CWG 2022 Day 6 HIghlights: भारतीय दल बर्मिंघम कॉमनवेल्थ गेम्स (सीडब्ल्यूजी) 2022 में बुधवार, 3 अगस्त, 2022 को छठे दिन लवप्रीत सिंह ने भारत का खाता खोला। उन्होंने पुरुष भारोत्तोलन 109 किग्रा भार वर्ग में कांस्य पदक हासिल किया। उन्होंने कॉमनवेल्थ गेम्स में पहली बार पदक जीता है। लवप्रीत सिंह ने कुल 355 (स्नैच में 163 और क्लीन एंड जर्क में 192) किलोग्राम भार उठाया। स्क्वाश में पुरुष एकल में सौरव घोषाल ने इतिहास रचा। वह राष्ट्रमंडल खेलों में स्क्वाश में सिंगल्स वर्ग में पदक जीतने वाले पहले भारतीय बने। तूलिका मान ने जूडो महिला 78+ किलोग्राम भार में रजत पदक हासिल किया।
बर्मिंघम राष्ट्रमंडल खेल 2022 के छठे दिन भारोत्तोलन में लवप्रीत सिंह ने पदक जीता, लेकिन महिला 87+ किग्रा भार वर्ग में पूर्णिमा पांडे पदक जीतने से चूक गईं। इसके अलावा महिला और पुरुष हॉकी टीम ने सेमीफाइनल में जगह बनाई, जबकि भारतीय खिलाड़ियों ने जूडो और बॉक्सिंग में पदक पक्के किए।
बॉक्सिंग में वर्ल्ड चैंपियन निकहत जरीन ने महिला 48-50 किग्रा भार वर्ग (लाइट फ्लाइटवेट) के क्वार्टर फाइनल में वेल्स की हेलन जोन्स को 5-0 से हराया। उनसे पहले पुरुष 54-57 किग्रा भार वर्ग (फीदरवेट) के क्वार्टर फाइनल में भारत के मोहम्मद हुसामुद्दीन ने नामीबिया के टी मॉर्निंग को 4-1 से हराया।
CWG 2022, Commonwealth Games 2022 Day 6:: भारत के लिए राष्ट्रमंडल खेलों में 5वां दिन अच्छा रहा। उसने लॉन बाउल्स और टेबल टेनिस में स्वर्ण पदक जीते, जबकि भारोत्तोलन में विकास ठाकुर ने रजत पदक हासिल किया।
जूडो में भारतीय जूडोका तूलिका मान को रजत पदक से संतोष करना पड़ा। उन्हें महिला 78+किलोग्राम वर्ग में स्वर्ण पदक के मुकाबले में स्कॉटलैंड की सारा एडलिंगटन के इपोन के जरिए हार मिली। राष्ट्रमंडल खेलों के इतिहास में जूडो में भारत ने यह चौथा रजत पदक जीता है।
जूडो में महिला 78+किलोग्राम वर्ग में स्वर्ण पदक के लिए मुकाबला शुरू हो चुका है। भारत की तूलिका मान और स्कॉटलैंड की सारा एडलिंगटन एक्शन में हैं।
भारत के सौरव घोषाल ने इंग्लैंड के जेम्स विलस्ट्रॉप को हराकर पुरुष एकल स्क्वाश में कांस्य पदक जीता। कॉमनवेल्थ गेम्स में स्क्वाश में एकल वर्ग में भारत का यह पहला पदक है।
महिला 78+किलोग्राम वर्ग में स्वर्ण पदक के लिए लड़ने के लिए भारतीय जुडोका तूलिका मान स्कॉटलैंड की सारा एडलिंगटन से भिड़ेंगी।
पुरुष हॉकी में भारत ने कनाडा के खिलाफ 8-0 से जीत हासिल की। भारत ने पहले क्वार्टर में 2, दूसरे क्वार्टर में दो, तीसरे क्वार्टर में एक और चौथे क्वार्टर में 3 गोल किए।
पूर्णिमा पांडे महिला भारोत्तोलन 87+किग्रा भार वर्ग में पदक की दौड़ से बाहर हो गईं। उन्होंने कुल 228 किग्रा (स्नैच में 103 किग्रा और क्लीन एंड जर्क में 125 किग्रा) उठाया। ऑस्ट्रेलिया की करिश्मा एमो टैरंट ने 139 किग्रा वजन उठाकर पूर्णिमा को चौथे स्थान पर धकेल दिया। इसके साथ ही भारत के हाथ से एक पदक छिटक गया।
भारत के मृदुल बोरगोहेन ने राष्ट्रमंडल खेलों की लॉन बाउल्स प्रतियोगिता में पुरुष एकल वर्ग में अपने दोनों मैच जीत लिए। हालांकि, महिला वर्ग में लवली चौबे और नयनमोनी सैकिया ने एक मैच जीता और एक ड्रॉ खेला।
भारतीय मुक्केबाज नीतू गंघास ने भी राष्ट्रमंडल खेल 2022 में एक और पदक पक्का किया। नीतू ने महिलाओं के 48 किग्रा वर्ग के सेमीफाइनल में जगह बनाई। दो बार की युवा स्वर्ण पदक विजेता नीतू (21 वर्ष) को क्वार्टरफाइनल के तीसरे और अंतिम राउंड में उत्तरी आयरलैंड की प्रतिंद्वद्वी निकोल क्लाइड के स्वेच्छा से रिटायर होने (एबीडी) के बाद विजेता घोषित किया गया। इससे देश का बर्मिंघम में मुक्केबाजी पदक सुनिश्चित हुआ।
महिला भारोत्तोलन के मुकाबले जारी हैं। महिला 87+ किग्रा भार वर्ग के स्नैच में भारत की पूर्णिमा पांडे ने अधिकतम 103 किग्रा भार उठाया। उन्हों ने यह दूसरे प्रयास में किया। तीसरे प्रयास में उन्होंने 108 किग्रा भार उठाने की कोशिश, लेकिन असफल रहीं। स्नैच में कई देशों की वेटलिफ्टर्स उनसे आगे रहीं। स्नैच के बाद वह पदक की रेस में नहीं दिख रही हैं।
बॉक्सिंग में भी भारत का एक पदक पक्का हो गया है। भारतीय मुक्केबाज मोहम्मद हुसमुद्दीन ने 75-80 किग्रा लाइट हैवीवेट के क्वार्टर फाइनल में जीत हासिल की।
भारतीय महिला हॉकी टीम ने सेमीफाइनल में जगह पक्की कर ली है। उसने पूल ए के मैच में कनाडा को 3-2 से हराया। भारत ने पहले क्वार्टर में 1-0 से बढ़त बनाई। दूसरे क्वार्टर में भी एक गोल किया। हालांकि, कनाडा ने भी एक गोल किया। इससे दूसरा क्वार्टर खत्म होने के बाद स्कोर 2-1 से भारत के पक्ष में था। तीसरे क्वार्टर में कनाडा ने गोलकर स्कोर 2-2 से बराबर कर लिया। चौथे क्वार्टर में भारतीय महिलाओं ने वापसी की और गोल कर 3-2 से मैच अपने नाम कर लिया।
जूडो में भारत की तूलिका मान ने पदक पक्का कर लिया है। उन्होंने महिला 78+ किलोग्राम भार वर्ग के फाइनल में जगह बनाई है। उनका फाइनल में मुकाबला स्कॉटलैंड की साराह एडलिंग्टन से होगा। यह मुकाबला भारतीय समयानुसार रात साढ़े 9 बजे शुरू होगा।
जूडो से भी अच्छी खबर आई है। वुमन्स 78+ किलोग्राम भार वर्ग में तूलिका मान ने अपनी सेमीफाइनल बाउट जीत ली है। उन्होंने सेमीफाइनल में न्यूजीलैंड की सिडनी एंड्रयूज को हराया।
लवप्रीत सिंह पुरुष भारोत्तोलन 109 किग्रा भार वर्ग में तीसरे स्थान पर रहे। उन्होंने कुल 355 (स्नैच में 163 और क्लीन एंड जर्क में 192) किलोग्राम भार उठाया। इस स्पर्धा का गोल्ड मेडल कैमरून के जूनियर पेरीक्लक्स और रजत पदक समोआ के जैक हितिला ने अपने नाम किया।
भारतीय वेललिफ्टर लवप्रीत सिंह ने क्लीन एंड जर्क के अपने तीसरे प्रयास में 192 किग्रा का भार उठाया। हालांकि, समोआ के जैक हितिला ने 200 किग्रा का भार उठाकर उन्हें तीसरे स्थान पर धकेल दिया।
वेललिफ्टर लवप्रीत सिंह ने क्लीन एंड जर्क के अपने पहले प्रयास में 185 किग्रा का भार उठाया। उनका कुल भार 348 (163 और 185) हो गया है। वह इस समय पहले नंबर पर पहुंच गए हैं।
Commonwealth Games 2022 Day 6 Live: भारतीय वेटलिफ्टर लवप्रीत सिंह ने 109 किग्रा फाइनल के स्नैच में अपने तीसरे प्रयास में 163 किग्रा का भार उठाया। वह कनाडा के पियरे एलेक्जेंडर बेससेटे के साथ संयुक्त रूप से दूसरे नंबर पर रहे। पियरे ने भी इतना ही भार उठाया।
लॉन बॉउल्स में भारत की लवली चौबे और नयनमोनी सैकिया ने महिला पेयर्स में नीयू की हिना रेरेती और ओलिविया बकिंघम को 18-5 से हराया। भारतीय टीम का सामना अब दक्षिण अफ्रीका से होगा। लवली और चौबे दोनों उस महिला फोर टीम का भी हिस्सा थीं, जिसने मंगलवार को दक्षिण अफ्रीका को हराकर ऐतिहासिक स्वर्ण पदक जीता था।
Commonwealth Games 2022 Day 6 Live: लवप्रीत सिंह ने दूसरे प्रयास में 161 किग्रा भार का टारगेट सेट किया और इसे सफलतापूर्वक उठा लिया। अब वह स्नैच में कनाडा के पियरे एलेक्जेंडर बेससेटे के बाद दूसरे नंबर पर हैं।
Commonwealth Games 2022 Day 6 Live: लवप्रीत सिंह ने स्नैच में पहले ही प्रयास में 157 किग्रा का भार सफलतापूर्वक उठा लिया।
वेटलिफ्टिंग में मेन्स 109 किग्रा फाइनल में भारत की ओर से लवप्रीत सिंह चुनौती पेश कर रहे हैं। उन्होंने स्नैच के अपने पहले प्रयास के लिए 157 किग्रा का भार तय किया है।
लॉन बाउल्स के मेन्स सिंगल्स और वुमन्स फेयर में भारत की चुनौती जारी है। मेन्स सिंगल्स सेक्शन डी, राउंड 2 में मृदुल बोरगोहेन ने फॉकलैंड आइलैंड के जॉन लोके के खिलाफ 21-5 से जीत हासिल की। वहीं, वुमन्स पेयर में नियू के खिलाफ महिलाओं ने 18-6 से लीड बना ली है।
CWG 2022 Day 6: राष्ट्रमंडल खेल 2022 में भारतीय दल के लिए पांचवां दिन ऐतिहासिक रहा। महिला टीम ने लॉन बाउल्स में स्वर्ण पदक जीतकर इतिहास रचा। पुरुष टेबल टेनिस टीम ने सिंगापुर के खिलाफ फाइनल में अपने स्वर्ण पदक का सफलतापूर्वक बचाव किया। विकास ठाकुर ने पुरुषों की 96 किलोग्राम भारोत्तोलन स्पर्धा में भारत को रजत पदक दिलाया। भारत ने फाइनल में मलेशिया से हारने के बाद बैडमिंटन में मिश्रित टीम स्पर्धा में रजत पदक के साथ दिन का अंत किया। बर्मिंघम राष्ट्रमंडल खेल 2022 में पांचवें दिन की स्पर्धाएं खत्म होने के बाद भारत की पदक तालिका में स्थिति छठे नंबर पर थी। उसने अब तक 5 स्वर्ण, 5 रजत और 3 कांस्य पदक जीते हैं। उससे ऊपर ऑस्ट्रेलिया (106 पदक), मेजबान इंग्लैंड (86 पदक), न्यूजीलैंड (26 पदक), कनाडा (46 पदक) और साउथ अफ्रीका (16 पदक) हैं।