इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) में रोहित शर्मा की अगुआई वाली मुंबई इंडियंस के बल्लेबाज शेरफेन रदरफोर्ड (Sherfane Rutherford) ने सोमवार तड़के कैरेबियन प्रीमियर लीग (Caribbean Premier League) 2021 में 29 गेंद में अर्धशतक लगाया। उनकी शानदार पारी के दम पर सीपीएल 2021 में उनकी टीम सेंट कीट्स एंड नेविस पैट्रियाट्स (St Kitts and Nevis Patriots) ने जीत की हैट्रिक लगाई।

यही नहीं, गुयाना अमेजन वॉरियर्स (Guyana Amazon Warriors) के ओपनर और पाकिस्तानी ऑलराउंडर मोहम्मद हफीज (Mohammad Hafeez) की तूफानी पारी भी बेकार हो गई। हफीज ने 7 चौके और एक छक्के की मदद से 59 गेंद में 70 रन बनाए थे। निकोलस पूरन की अगुआई वाली गुयाना अमेजन वॉरियर्स ने सेंट कीट्स स्थित वार्नर पार्क में सेंट कीट्स एंड नेविस पैट्रियाट्स के खिलाफ इस मैच में टॉस जीतकर बल्लेबाजी चुनी।

उसने 20 ओवर में 3 विकेट पर 166 रन बनाए। उसकी ओर से हफीज के अलावा शिमरॉन हेटमेयर ने 3 चौके और 3 छक्के की मदद से 35 गेंद में 52 रन बनाए। लक्ष्य का पीछा करने उतरी सेंट कीट्स एंड नेविस पैट्रियाट्स ने 19.2 ओवर में 4 विकेट पर 168 रन बना मैच जीत लिया।

सेंट कीट्स एंड नेविस पैट्रियाट्स की ओर से ओपनर डेवोन थॉमस ने 29 गेंद में 31 रन बनाए। उन्हें इमरान ताहिर ने अपना शिकार बनाया। इविन लुईस ने 2 चौके और 2 छक्के की मदद से 28 गेंद में 30 रन बनाए। वह भी ताहिर की गेंद पर हेटमेयर के हाथों लपके गए।

इसके बाद रदरफोर्ड ने कप्तान ड्वोन ब्रावो के साथ मिलकर चौथे विकेट के लिए 46 गेंद में 72 रन की साझेदारी की। ब्रावो ने 2 चौके और एक छक्के की मदद से 20 गेंद में 22 रन बनाए। रदरफोर्ड एक चौके और 6 छक्के की मदद से 34 गेंद में 59 रन बनाकर नाबाद रहे।

इस दौरान रदरफोर्ड ने टी20 क्रिकेट में अपने 1000 रन भी पूरे किए। वहीं डेवोन थॉमस ने कैरेबियन प्रीमियर लीग में अपने 1000 रन पूरे किए। सेंट कीट्स एंड नेविस पैट्रियाट्स की इस टूर्नामेंट में यह लगातार तीसरी जीत है। इतनी जीत के साथ वह पॉइंट टेबल में भी टॉप पर पहुंच गई है।