भारतीय विकेटकीपर बल्लेबाज स्मित पटेल (Smit Patel) ने कैरेबियन प्रीमियर लीग (Caribbean Premier League) 2021 में शुक्रवार सुबह यानी 3 सितंबर को अपने डेब्यू मैच में शानदार प्रदर्शन किया।
हालांकि, उनकी शानदार पारी के बावजूद सेंट कीट्स एंड नेविस पैट्रियाट्स (St Kitts and Nevis Patriots) के खिलाफ बारबाडोस रॉयल्स (Barbados Royals) मैच जीतने में असफल रही। सेंट कीट्स एंड नेविस पैट्रियाट्स के कप्तान ड्वेन ब्रावो ने 26 रन देकर 4 विकेट झटके।
स्मित पटेल भारत के उन प्रतिभाशाली क्रिकेटर्स में से एक हैं, जिन्होंने अपनी महत्वाकांक्षाओं को पूरा करने के लिए संयुक्त राज्य अमेरिका (यूएस) की राह पकड़ ली। स्मित पटेल 2012 आईसीसी अंडर-19 विश्व कप भारतीय टीम का हिस्सा थे।
अपने युवा दिनों में वह टीम के सबसे स्टाइलिश और प्रतिभाशाली क्रिकेटर्स में से एक थे। गुजरात के इस स्टाइलिश बल्लेबाज ने अंडर-19 विश्व कप में फाइनल में भारत की जीत में अहम भूमिका निभाई थी। हालांकि, भारतीय क्रिकेट में भारी प्रतिस्पर्धा और घरेलू क्षेत्र में अपने मामूली प्रदर्शन के बाद, स्मित पटेल अमेरिका चले गए। वह कैरेबियन प्रीमियर लीग (सीपीएल) में बारबाडोस ट्राइडेंट्स का हिस्सा हैं।
सेंट कीट्स के बस्सेटर स्थित वार्नर पार्क में खेले गए इस मैच में सेंट कीट्स एंड नेविस पैट्रियाट्स ने टॉस जीता और गेंदबाजी का फैसला किया। पहले बल्लेबाजी करने उतरी बारबाडोस रॉयल्स ने जॉनसन चार्ल्स और स्मित पटेल की पारियों के दम पर 20 ओवर में 8 विकेट पर 160 रन बनाए। जॉनसन चार्ल्स ने 2 चौके और 2 छक्के की मदद से 26 गेंद में 30 रन बनाए। स्मित पटेल ने 3 चौके और 2 छक्के की मदद से 48 गेंद में 54 रन बनाए।
लक्ष्य का पीछा करने उतरी सेंट कीट्स एंड नेविस पैट्रियाट्स ने आखिरी गेंद पर छक्का लगाकर मैच जीता। उसने 20 ओवर में 8 विकेट पर 163 रन बनाए। सेंट कीट्स एंड नेविस पैट्रियाट्स की सीपीएल 2021 में यह लगातार पांचवीं जीत है। वह पॉइंट टेबल में टॉप पर है। लगातार पांचवीं जीत से कप्तान ड्वेन ब्रावो इतने खुश हुए कि वह मैदान पर ही डांस करने लगे। उनका यह वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल है।
ऑलराउंडर ब्रावो इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) में महेंद्र सिंह धोनी की अगुआई वाली चेन्नई सुपरकिंग्स का हिस्सा हैं। वह टी20 में 500 विकेट लेने वाले दुनिया के पहले गेंदबाज हैं। वहीं बारबाडोस रॉयल्स की 5 मैच में यह चौथी हार है। वह पॉइंट टेबल में सबसे आखिरी स्थान पर है।
सेंट कीट्स एंड नेविस पैट्रियाट्स ने हालांकि इस मैच में 5 से 11 ओवरों (42 बॉल) के बीच 19 डॉट गेंदें खेलीं। सेंट कीट्स एंड नेविस पैट्रियाट्स का 19 ओवर में स्कोर 7 विकेट पर 151 रन था। उसे आखिरी 6 गेंद में 10 रन बनाने थे। जेसन होल्डर ने आखिरी ओवर की जिम्मेदारी एश्ले नर्स को दी।
नर्स के सामने शेल्डन कॉटरेल थे। वह पहली गेंद पर कोई रन नहीं बना पाए। दूसरी गेंद में उन्होंने एक रन लेकर स्ट्राइक डोमिनिक ड्रेक्स (Dominic Drakes) को दी। ड्रेक्स ने तीसरी गेंद पर चौका लगाया, लेकिन अगली ही गेंद पर वह आउट हो गए। अब सेंट कीट्स एंड नेविस पैट्रियाट्स को आखिरी 2 गेंद में जीत के लिए 5 रन बनाने थे।
मुकाबला रोमांचक हो चला था। मैच किसी के भी पाले में जा सकता था। एश्ले नर्स की पांचवीं गेंद पर नसीम शाह एक रन ही ले पाए। अब आखिरी गेंद में सेंट कीट्स एंड नेविस पैट्रियाट्स को 4 रन चाहिए थे। सामने शेल्डन कॉटरेल थे और उन्होंने अपने कप्तानी उम्मीदों पर खरा उतरते हुए छक्का जड़ दिया।
इसके साथ ही सेंट कीट्स एंड नेविस पैट्रियाट्स 2 विकेट से मैच जीत गई। शेल्टन कॉटरेल प्लेयर ऑफ द मैच चुने गए। वह 7 गेंद में 20 रन बनाकर नाबाद रहे। उन्होंने 3 ओवर में 17 रन देकर एक विकेट भी लिया था। सेंट कीट्स एंड नेविस पैट्रियाट्स के क्रिस गेल ने भी गेंदबाजों की कुटाई की। उन्होंने 3 चौके और 2 छक्के की मदद से 39 गेंद में 42 रन बनाए। गेल भी पंजाब किंग्स का हिस्सा हैं।
