इंडियन प्रीमियर लीग पिछले दस वर्षों में क्रिकेट का एक ऐसा वैश्विक मंच बनकर उभरा है, जिसने देश-विदेश की युवा प्रतिभाओं को अपना जलवा दिखाने और नाम कमाने का मौका प्रदान किया है। आईपीएल के पिछले नौ संस्करणों की तरह दसवें संस्करण में भी कई युवा खिलाड़ियों ने अपने प्रदर्शन से क्रिकेट प्रशंसकों के साथ ही इस खेल के विशेषज्ञों का भी ध्यान ​आकर्षित किया है। हालांकि, आईपीएल 2017 में अब तक 20 मुकाबले ही खेले गए हैं लेकिन, कुछ नए चेहरों ने इस बात की ओर संकेत दे दिया है कि उनमें से ही कई खिलाड़ी भविष्य में क्रिकेट की दुनिया में धूम मचाने वाले हैं। ऐसा देखा गया है कि यदि कोई खिलाड़ी आईपीएल में अच्छा प्रदर्शन करता है तो उसे अपने देश की राष्ट्रीय टीम में भी खेलने का मौका मिलता है। भारत के संबंध में ऐसे कई उदाहरण मौजूद हैं। हार्दिक पांड्या को ही ले लीजिए। उन्होंने आईपीएल के नौवें संस्करण में मुंबई इंडियंस के लिए बेहतरीन प्रदर्शन किया था और उसका लाभ उन्हें भारत की नेशनल वनडे और टी20 टीम में चयन के रूप में मिला। इस साल भी भारत के कई युवा प्रतिभाओं ने अब तक अपने प्रदर्शन से सबका ध्यान आकर्षित किया है, हम आपको ऐसे ही कुछ खिलाड़ियों के बारे में बता रहे हैं…

मनन वोहरा (किंग्स इलेवन पंजाब): (Photo:IPLT20.com)

मनन वोहरा (किंग्स इलेवन पंजाब): मनन वोहरा की उम्र अभी 23 साल ही है। वो पिछले पांच आईपीएल सीजन से किंग्स इलेवन पंजाब के लिए खेल रहे हैं। उन्होंने 2013 के आईपीएल सीजन में किंग्स इलेवन पंजाब की तरफ से डेब्यू किया था। चंडीगढ़ में जन्मा यह खिलाड़ी रणजी ट्रॉफी में पंजाब टीम का प्रतिनिधित्व करता है। इस बल्लेबाज के धैर्य और तकनीक ने क्रिकेट विशेषज्ञों को काफी पसंद किया है। इस आईपीएल सीजन में मनन वोहरा ने सनराइजर्स हैदराबाद के खिलाफ 160 रनों के लक्ष्य का पीछा करते हुए 50 गेंदों में 95 रनों की बेहतरीन पारी खेली और एक बार फिर अपनी प्रतिभा का लोहा मनवाया। हालांकि, उनकी यह पारी पंजाब को जीत नहीं दिला सकी। उन्होंने आईपीएल में अब तक पांच मैचों में किंग्स इलेवन पंजाब के लिए ओपनिंग की है और 165 के स्ट्राइक रेट से 174 रन बनाए हैं। उन्होंने अब तक 8 छक्के भी उड़ाए हैं, जिससे पता चलता है कि वो धैर्य के साथ आक्रामक बल्लेबाजी भी बखूबी कर सकते हैं।

ऋषभ पंत (दिल्ली डेयरडेविल्स): (Photo:IPLT20.com)

ऋषभ पंत (दिल्ली डेयरडेविल्स): रिषभ पंत की उम्र 19 साल है। यह उनका पहला आईपीएल सीजन है। उन्होंने प्रथम श्रेणी क्रिकेट में साल 2015 में अपने करियर का आगाज किया था। वो 2016 में भारत की अंडर-19 विश्व कप टीम के सदस्य भी थे। उन्होंने 2016-17 के घरेलू सत्र में अपनी बल्लेबाजी कौशल का नमूना पेश किया, जब उन्होंने महाराष्ट्र के खिलाफ शानदार तिहरा शतक जड़ा और फिर झारखंड के खिलाफ मात्र 48 गेंदों में शतकीय पारी भी खेली। वह रणजी ट्रॉफी में दिल्ली टीम का प्रतिनिधित्व करते हैं। उन्होंने आईपीएल 2017 में भी अपना शानदार प्रदर्शन जारी रखा है और अब तक 170 के स्ट्राइक रेट से रन बनाया है। उन्होंने आरसीबी के खिलाफ 157 रनों के लक्ष्य का पीछा करते हुए शानदार 57 रनों की पारी खेली। रिषभ पंत विकेटकीपर बल्लेबाज हैं और उनको महेंद्र सिंह धोनी के उत्तराधिकारी के रूप में देखा जा रहा है। हालांकि, पंत की राह इतनी आसान नहीं है और उन्हें संजू सैमसन तथा इशान किशन से कड़ी टक्कर मिल रही है।

नीतीश राणा (मुंबई इंडियंस):(Photo:IPLT20.com)

नीतीश राणा (मुंबई इंडियंस): नीतीश राणा की उम्र 23 साल है। उन्होंने आईपीएल-10 के शुरुआती कुछ दिनों में ही अपने प्रदर्शन से सबका ध्यान आ​कर्षित किया है। नीतीश राणा मूल रूप से आक्रामक बल्लेबाज हैं। वो घरेलू क्रिकेट में दिल्ली का प्रतिनिधित्व करते हैं। उन्होंने 2015-16 के सैय्यद मुश्ताक अली ट्रॉफी में अपनी विस्फोटक बल्लेबाजी का नमूना पेश किया था। उन्होंने 299 रनों की धमाकेदार पारी खेली थी, जिसमें 21 गगनचुम्बी छक्के शामिल थे। इस घरेलू टूर्नामेंट के इतिहास में यह किसी भी प्लेयर का सर्वाधिक स्कोर है। उनके इस प्रदर्शन के बाद मुंबई इंडियंस ने उन्हें अपने खेमे में शामिल कर लिया था। नीतीश राणा ने आईपीएल के 10वें संस्करण में अभी तक नंबर तीन पर बल्लेबाजी करते हुए मुंबई इंडियंस के लिए शानदार प्रदर्शन किया है। उन्होंने 5 मैचों में 14 चौकों और 9 छक्कों की मदद से 193 रन बनाए हैं और आॅरेंज कैप के दावेदारों में शामिल हैं।

संजू सैमसन (दिल्ली डेयरडेविल्स): (Photo:IPLT20.com)

संजू सैमसन (दिल्ली डेयरडेविल्स): संजू सैमसन की उम्र 22 साल है। वो पिछले दो वर्षों से घरेलू क्रिकेट में एक चर्चित नाम रहे हैं। उनके प्रदर्शन को देखते हुए उन्हें भविष्य का खिलाड़ी भी कहा जा रहा है। मात्र 16 साल की उम्र में ही डोमेस्टिक क्रिकेट में पदार्पण करने वाले संजू सैमसन आईपीएल में काफी मैच खेल चुके हैं। राहुल द्रविड़ की कप्तानी में संजू सैमसन राजस्थान रॉयल्स के लिए बेहतरीन प्रदर्शन कर चुके हैं। फिलहाल वो दिल्ली डेयरडेविल्स के लिए खेल रहे हैं। उन्होंने आईपीएल 2017 में राइजिंग पुणे सुपरजाएंट के खिलाफ शानदार शत​कीय पारी खेलकर अपने बेहतरीन फॉर्म का परिचय दे दिया है। दिल्ली डेयडेविल्स के लिए संजू सैमसन ओपनिंग बल्लेबाज की भूमिका निभा रहे हैं। वो पिछले दो सीजन से दिल्ली डेयरडेविल्स के प्रमुख बल्लेबाज रहे हैं और इस सीजन में भी दिल्ली को उनसे काफी उम्मीदें हैं, जिस पर वो अभी तक खरे उतरे हैं। आने वाले दिनों में यदि संजू सैमसन भारत के लिए खेलते हुए दिखें तो इसमें कोई आश्चर्य की बात नहीं होगी।

इशान किशन (गुजरात लायंस): (Photo:IPLT20.com)

इशान किशन (गुजरात लायंस) : महेंद्र सिंह धोनी के बाद झारखंड से एक नई प्रतिभा ने क्रिकेट जगत में अपनी उपस्थिति दर्ज कराई है, जिसका नाम है इशान किशन। इशान किशन ने अपनी कप्तानी में बांग्लादेश में 2016 में हुए अंडर-19 विश्व कप में भारतीय टीम को फाइनल में पहुंचाया था। उनके नेतृत्व क्षमता की कई पूर्व क्रिकेटर्स ने जमकर प्रशंसा की थी। वह बाएं हाथ के बल्लेबाज हैं और घरेलू क्रिकेट में झारखंड के लिए ओपनिंग करते हैं। आईपीएल-10 में वो गुजरात लायंस टीम का प्रतिनिधित्व कर रहे हैं। उनकी बल्लेबाजी प्रतिभा का परिचय उस समय मिला, जब उन्होंने रणजी ट्रॉफी में एक मुश्किल पिच पर सौराष्ट्र के खिलाफ 69 गेंदों में 87 रनों की पारी खेली। उनकी इस पारी में 8 छक्के शामिल थे। गुजरात लायंस ने 2016 के आईपीएल आॅक्शन में इशान किशन को 35 लाख रुपये में खरीदा था। उन्होंने आईपीएल-10 में अब तक कोई खास पारी न​हीं खेली है, लेकिन आरसीबी के खिलाफ 16 गेंदों में 38 रन की पारी खेलकर अपनी प्रतिभा का परिचय जरूर दे दिया है।

कुलदीप यादव (कोलकाता नाइट राइडर्स): (Photo:IPLT20.com)

कुलदीप यादव (कोलकाता नाइट राइडर्स): बाएं हाथ के चाइनामैन गेंदबाज कुलदीप यादव आईपीएल में केकेआर टीम का प्रतिनिधित्व कर रहे हैं। 22 साल के इस युवा खिलाड़ी ने उत्तर प्रदेश रणजी टीम के लिए फास्ट बॉलर के रूप में अपने प्रथम श्रेणी करियर की शुरुआत की थी। बाद में उन्होंने अपने कोच की सलाह पर स्पिन गेंदबाजी शुरू कर दी। वह भारत के पहले चाइनामैन गेंदबाज हैं और इस कारण वह चयनकर्ताओं की नज़र में आसानी से आ गए। कुलदीप यादव को आॅस्ट्रेलिया के खिलाफ बॉर्डर-गावस्कर टेस्ट सीरीज में खेलने का मौका मिला और उन्होंने अपने पहले ही मैच में चार विकेट चटकाकर अपने चयन को सही साबित कर दिया। वह आईपीएल में कोलकाता नाइटराइडर्स के लिए सुनील नारायण के साथ बेहतरीन प्रदर्शन कर रहे हैं। उन्होंने अब तक चार विकेट ही चटकाया है लेकिन उनकी इकोनॉमी 7 से नीचे रही है जो टी20 क्रिकेट में काफी सराहनीय है।

बेसिल थम्पी (गुजरात लायंस): (Photo:IPLT20.com)

बेसिल थम्पी (गुजरात लायंस): बेसिल थम्पी की उम्र 23 साल है। वो प्रथम श्रेणी क्रिकेट में केरल टीम का प्रतिनिधित्व करते हैं। आईपीएल 2017 में गुजरात लायंस ने बेसिल थम्पी को 85 लाख रुपये में खरीदा था। बेसिल थम्पी एक तेज गेंदबाज हैं और उनकी औसत गति 140 से 145 किलामीटर प्रति घंटा के बीच रहती है। उन्होंने गुजरात लायंस की तरफ से अब तक आईपीएल में प्रभावी प्रदर्शन किया है। उन्होंने अपनी लाइन लेंथ और गति से केरन पोलार्ड, क्रिस गेल और विराट कोहली जैसे बल्लेबाजों को भी परेशानी में डाला है। वह तेज गति से प्रभावी यॉर्कर भी डालते हैं। उनकी गेंदबाज में वह सबकुछ है जो एक अच्छे तेज गेंदबाज के पास होना चाहिए। वह भविष्य में भारत की ओर से अंतरराष्ट्रीय स्तर पर खेलने की प्रतिभा रखते हैं।