CWG 2022 Day 8 News Updates In Hindi: बर्मिंघम राष्ट्रमंडल खेलों का 8वां दिन भारत के लिए शानदार रहा। इस दिन भारत ने 3 स्वर्ण पदक, एक रजत पदक और दो कांस्य पदक जीते। सभी 6 पदक भारतीय पहलवानों ने जीते। भारत अब 2022 राष्ट्रमंडल खेलों की पदक तालिका में पांचवें नंबर पर पहुंच गया। उसके कुल 26 पदक (नौ स्वर्ण पदक, 8 रजत पदक और 9 कांस्य पदक) हो गए हैं।
आठवें दिन भारत के 6 पहलवान (बजंरग पूनिया, दीपक पूनिया, मोहित ग्रेवाल, साक्षी मलिक, अंशु मलिक और दिव्या काकरन) मैट पर उतरे। इनमें से बजरंग पूनिया, दीपक पूनिया, साक्षी मलिक ने स्वर्ण पदक जीते। अंशु मलिक भी फाइनल में पहुंची, लेकिन वह नाइजीरियाई चुनौती तोड़ नहीं पाईं।
दीपक पूनिया ने बर्मिंघम राष्ट्रमंडल खेलों में भारत को यादगार स्वर्ण पदक दिलाया। दीपक ने फ्रीस्टाइल 86 किग्रा फाइनल में पाकिस्तान के मोहम्मद इनाम को हराया। दीपक के गोल्ड से भारत पदक तालिका के शीर्ष-5 में पहुंच गया।
दीपक से पहले बजरंग पूनिया ने बर्मिंघम राष्ट्रमंडल खेलों में कुश्ती में भारत को पहला पहला गोल्ड मेडल दिलाया। उन्होंने फाइनल में कनाडाई रेसलर को पटखनी दी। बजरंग ने 2018 गोल्ड कोस्ट कॉमनवेल्थ गेम्स में भी गोल्ड मेडल जीता था।
साक्षी मलिक ने कुश्ती में भारत को दूसरा स्वर्ण पदक दिलाया। खास यह है कि साक्षी ने 4 अंक से पिछड़ने के बाद गोल्ड मेडल जीता है। साक्षी ने राष्ट्रमंडल खेलों में पहली बार गोल्ड मेडल जीता। हालांकि, पहली बार कॉमनवेल्थ गेम्स में उतरीं अंशु मलिक फाइनल में नाइजीरिया की पहलवान से हार गईं और रजत पदक से संतोष सामना करना पड़ा।
भारत की दिव्या काकरन और मोहित ग्रेवाल ने कांस्य पदक जीते। सेमीफाइनल में हारने वाले मोहित ग्रेवाल ने कांस्य पदक मुकाबले में जमैका के पहलवान को चारों खानों चित कर दिया। इससे पहले दीपक पूनिया का मुकाबला खत्म होने के बाद राष्ट्रमंडल खेलों के आयोजकों के लिए एक शर्मसार होने वाली घटना हुई। एक स्पीकर छत से गिर गया। इस कारण करीब 2 घंटे 10 मिनट तक मुकाबले रुके रहे।
CWG 2022, Commonwealth Games 2022 Day 8: पुरुष हॉकी में पूल मुकाबलों में शीर्ष पर रही भारतीय टीम, सेमीफाइनल में जगह पक्की की
टेबल टेनिस के मिक्स्ड डबल्स में श्रीजा अकुला और अचंत शरथ कमल की जोड़ी भी जीत गई। भारतीय जोड़ी ने मलेशिया के लियोंग ची और हो यिंग की जोड़ी को 5-11, 11-2, 11-6, 11-5 से हराया है। श्रीजा अकुला और शरत कमल की जोड़ी भी क्वार्टर फाइनल में पहुंच गई।
टेबल टेनिस के मिक्स्ड डबल्स में जी साथियान और मनिका बत्रा की जोड़ी ने नाइजीरिया के ओमोयातो और ओजोमू की जोड़ी को 11-7, 11-6, 11-7 के अंतर से हराया। इस जीत के साथ ही भारतीय जोड़ी ने क्वार्टर फाइनल में जगह बनाई।
लॉन बॉउल्स में भारत की लवली चौबे और नयनमोनी को क्वार्टर फाइनल में इंग्लैंड की सोफी तोलचंद्र और एमी के खिलाफ हार का सामना करना पड़ा। इस हार के साथ उनके पदक जीतने की उम्मीदें खत्म हो गईं।
कुश्ती में भारतीय पहलवानों ने शानदार शुरुआत की। बजरंग पूनिया और दीपक पूनिया ने अपने-अपने पहले मुकाबले जीत लिए। बजरंग ने 65 किलोग्राम भार वर्ग में नारू के लॉवे बिंघम को 4-0 से हराया। दीपक पूनिया ने 86 किलोग्राम भार वर्ग में न्यूजीलैंड के मैथ्यू को 10-0 से हराया।
पैरा टेबल टेनिस में भारत की भाविना हसमुखभाई पटेल ने इंग्लैंड की श्यू बेली को 11-6, 11-6, 11-6 से हरा दिया। इसके साथ ही उन्होंने महिला एकल के फाइनल में जगह बनाई। उन्होंने कम से कम रजत पदक पक्का कर लिया।
राष्ट्रमंडल खेलों के 7वें दिन भारत की मनप्रीत कौर और सकीना खातून पावर लिफ्टिंग स्पर्धा के महिला लाइटवेट फाइनल में क्रमश: चौथे और पांचवें स्थान पर रहते हुए पदक से चूक गईं जबकि पुरुष लाइटवेट फाइनल में परमजीत कुमार तीनों प्रयासों में विफल रहने के बाद अंतिम स्थान पर रहे। मनप्रीत ने अपने पहले प्रयास में 87 और दूसरे प्रयास में 88 किग्रा वजन उठाया लेकिन तीसरे प्रयास में 90 किग्रा वजन उठाने में नाकाम रहीं। मनप्रीत को 89.6 अंक मिले। दूसरी तरफ सकीना पहले प्रयास में 90 किग्रा वजन उठाने में नाकाम रहीं लेकिन दूसरे प्रयास में उन्होंने इस वजन को उठा लिया। उनका 93 किग्रा का तीसरा प्रयास नाकाम रहा। उन्हें 87.5 अंक मिले।
भारत के स्टार टेबल टेनिस खिलाड़ी साथियान ज्ञानशेखरन और मनिका बत्रा तथा अनुभवी अचंता शरत कमल और श्रीजा अकुला की जोड़ी ने मिश्रित युगल टेबल टेनिस स्पर्धा में अपने मुकाबले जीतकर प्री क्वार्टरफाइनल में प्रवेश किया जबकि सानिल शेट्टी और रीथ टेनिसन की जोड़ी हारकर बाहर हो गयी। साथियान और मनिका ने राउंड 32 में सेशेल्स के क्रेया मिक और सिनोन लौरा की जोड़ी को 3-0 (11-1, 11-3, 11-1) से पराजित किया। अब शु्क्रवार को प्री क्वार्टरफाइनल में इनका सामना नाईजीरिया के ओलाजिडे ओमोटायो और अजोके ओजोमू की जोड़ी से होगा। शरत कमल और श्रीजा अकुला की जोड़ी भी राउंड 32 मुकाबले में जीत दर्ज करने में सफल रही। उन्होंने उत्तरी आयरलैंड के ओवेन कैथकार्ट और सोफी अर्ली की जोड़ी को 3-0 (11-7, 11-8, 11-9) से हराया। भारतीय जोड़ी अब मलेशिया के ची फेंग लियोंग और यिंग हो की जोड़ी से भिड़ेगी। पर शेट्टी ओर टेनिस की भारतीय जोड़ी को राउंड 64 के मुकाबले में मलेशिया के वोंग कि शेन और टी आई जिन की जोड़ी से 6-11 10-12 13-11 11-8 8-11 से हार मिली।
राष्ट्रमंडल खेलों की मुक्केबाजी प्रतिस्पर्धा में भारत के पदकों की संख्या में इजाफा होना जारी है और अब सागर अहलावत ,अमित पंघाल , जैसमीन अपने वर्ग की स्पर्धा के सेमीफाइनल में पहुंच गये। हरियाणा के 22 साल के सागर ने पुरुषों के सुपर हेवीवेट (+92 किग्रा) वर्ग के क्वार्टरफाइनल में सेशेल्स के केडी इवांस एग्नेस पर 5-0 की जीत से मुक्केबाजी रिंग में भारत के छह पदक पक्के कर दिये। इससे पहले गोल्ड कोस्ट में पिछले चरण के रजत पदक विजेता पंघाल ने फ्लाईवेट (48-51 किग्रा) क्वार्टर फाइनल में स्कॉटलैंड के लेनोन मुलीगन के खिलाफ सर्वसम्मत फैसले में जीत दर्ज की। फिर जैसमीन ने महिलाओं के लाइटवेट (60 किग्रा) वर्ग के क्वार्टर फाइनल में न्यूजीलैंड की ट्राय गार्टन को 4-1 के विभाजित फैसले में हराया। इससे पहले विश्व चैम्पियन निकहत जरीन, नीतू गंघास और मुहम्मद हुसामुद्दीन सेमीफाइनल में पहुंच चुके हैं।
हरमनप्रीत सिंह की हैट्रिक के दम पर पूल बी के आखिरी लीग मैच में वेल्स को 4-1 से हराकर भारतीय हॉकी टीम ने सेमीफाइनल में प्रवेश कर लिया जहां उसका सामना न्यूजीलैंड से होगा। भारतीय टीम पूल बी में तीन जीत और एक ड्रॉ के बाद दस अंक लेकर शीर्ष पर रही जबकि इंग्लैंड के भी समान अंक रहे लेकिन भारत ने गोल औसत में बाजी मारी। शनिवार को सेमीफाइनल में भारत का सामना न्यूजीलैंड से और इंग्लैंड का पूल ए की शीर्ष टीम आस्ट्रेलिया से होगा। हरमनप्रीत ने 19वें, 20वें और 40वें मिनट में दो गोल पेनल्टी कॉर्नर पर दागे और एक गोल पेनल्टी स्ट्रोक पर किया। वहीं गुरजंत ने 49वें मिनट में फील्ड गोल्ड दागा। वेल्स के लिए एकमात्र गोल जेरेथ फर्लोंग ने 55वें मिनट में किया।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने पैरा खिलाड़ी सुधीर को राष्ट्रमंडल खेलों के पैरा पावरलिफ्टिंग में स्वर्ण पदक जीतने पर शुक्रवार को बधाई दी और उनके प्रदर्शन में निरंतरता की सराहना की। उन्होंने पुरुषों की लंबी कूद में रजत पदक जीतने के लिए मुरली श्रीशंकर की भी सराहना की और कहा कि दशकों बाद भारत ने इस स्पर्धा में पदक हासिल किया। श्रीशंकर ने गुरुवार को लंबी कूद में रजत पदक जीता जो बर्मिंघम खेलों की एथलेटिक्स प्रतियोगिता में भारत का दूसरा पदक है। सुधीर ने गुरुवार को ही पुरुषों की हैवीवेट पैरा पावरलिफ्टिंग में स्वर्ण पदक जीता था। मोदी ने ट्वीट किया, ‘एम श्रीशंकर का राष्ट्रमंडल खेलों में जीता गया रजत पदक विशेष है। भारत ने दशकों बाद राष्ट्रमंडल खेलों में पुरुषों की लंबी कूद में पदक जीता। उनका प्रदर्शन भारतीय एथलेटिक्स के भविष्य के लिए अच्छा है। उनको बधाई। उम्मीद है कि वह भविष्य में भी ऐसा प्रदर्शन जारी रखेंगे।’ उन्होंने सुधीर की प्रशंसा करते हुए ट्वीट किया, ‘सुधीर द्वारा राष्ट्रमंडल खेल 2022 के पैरा खेलों में शानदार शुरुआत। उन्होंने प्रतिष्ठित स्वर्ण पदक जीता तथा फिर से अपना समर्पण और प्रतिबद्धता दिखाई। वह निरंतर अच्छा प्रदर्शन करते रहे हैं। बधाई और भविष्य के लिए शुभकामनाएं।’
राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने बर्मिंघम में राष्ट्रमंडल खेलों में लंबी कूद में रजत पदक जीतने वाले मुरली श्रीशंकर और पैरा पावरलिफ्टिंग में स्वर्ण पदक जीतने वाले सुधीर को ऐतिहासिक उपलब्धि हासिल करने पर शुक्रवार को बधाई दी। श्रीशंकर ने गुरुवार को पुरुषों की लंबी कूद स्पर्धा में रजत पदक जीता था। राष्ट्रपति ने ट्वीट किया, ‘राष्ट्रमंडल खेलों की लंबी कूद में रजत पदक जीतने पर श्रीशंकर को बधाई। आप की लंबी छलांग से भारत राष्ट्रमंडल खेलों की इस स्पर्धा में पहला पदक जीतने में सफल रहा। इस अभूतपूर्व उपलब्धि से कई भारतीय विशेषकर युवा प्रेरित होंगे।’ मुर्मू ने पैरा पावरलिफ्टिंग के पुरुषों के हैवीवेट वर्ग में स्वर्ण पदक जीतने वाले सुधीर की सराहना करते हुए उन्हें भविष्य के लिए शुभकामनाएं दी। राष्ट्रपति ने एक अन्य ट्वीट में कहा, ‘राष्ट्रमंडल खेलों की पैरा पावरलिफ्टिंग में ऐतिहासिक स्वर्ण पदक जीतने पर सुधीर को बधाई। आपके उत्साहजनक प्रदर्शन और समर्पण ने आपको पदक और भारत को गौरव दिलाया है। आपको भविष्य के लिए शुभकामनाएं।’
CWG 2022, Commonwealth Games 2022 Day 8: पुरुष हॉकी टीम ने पूल बी में शीर्ष पर रहकर अंतिम चार में जगह बनाई। हिमा दास 200 मीटर दौड़ में अपनी हीट में शीर्ष पर रहकर सेमीफाइनल में पहुंची। भारत की झोली में गुरुवार 4 अगस्त 2022 को दो पदक आए। इसके अलावा टेबल टेनिस, स्क्वाश, पैरा टेबल टेनिस के लीग मैचों में दिग्गज खिलाड़ियों ने अपेक्षा के अनुरूप प्रदर्शन किया। हरमनप्रीत सिंह की हैट्रिक के दम पर पूल बी के आखिरी लीग मैच में वेल्स को 4-1 से हराकर भारतीय टीम ने सेमीफाइनल में प्रवेश कर लिया जहां उसका सामना न्यूजीलैंड से होगा। भारतीय टीम पूल बी में तीन जीत और एक ड्रॉ के बाद दस अंक लेकर शीर्ष पर रही, जबकि इंग्लैंड के भी समान अंक रहे, लेकिन भारत ने गोल औसत में बाजी मारी। शनिवार को सेमीफाइनल में भारत का सामना न्यूजीलैंड और इंग्लैंड का पूल ए की शीर्ष टीम ऑस्ट्रेलिया से होगा।
