Commonwealth Games 2022 Day 7 Match Updates : बर्मिंघम में कॉमनवेल्थ गेम्स 2022 के 7वें दिन बॉक्सिंग में सेमीफाइनल में पहुंचकर भारत के लिए अमित पंघाल, सागर और जैसमीन ने पदक पक्के किए। बॉक्सिंग में अब तक भारत के 6 पदक पक्के हो गए हैं। वहीं, पुरुष हॉकी में भारत ने वेल्स को 4-1 से हरा दिया। अब सेमीफाइनल में उसका मुकाबला न्यूजीलैंड और साउथ अफ्रीका के बीच होने वाले मैच के विजेता से होगा।
टेबल टेनिस में स्टार खिलाड़ी मनिका बत्रा महिला एकल के प्री-क्वार्टर फाइनल में पहुंच गईं। मनिका बत्रा ने जी साथियान के साथ मिलकर मिक्स्ड डबल्स भी प्री क्वार्टर फाइनल में जगह बना ली है। भारत की स्टार शटलर पीवी सिंधु ने बैडमिंटन में महिला एकल के राउंड-32 में मालदीव की फातिमथ अब्दुल रज्जाक को हराकर प्री-क्वार्टरफाइनल में जगह बनाई।
भारतीय शटलर किदांबी श्रीकांत ने बैडमिंटन मेन्स सिंगल्स के राउंड-32 में युगांडा के डैनियल वैनेगेलिया को हराकर हराकर प्री क्वार्टर फाइनल में जगह बनाई। हैमर थ्रो में मंजू बाला ने फाइनल में जगह बनाई, लेकिन सरिता चूक गईं। स्प्रिंटर हिमा दास ने 200 मीटर रेस के सेमीफाइनल में जगह बनाई। सौरव घोषाल और दीपिका पल्लीकल स्क्वाश में मिक्स्ड डबल्स के क्वार्टर फाइनल में पहुंच गए हैं।
मुक्केबाजी में अमित पंघाल, सागर और जैसमीन से पहले निकहत जरीन (50 किग्रा), नीतू गंगस (48 किग्रा) और मोहम्मद हुसामुद्दीन (57 किग्रा) भी अपने-अपने वर्ग के सेमीफाइनल में पहुंचकर पदक पक्का कर चुके हैं।
CWG Day 7 Schedule: अमित पंघाल और हिमा दास पर होंगी निगाहें, वेल्स से हॉकी टीम का मुकाबला, एक नजर भारत के शेड्यूल पर
अमित पंघाल ने स्कॉटलैंड के लेनन मूलिगन को दूसरे क्वार्टरफाइनल में 5-0 से हरा दिया। भारत अब तक 18 पदक हासिल कर चुका है। वह पदक तालिका में सातवें स्थान पर है। मेन्स हॉकी में भारत टीम ग्रुप में शीर्ष पर रहा।
CWG Games 2022 India Schedule Day 7 Updates: बर्मिंघम कॉमनवेल्थ गेम्स में भारत अब तक 18 पदक हासिल कर चुका है। वह पदक तालिका में 7वें स्थान पर है।
भारत की स्टार टेबल टेनिस खिलाड़ी मनिका बत्रा बर्मिंघम राष्ट्रमंडल खेलों में वुमन्स सिंगल्स के प्री-क्वार्टर फाइनल में हुंच गई हैं। मनिका ने राउंड-32 के मुकाबले में कनाडा की चिंग नेम फू को 4-0 से हराया। मनिका बत्रा डिफेंडिंग चैंपियन हैं। उन्होंने 2018 गोल्ड कोस्ट कॉमनवेल्थ गेम्स में स्वर्ण पदक जीता था।
बर्मिंघम राष्ट्रमंडल खेलों में बैडमिंटन में महिला सिंगल्स में भारत की आकर्षी कश्यप को वॉक ओवर मिल गया। राउंड-32 में उनका मुकाबला पाकिस्तान की माहूर शहजाद से था। आकर्षी की वर्ल्ड रैंकिंग 57 है और माहूर की 165 है। हालांकि, इसके बावजूद माहूर ने पहले राउंड में आकर्षी को कड़ी टक्कर दी।
बर्मिंघम राष्ट्रमंडल खेलों में 4 अगस्त 2022 की रात टेबल टेनिस में वुमन्स सिंगल में श्रीजा अकुला और रीथ रिश्या राउंड-32 में अपने-अपने मैच जीतने में सफल रहीं। श्रीजा ने मलेशिया की केरेन लीन को 12-10, 12-10, 4-11, 11-8, 11-8 से हरा दिया। रीथ ने चार्लेट बार्डस्ले को 11-8, 10-12, 11-6, 12-10, 11-3 से हराया।
अचंत शरत कमल और श्रीजा अकुला की भारतीय जोड़ी बर्मिंघम राष्ट्रमंडल खेलों में टेबल टेनिस के मिक्स्ड डबल्स इवेंट के प्री-क्वार्टर फाइनल में पहुंच गई है। अचंत और अकुला ने राउंड-32 में इंग्लैंड की कैचकार्ट ओवेन और अर्ली सोफी की जोड़ी को 3-0 से हराया। भारतीय जोड़ी ने पहला गेम 11-7 से जीता। अचंता और अकुला ने दूसरा गेम 11-8 और तीसरा गेम 11-9 से अपने नाम किया।
सौरव घोषाल और दीपिका पल्लीकल बर्मिंघम राष्ट्रमंडल खेलों में स्क्वाश के मिक्स्ड डबल्स इवेंट में क्वार्टर फाइनल में पहुंच गए हैं। राउंड-16 में सौरव और दीपिका की जोड़ी ने वेल्स के व्हिटलॉक और क्रीड की जोड़ी को हराया।
महिला पैरा पावरलिफ्टिंग के लाइटवेट मुकाबले में भारतीय पैरा एथलीट चौथे और पांचवें स्थान पर रहीं। मनप्रीत कौर ने दूसरे प्रयास में 82 किलोग्राम वजन उठाया। उनको 89.6 पॉइंट्स मिले। वह चौथे स्थान पर रहीं। सकीना खातून ने अपने दूसरे प्रयास में 90 किग्रा वजन उठाया। उनको 87.5 पॉइंट्स मिले। वह 5वें स्थान पर रहीं।
टेबल टेनिस में मनिका बत्रा और साथियान की जोड़ी ने मिक्स्ड डबल्स में सेशेल्स के क्रेया मिक और सिनॉन लॉरा की जोड़ी को 11-1, 11-3, 7-1 से हराया है। इसके साथ ही भारतीय जोड़ी प्री क्वार्टर फाइनल में पहुंच गई।
बर्मिंघम राष्ट्रमंडल खेलों में बॉक्सिंग में भारत के 6 पदक पक्के हो गए। बॉक्सिंग में पुरुषों के 92 किलोग्राम भार वर्ग में सागर अहलावत ने सेमीफाइनल में जगह बनाई। उन्होंने सीशेल्स के केड्डी इवांस को 5-0 से हराया। वह 7वें दिन बॉक्सिंग में सेमीफाइनल में जगह बनाने वाले तीसरे भारतीय मुक्केबाज हैं। उनसे पहले अमित पंघाल और जैसमीन ने भी सेमीफाइनल में जगह बनाई।
पुरुष हॉकी में भारतीय टीम ने पूल बी में वेल्स के खिलाफ 4-1 से जीत हासिल की। भारतीय टीम की यह अपने पूल में तीसरी जीत है। उसने इससे पहले घाना को 11-0, कनाडा को 8-0 से हराया था, जबकि इंग्लैंड के खिलाफ 4-4 से ड्रॉ खेला था।
पुरुष हॉकी के पूल बी में भारत और वेल्स की टीमें आमने-सामने हैं। तीन क्वार्टर का मैच हो चुका है। तीन क्वार्टर के बाद भारत 3-0 से आगे है। भारतीय टीम पहले क्वार्टर में कोई गोल नहीं कर पाई थी, लेकिन दूसरे क्वार्टर में उसने शानदार प्रदर्शन करते हुए 2 गोल दाग दिए। तीसरे क्वार्टर में भी भारतीय टीम एक गोल करने में सफल रही।
भारत के मृदुल बोरगोहेन बर्मिंघम राष्ट्रमंडल खेलों में जर्सी के रॉस डेविस के खिलाफ पांचवें दौर का मैच हारने के बाद लॉन बाउल्स स्पर्धा के पुरुष एकल क्वार्टर फाइनल में जगह बनाने में नाकाम रहे। बोरगोहेन को 4 अगस्त 2022 को डेविस के खिलाफ 13-21 से हार का सामना करना पड़ा। राउंड पांच की समाप्ति के बाद भारतीय खिलाड़ी 6-5 से आगे थे, लेकिन फिर उनके प्रतिद्वंद्वी ने वापसी की और अंत में टाई में जीत लिया।
अमित पंघाल और जैसमीन ने अपने-अपने मुकाबले जीतकर बर्मिंघम राष्ट्रमंडल खेलों में मुक्केबाजी में भारत के पदकों की संख्या पांच कर दी। पंघाल ने स्कॉटलैंड के लेनन मुलिगन के खिलाफ अपना फ्लाईवेट (48-51 किग्रा) क्वार्टर फाइनल जीतकर बॉक्सिंग रिंग से चौथा पदक सुनिश्चित किया। बाद में जैसमीन ने महिलाओं के लाइटवेट (60 किग्रा) क्वार्टर फाइनल में न्यूजीलैंड की ट्रॉय गार्टन को 4-1 से हराया। इन दोनों से पहले निकहत जरीन (50 किग्रा), नीतू गंगस (48 किग्रा) और मोहम्मद हुसामुद्दीन (57 किग्रा) भी अपने-अपने वर्ग में के सेमीफाइनल में पहुंचकर पदक पक्का कर चुके हैं।
युवा खिलाड़ी सुनयना कुरुविला और अनाहत सिंह ने गुरुवार को बर्मिंघम राष्ट्रमंडल खेलों में स्क्वाश महिला युगल वर्ग के प्री क्वार्टर फाइनल में प्रवेश किया। सुनयना और 14 वर्षीय अनाहत ने अपने शुरुआती मैच में येहेनी कुरुप्पु और चनितमा सिनाली को सीधे गेम में 11-9, 11-4 से शिकस्त दी। मैदान में अन्य भारतीय जोड़ी जोशना चिनप्पा और दीपिका पल्लीकल की अनुभवी जोड़ी है, जो दिन में बाद में अपना 16 मैच का दौर खेलेंगी।
सानिल शेट्टी और रीथ टेनिसन की भारतीय जोड़ी राष्ट्रमंडल खेलों में मिश्रित युगल टेबल टेनिस स्पर्धा से बाहर हो गई। यह जोड़ी राउंड ऑफ 64 मैच में वोंग की शेन और टीऐ शिन की मलेशियाई जोड़ी से 6-11 10-12 13-11 11-8, 8-11 से हार गई। सानिल और रीथ पहले दो गेम हार गए थे, लेकिन अगले दो गेम जीत कर वापसी की और मुकाबले को निर्णायक गेम तक ले गए। हालांकि, निर्णायक गेम में भारतीय जोड़ी को 8-11 से हार झेलनी पड़ी।
बैडमिंटन में अश्विनी पोनप्पा और सुमित रेड्डी की जोड़ी को इंग्लैंड के हेमिंग कलम और पुघ जेसिका की जोड़ी ने को 21-18, 21-16 से मात दी।
बॉक्सिंग में सेमीफाइनल में पहुंचकर भारत के लिए अमित पंघाल ने एक और पदक पक्का कर लिया है। अमित ने स्कॉटलैंड के लेनन मूलिगन को दूसरे क्वार्टरफाइनल में हरा दिया। अमित ने यह मुकाबला 5-0 से अपने नाम किया।
हैमर थ्रो में मंजू बाला ने फाइनल में जगह बनाई। वह 59.68 मीटर के थ्रो के साथ क्वालीफाइंग राउंड में 11वें स्थान पर रहीं। वहीं सरिता ने 57.48 मीटर का थ्रो किया और फाइनल में पहुंचने से चूक गईं। वो 13वें स्थान पर रहीं।
बैडमिंटन में किदांबी श्रीकांत ने युगांडा के डैनियल वैनेगेलिया को 21-9, 21-9 से हराकर प्री-क्वार्टरफाइनल में अपना स्थान पक्का कर लिया है।
पीवी सिंधु ने महिला बैडमिंटन सिंगल्स के राउंड ऑफ 32 में मालदीव की फातिमथ नाबाहा के खिलाफ 2-0 से जीत दर्ज की। पहला गेम 21-4 से जीतने के बाद दूसरा गेम में 21- 11 से हराया और प्री क्वार्टरफाइनल में जगह बना ली है।
स्टार स्प्रिंटर हिमा दास ने 200 मीटर रेस के सेमीफाइनल में जगह बनाई। उन्होंने 23.42 सेकेंड के समय में अपनी रेस पूरी की और अपनी हीट-2 में पहले स्थान पर रहीं।
पीवी सिंधु ने महिला बैडमिंटन सिंगल्स के राउंड ऑफ 32 में मालदीव की फातिमथ नाबाहा के खिलाफ पहला गेम 21-4 से जीत लिया।
स्टार महिला खिलाड़ी पीवी सिंधु का मुकाबला महिला बैडमिंटन सिंगल्स के राउंड ऑफ 32 में मालदीव की फातिमथ अब्दुल रज्जाक से मुकाबला हो रहा है।
हैमर थ्रो में सरिता और मंजू बाला का मुकाबला शुरू हो गया है। सरिता ने अपने पहले प्रयास में 57.58 मीटर और मंजू ने 59.68 मीटर का थ्रो किया।
भारत की चैंपियन एथलीट हिमा दास भी आज एक्शन में होंगी। वह 200 मीटर के हीट्स में हिस्सा लेंगी। वह दूसरी हीट का हिस्सा हैं।
महिला बैडमिंटन सिंगल्स के राउंड ऑफ 32 में पीवी सिंधु का मुकाबला मालदीव की फातिमथ अब्दुल रज्जाक से भी भिड़ेंगी। किदांबी श्रीकांत और लक्ष्य सेन भी एकल स्पर्धा में प्रतिस्पर्धा करेंगे। राउंड ऑफ 32 में श्रीकांत का सामना युगांडा के डेनियल वनागलिया से होगा, जबकि सेन का मुकाबला वर्नोन स्मीड से होगा।
ब्रिटेन के बर्मिंघम में 22वें कॉमनवेल्थ गेम्स के सातवें दिन भारत को अमित पंघाल समेत चार मुक्केबाजों से पदक पक्का करने की उम्मीदें होंगी। निकहत जरीन समेत तीन मुक्केबाजों ने बुधवार को शानदार प्रदर्शन करते हुए तीन पदक पक्का किया। हालांकि; लवलीना बोरगोहेन को क्वार्टर फाइनल में हार गईं।
CWG Games 2022 India Schedule Day 7 Updates: भारतीय जूडो खिलाड़ी तूलिका मान ने बुधवार को राष्ट्रमंडल खेलों के 78 किग्रा वर्ग में रजत पदक हासिल किया जबकि भारोत्तोलकों के शानदार प्रदर्शन को जारी रखते हुए लवप्रीत सिंह ने कांसे का तमगा जीता और स्क्वाश खिलाड़ी सौरव घोषाल ने एकल स्पर्धा में पहला कांस्य दिलाया। वहीं विश्व चैम्पियन निकहत जरीन समेत तीन मुक्केबाजों ने अपने अपने वर्ग के सेमीफाइनल में पहुंचकर पदक पक्के कर लिये। इसके साथ ही भारतीय महिला हॉकी टीम ने कनाडा को हराकर सेमीफाइनल में प्रवेश कर लिया। भारत अभी तक पांच स्वर्ण, छह रजत और पांच कांस्य पदक लेकर तालिका में सातवें स्थान पर है।