की पारी के बावजूद इस लक्ष्य का पीछा करते हुए 48.5 ओवर में 280 रन ही बना सकी। इंग्लैंड के गेंदबाज बेन स्टोक्स ने छह ओवर में 23 रन देकर और जोफ्रा आर्चर ने 8.5 ओवर में 29 रन देकर तीन तीन विकेट हासिल किये जबकि मार्क वुड को दो विकेट मिले। रॉय ने दो महत्वपूर्ण भागीदारियां बनाकर इंग्लैंड के इस बड़े स्कोर की नींव रखी। पहले विकेट के लिये उन्होंने सलामी बल्लेबाज जॉनी बेयरस्टो (51 रन) के साथ 128 रन और फिर दूसरे विकेट के लिये जो रूट (21) के साथ 77 रन की साझेदारी की।

बटलर ने इसके बाद 44 गेंद में चार छक्के और दो चौके से 64 रन की अर्धशतकीय पारी खेली, उन्होंने कप्तान इयोन मोर्गन (35 रन) के साथ मिलकर 95 रन की भागीदारी निभायी जिससे इंग्लैंड की टीम टूर्नामेंट में पहला 350 रन से ज्यादा का स्कोर खड़ा करने में सफल रही। इस लक्ष्य का पीछा करने उतरी बांग्लादेश की शुरूआत अच्छी नहीं रही, उसने आठ रन के स्कोर पर सलामी बल्लेबाज सौम्य सरकार (02) का विकेट गंवा दिया जो जोफ्रा आर्चर की खूबसूरत गेंद पर बोल्ड हो गये। दूसरे सलामी बल्लेबाज तमीम इकबाल भी ज्यादा देर तक क्रीज पर नहीं टिक सके और आक्रामक होने की कोशिश में मार्क वुड के पहले ओवर में एक्सट्रा कवर में आसान कैच देकर आउट हो गये। बांग्लादेश ने इस तरह 12वें ओवर में 63 रन पर दूसरा विकेट खो दिया। शाकिबुल हसन और मुश्फिकर रहीम इसके बाद संयमित होकर एक दो रन जुटाते हुए सहजता से खेल रहे थे। पर टीम को तीसरा झटका 29वें ओवर में लियाम प्लंकेट ने दिया जिनकी गेंद पर जेसन रॉय ने प्वाइंट पर कैच लपककर मुश्फिकर की 44 रन की पारी और तीसरे विकेट के लिये 106 रन की साझेदारी का अंत किया। पर दूसरे स्थान पर उतरे शाकिबुल एक छोर पर डटे रहे। अगले ही ओवर में टीम ने मोहम्मद मिथुन का विकेट खो दिया जो खाता भी नहीं खोल सके और आदिल राशिद की गेंद को नहीं समझ सके।

दो ओवर बाद ही शाकिबुल ने 95 गेंद में नौ चौके और एक छक्के से 100 रन पूरे किये। पर बेन स्टोक्स ने अपने दूसरे ओवर में शाकिबुल को बोल्ड कर उनकी 121 रन की खूबसूरत पारी समाप्त की जिसके लिये उन्होंने 119 गेंद का सामना किया और 12 चौके व एक छक्का लगाया। स्टोक्स ने फिर मोसादेक हुसैन (26 रन) को पवेलियन भेज दिया। वुड ने महमूदुल्लाह (28) के रूप में दूसरा विकेट प्राप्त किया। इसके बाद अंतिम तीन बल्लेबाज भी जल्द पवेलियन लौट गये और टीम 280 रन ही बना सकी।

इससे पहले बल्लेबाजी का न्यौता मिलने के बाद इंग्लैंड ने रॉय और बेयरस्टो की बदौलत तेज शुरूआत की जिससे टीम ने पहले पावरप्ले में 67 रन बनाकर 15 ओवर में 100 रन पूरे किये। मेहदी हसन ने शार्ट कवर पर बेहतरीन कैच लपककर बेयरस्टो की पारी का अंत किया और बांग्लादेश ने कप्तान मशरेफी मुर्तजा की गेंद पर 20वें ओवर में पहला विकेट प्राप्त किया। रॉय ने हालांकि इसी लय में बल्लेबाजी करते हुए 27वें ओवर में मुस्फिजुर पर चौका लगाकर अपना सैकड़ा पूरा किया जबकि रन पूरा करते हुए वह मैदानी अंपायर जोएल विल्सन से टकराकर उन्हें गिरा बैठे। रॉय और रूट ने दबदबे को कायम रखा जिससे मेजबानों ने 30.4 ओवर में 200 रन पूरे किये। इंग्लैंड ने दूसरा विकेट 32वें ओवर में रूट के रूप में गंवाया जो एक धीमी गेंद पर स्टंप गिरा बैठे। 35वें ओवर में रॉय ने मेहदी हसन की गेंद पर लगातार तीन छक्के जड़कर 120 गेंद में अपने 150 रन पूरे किये लेकिन अगली गेंद पर एक्स्ट्रा कवर पर मुर्तजा को कैच दे बैठे। बटलर और मोर्गन ने फिर जिम्मेदारी संभाली। बटलर ने मोसादेक हुसैन की गेंद पर दो छक्के और एक चौका लगाकर इंग्लैंड को 38वें ओवर में 250 रन के पार कराया। हालांकि ये दोनों क्रमश: 46वें और 47वें ओवर में आउट हो गये जबकि बेन स्टोक्स (06) भी सस्ते में पवेलियन लौट गये। लियाम प्लंकेट (27) और क्रिस वोक्स (18) ने कुछ शाट लगाकर इंग्लैंड को 400 रन के करीब पहुंचाया। बांग्लादेश के लिये मोहम्मद सैफुद्दीन (78 रन देकर दो विकेट) और मेहदी हसन (67 रन देकर दो विकेट) ने दो दो विकेट हासिल किये।

Bangladesh vs England Cricket Score

Live Blog

Highlights

    23:15 (IST)08 Jun 2019
    इंग्लैंड ने 106 रन से हराकर अपनी दूसरी जीत हासिल की

    इंग्लैंड ने शनिवार को आईसीसी क्रिकेट विश्व कप मैच में बांग्लादेश को 106 रन से हराकर अपनी दूसरी जीत हासिल की। बांग्लादेश की टीम शाकिब अल हसन की 121 रन की पारी के बावजूद इस लक्ष्य का पीछा करते हुए 48.5 ओवर में 280 रन ही बना सकी।

    22:09 (IST)08 Jun 2019
    इंग्लैंड को बड़ी सफलता

    शाकिब अल हसन 119 गेंदों में 121 रन बनाकर आउट हो गए हैं। शाकिब बेन स्टोक्स की गेंद पर क्लीन बोल्ड हो गए और इस विकेट के साथ ही बांग्लादेश की जीत की उम्मीदें भी समाप्त हुई।

    21:52 (IST)08 Jun 2019
    शाकिब ने जड़ा शतक

    शाकिब अल हसन ने 106 गेंदों में 107 रन बना लिए हैं। शाकिब ने इस पारी के दौरान 9 चौके और एक छक्का लगाया।

    21:17 (IST)08 Jun 2019
    शतक जड़ना चाहेंगे शाकिब

    शाकिब अल हसन के पास यहां शतक जड़ने का शानदार मौका होगा। 81 गेंदों में 85 रनों पर बल्लेबाजी कर रहे शाकिब अंत तक खेलना चाहेंगे।

    21:03 (IST)08 Jun 2019
    77 गेंदों में 75 रनों की साझेदारी

    मुशफिकुर और शाकिब के बीच 77 गेंदों में 75 रनों की साझेदारी हो चुकी है। दोनों ही बल्लेबाज टीम को बेहतर स्थिति में पहुंचाने की कोशिश कर रहे हैं।

    20:45 (IST)08 Jun 2019
    शाकिब ने पूरे किए पचास

    शाकिब अल हसन ने 54 गेंदों में अपने वनडे करियर का 45वां अर्धशतक पूरा किया। वहीं वर्ल्ड कप में उनके बल्ले से निकलने वाला यह 8वां अर्धशतक है। इस वर्ल्ड कप के दौरान उन्होंने तीन लगातार अर्धशतक जड़ने का काम किया।

    20:30 (IST)08 Jun 2019
    संभलकर खेल रहे हैं बल्लेबाज

    लियाम प्लंकेट की गेंदबाजी के सामने शाकिब अल हसन और मुशफिकुर रहीम संभलकर बल्लेबाजी कर रहे हैं। बांग्लादेश यहां से कोई और विकेट नहीं खोना चाहेगी।

    20:15 (IST)08 Jun 2019
    मार्क वुड को मिली सफलता

    मार्क वुड ने बांग्लादेश को दूसरा झटका दिया। तमीम इकबाल 19 रन बनाकर इयोन मॉर्गन को अपना कैच थमा बैठे। मार्क वुड को पहली सफलता मिली।

    20:02 (IST)08 Jun 2019
    शाकिब अल हसन फॉर्म में

    शाकिब अल हसन इस वर्ल्ड कप में लगातार तीसरे स्थान पर बल्लेबाजी कर रहे हैं। शाकिब इस नंबर पर बेहतर बल्लेबाजी कर रहे हैं। बांग्लादेश की कोशिश लक्ष्य के ज्यादा से ज्यादा करीब पहुंचने की होगी।

    19:51 (IST)08 Jun 2019
    6 ओवर में 21 रन

    बांग्लादेश ने 6 ओवर में एक विकेट खोकर 21 रन बना लिए हैं। शाकिब और तमीम के बीच 16 गेंदों में 13 रनों की साझेदारी हो चुकी है।

    19:40 (IST)08 Jun 2019
    सौम्या सरकार 2 रन बनाकर आउट

    जोफ्रा आर्चर ने शानदार गेंदबाजी करते हुए इंग्लैंड को पहली सफलता दिला दी है। आर्चर ने सौम्या सरकार को 2 के स्कोर पर बोल्ड कर पवेलियन भेजा।

    19:27 (IST)08 Jun 2019
    पहले ओवर से एक रन

    क्रिस वोक्स ने पारी की शुरुआत की। पहले ओवर से सिर्फ एक ही रन आए। तमीम इकबाल और सौम्या सरकार की कोशिश बांग्लादेश को मजबूत शुरुआत देने की होगी।

    18:53 (IST)08 Jun 2019
    बांग्लादेश को बनाने होंगे 387 रन

    इंग्लैंड ने बांग्लादेश के सामने जीत के लिए 387 रनों का लक्ष्य रखा है। टॉस हारकर बांग्लादेश के खिलाफ इंग्लैंड ने ताबड़तोड़ शुरुआत की और यह सिलसिला अंत तक चलता रहा।

    18:42 (IST)08 Jun 2019
    वोक्स ने जड़े दो छक्के

    क्रिस वोक्स ने मुस्तफिजुर रहमान के ओवर में दो छक्के जड़कर इंग्लैंड के स्कोर को 350 के पार पहुंचा दिया है। क्रिस वोक्स की कोशिश अंतिम के दो ओवर में और रन जोडने की होगी।

    18:29 (IST)08 Jun 2019
    मॉर्गन और स्टोक्स क्रीज पर

    बेन स्टोक्स और इयोन मॉर्गन की कोशिश अंत के ओवर्स में टीम के लिए अधिक से अधिक रन बटोरने की होगी। दोनों ही बल्लेबाज स्कोर को 400 के करीब पहुचाना चाहेंगे।

    18:16 (IST)08 Jun 2019
    7 बार 300 पार इंग्लैंड

    साल 2019 में इंग्लैंड की टीम ने सबसे अधिक 7 बार 300 से अधिक रन बनाकर एक नया रिकॉर्ड अपने नाम दर्ज कर लिया है। एक साल के दौरान कोई भी टीम इतने रन बनाने में कामयाब नहीं रही है।

    18:05 (IST)08 Jun 2019
    अर्धशतक के करीब बटलर

    जोस बटलर महज 30 गेंदों में 47 रनों पर पहुंच चुके हैं। इस पारी के दौरान उनके बल्ले से तीन छक्के भी निकल चुके हैं। बांग्लादेश के लिए बटलर को रोकना आसान नहीं होगा।

    17:55 (IST)08 Jun 2019
    मॉर्गन ने जड़ा छक्का

    मोसद्देक हुसैन के बाद मशरफे मुर्तजा की गेंद पर भी इयोन मॉर्गन ने जोरदार छक्का लगाया। बटलर 22 गेंदों में 29 रन बनाकर खेल रहे हैं। तीन विकेट खोकर इंग्लैंड ने 274 रन बना लिए हैं।

    17:42 (IST)08 Jun 2019
    लगातार तीन छक्के जड़ने के बाद आउट रॉय

    मेहदी हसन की पहली तीन गेंदों पर तीन छक्के जड़ने के बाद जेसन रॉय चौथी गेंद पर भी छक्का लगाने की कोशिश कर रहे थे। बड़ा शॉट लगाने की कोशिश में वह मशरफे मुर्तजा को अपना कैच थमा बैठे।

    17:30 (IST)08 Jun 2019
    जो रूट आउट

    मोहम्मद सैफुद्दीन की गेंद को समझने में जो रूट चकमा खा गए और 21 रन पर बोल्ड हो गए। जो रूट के बाद जोस बटलर को लेकर भी सैफुद्दीन ने एलबीडब्ल्यू की अपील की, लेकिन वो नोट आउट करार दिए गए।

    17:15 (IST)08 Jun 2019
    रॉय ने जड़ा छक्का

    बांग्लादेश के सबसे अनुभवी खिलाड़ी शाकिब अल हसन की पहली तीन गेंद पर दो चौके और एक छक्का जड़ जेसन रॉय ने अपने इरादे साफ कर दिए हैं। इस ओवर से 17 रन आए।

    17:05 (IST)08 Jun 2019
    रॉय ने जड़ा शतक

    जेसन रॉय 92 गेंदों में अपना शतक पूरा किया। इस पारी के दौरान रॉय के बल्ले से 12 चौके और एक छक्का भी निकला। जेसन रॉय के पास यहां से एक बड़ा स्कोर करने का मौका होगा।

    16:53 (IST)08 Jun 2019
    महंगे साबित रहे रहमान

    मुस्तफिजुर रहमान आज काफी महंगे साबित रहे हैं। मुस्तफिजुर रहमान 4 ओवर में 7 की औसत से 28 रन खर्च कर चुके हैं। टीम की गेंदबाजी बेदम दिखाई पड़ रही है।

    16:40 (IST)08 Jun 2019
    शतक के करीब रॉय

    जेसन रॉय तेज गति से रन बना रहे हैं, 78 गेंदों में 85 रन पर बल्लेबाजी कर रहे रॉय की कोशिश शतक जड़ने की होगी। इंग्लैंड के लिए इससे पहले इस वर्ल्ड कप में जो रूट और जोस बटलर शतक जड़ चुके हैं।

    16:24 (IST)08 Jun 2019
    इंग्लैंड को पहला झटका

    बांग्लादेशी कप्तान मशरफे मुर्तजा ने बांग्लादेश को जॉनी बेयरस्टो के रूप में पहली सफलता दिलाई। बेयरस्टो अर्धशतक जड़कर पवेलियन लौटे।

    16:06 (IST)08 Jun 2019
    गेंदबाजी में बदलाव

    मेहंदी हसन को बॉलिंग के लिए बुलाया गया है। पहले विकेट के लिए दोनों खिलाड़ियों के बीच 110 रन की  साझेदारी हो गई है। बांग्लादेश की टीम को यहां से एक विकेट की तलाश होगी  ताकि इंग्लैंड बड़ा स्कोर खड़ा ना कर पाए।

    15:49 (IST)08 Jun 2019
    रॉय का पचासा पूरा

    जेसन रॉय के बल्ले से पहले छ्क्का  निकला फिर चौका लगाया और 38 गेंद में  पचास रन पूरे कर लिए हैं। बेहतरीन  पारी खेल रहे हैं जेसन रॉय।

    15:36 (IST)08 Jun 2019
    बांग्लादेश की बखिया उधेड़ रहे रॉय

    बांग्लादेश के गेंदबाजों को कहीं भी टिकने नहीं दे रहे हैं जेसन रॉय और बेयरस्टो  मिलकर बांग्लादेश के गेंदबाजों की जमकर खबर ले रहे हैं। 9 ओवर के बाद स्कोर 60 रन हो गया है। विकेट एक भी नहीं गवांए हैं इंग्लैंड की टीम ने।

    15:13 (IST)08 Jun 2019
    तीसरा ओवर किफायती

    शाकिब अल हसन ने एक बार फिर से  अच्छी गेंदबाजी की सिर्फ एक रन लुटाए अपने ओवर से। जेसन रॉय और बेयरस्टो संभलकर खेल रहे हैं। दोनों रह जाते हैं क्रिज पर तो बड़ा लक्ष्य बांग्लादेश  को मिल सकता है।

    15:09 (IST)08 Jun 2019
    मुर्तजा की गेंद पर चौका

    जेसन रॉय ने स्ट्रेट ड्राइव लगाई और   चौका मिला इंग्लैंड को मुर्तजा के ओवर से  इंग्लैंड को मिले पांच रन,  दो ओवर के बाद स्कोर  6 रन हो गया है। काफी कुछ निर्भर करेगा सलामी जोड़ी पर , बांग्लादेश की टीम सालमी जोड़ी को तोड़ना चाहेगा।

    15:06 (IST)08 Jun 2019
    पहले ओवर से एक रन

    बांग्लादेश की टीम का पहला ओवर शाकिब अल हसन ने किया अपने पहले ओवर से उन्होंने मात्र एक रन खर्च हैं। दूसरा ओवर मुतर्जा कर रहे हैं।कसी हुई गेंजबाजी  कर रहे हैं मुर्तजा ।

    15:05 (IST)08 Jun 2019
    इंग्लैंड को बल्लेबाजी की निमंत्रण

    बंग्लादेश ने टॉस जीतकर इंग्लैंड को बल्लेबाजी के लिए बुलाया है।  मौसम का मिजाज भी बारिश वाली बताया जा रहा है। ऐसे में बांग्लादेश का समझदारी भरा फैसला है ये, मैच में अगर बारिश होती है तो डकवर्स लुईस के हिसाब से भी फायदा बांग्लादेश को होगा।