कॉमनवेल्थ गेम्स में भारत की ओर से 205 एथलीट हिस्सा ले रहे हैं। इनमें कुछ खास नाम भी शामिल हैं, जिनसे भारत को मेडल की उम्मीद काफी ज्यादा है। एक तरफ जहां निखत जरीन, लवलीना बोरगोहेन, लक्ष्य सेन, किदांबी श्रीकांत, पीवी सिंधु जैसे खिलाड़ियों से भारत की आशाएं हैं। वहीं दूसरी ओर कुछ ऐसे खिलाड़ी भी हैं, जो इस मल्टी स्पोर्टिंग इवेंट का हिस्सा नहीं बन पाएंगे और वे भारत को मेडल दिला सकते थे। हम आपको ऐसे ही पांच स्टार खिलाड़ियों के बारें में बताने जा रहे हैं।
1. नीरज चोपड़ा
टोक्यो ओलंपिक में भारत को गोल्ड दिलाने वाले नीरज चोपड़ा इस बार कॉमनवेल्थ गेम्स का हिस्सा नहीं होंगे। हाल ही में हुई वर्ल्ड एथलेटिक्स चैंपियनशिप में नीरज ने सिल्वर मेडल हासिल किया। थाई इंजरी के चलते दो दिन पहले नीरज चोपड़ा इस मल्टी स्पोर्टिंग इवेंट से बाहर हो गए। वह 2018 कॉमनवेल्थ गेम्स में गोल्ड मेडल जीत चुके हैं।
2. मैरी कॉम
भारतीय लोकप्रिय महिला बॉक्सर मैरी कॉम इस बार राष्ट्रमंडल खेलों का हिस्सा नही होगी। ओलंपिक में मेडल जीतने वाली वह पहली भारतीय महिला बॉक्सर हैं। वह रिकॉर्ड 6 बार वर्ल्ड चैंपियनशिप में गोल्ड मेडलिस्ट रह चुकीं है। 2018 कॉमनवेल्थ गेम्स में भी वह गोल्ड मेडल जीत चुकी हैं। डिफेंडिंग चैंपियंन मैरी कॉम चोट की वजह से ट्रायल पास नहीं कर पाई।
3. सायना नेहवाल
स्टार बैडमिंटन खिलाड़ी सायना नेहवाल इस बार कॉमनवेल्थ गेम्स में खेलते हुए नहीं नजर आएंगी। 2010 और 2018 में गोल्ड जीत चुकीं सायना नेहवाल ने सिलेक्शन ट्रायल में हिस्सा नहीं लिया। उन्होंने कहा खिलाड़ियों को ट्रायल्स की तैयारियों के लिए अभ्यास का समय चाहिए। वह बीएफआई रैंकिंग में 24वें स्थान पर हैं। इसीलिए बीएआई के नियमों के अनुसार उनका सीधे चयन नहीं हो सका।
4. रानी रामपाल
टोक्यो ओलंपिक में भारतीय महिला हॉकी टीम का नेतृत्व करने वाली रानी रामपाल चोट के चलते इस मल्टी- स्पोर्टिंग इवेंट का हिस्सा नहीं बन पाई। वह हैमस्ट्रिंग इंजरी से जूझ रही हैं। हाल ही में हुए हॉकी वर्ल्ड कप में भी चोट की वजह से वह भाग नही ले पाई थीं।
5. विकास कृष्ण यादव
हरियाणा में जन्में विकास कृष्ण यादव इस बार कॉमनवेल्थ गेम्स का हिस्सा नही होंगें। राष्ट्रमंडल खेलों और एशियन गेम्स में गोल्ड जीतने वाले वह पहले पुरुष बॉक्सर हैं। 2018 कॉमनवेल्थ गेम्स में गोल्ड मेडल जीतकर विकास ने इतिहास रच दिया था। सेलेक्शन ट्रायल में वह हिस्सा नहीं ले पाए नतीजतन 2022 बर्मिंघम में हो रहे इस इवेंट का हिस्सा वह नही बन पाए।